विज्ञापन

आंधी से बचने के लिए टिन शेड का लिया सहारा, दीवार गिरने से दो महिला समेत तीन की मौत

मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में आंधी‑तूफान के बीच बड़ा हादसा हो गया, जब टिन शेड की दीवार गिरने से दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई. बारिश और तेज हवाओं से बचने के लिए शेड के नीचे बैठे लोग अचानक मलबे में दब गए.

आंधी से बचने के लिए टिन शेड का लिया सहारा, दीवार गिरने से दो महिला समेत तीन की मौत
टिन शेड के नीचे दबने से 3 लोगों की मौत.

मध्य प्रदेश के श्योपुर में आंधी‑तूफान से बचने की कोशिश एक परिवार के लिए जानलेवा साबित हो गई. खेत पर बने टिन शेड के नीचे शरण लेना उन्हें भारी पड़ गया, जब तेज हवाओं के बीच दीवार अचानक गिर गई. इस दर्दनाक हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.  

अचानक बदले मौसम ने मचाई तबाही

श्योपुर जिले में शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली. तेज आंधी और बारिश के साथ तूफान ने शहर से लेकर गांव तक कई जगह नुकसान पहुंचाया. कराहाल थाना क्षेत्र के सुसवाड़ा गांव में यह कहर सबसे ज्यादा देखने को मिला, जहां एक परिवार इसकी चपेट में आ गया.

फसल की रखवाली कर रहा था परिवार

बताया जा रहा है कि सुसवाड़ा गांव में एक मजदूर परिवार खेत पर मूंग की फसल की देखभाल कर रहा था. इसी दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई. बारिश और तेज हवाओं से बचने के लिए परिवार के चार लोग पास ही बने टिन शेड के नीचे आकर खड़े हो गए.

टिन शेड की दीवार बनी मौत का कारण

तेज आंधी और तूफान के बीच अचानक टिन शेड की दीवार भरभराकर गिर गई. दीवार इतनी तेजी से गिरी कि चारों लोग संभलने का मौका भी नहीं मिला और मलबे के नीचे दब गए. हादसा इतना भीषण था कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

इस हादसे में एक पुरुष और दो महिलाओं की जान चली गई. बताया जा रहा है कि मृतक आपस में सास‑ससुर और बहू थे. वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे ग्रामीण तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है.

बचाव में जुटे ग्रामीण, लेकिन नहीं बच सकी जान

हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश की. हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और तीन लोगों की जान जा चुकी थी. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
MP Storm And Rain Alert, MP News, Madhya Pradesh Breaking, Sheopur
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com