विज्ञापन

इंदौर में 8 लोगों की मौत की ये वजह, पहले ई-कार चार्जिंग में शॉर्ट सर्किट, फिर घर में रखे कई सिलेंडर फटे

Indore Fire: इंदौर के ग्रेटर ब्रजेश्वरी एनएक्स इलाके में हुए भीषण हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई. घटना के बाद जब SDERF और फायर ब्रिगेड घर के अंदर पहुंची, तो वहां का मंजर बेहद भयावह था. जांच के दौरान घर के अलग-अलग कमरों में करीब 10 कमर्शियल गैस सिलेंडर मिले.

इंदौर में 8 लोगों की मौत की ये वजह, पहले ई-कार चार्जिंग में शॉर्ट सर्किट, फिर घर में रखे कई सिलेंडर फटे

इंदौर में बुधवार तड़के भीषण आग हादसे के दौरान जलकर खाक हुए तीन मंजिला मकान में रसोई गैस से करीब 10 सिलेंडर रखे होने के सुराग मिले हैं. इनमें से कुछ सिलेंडर में हुए धमाकों ने लपटों की विकरालता दिया. यह जानकारी अधिकारियों ने दी. उन्होंने बताया कि घर के बाहर एक इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) को चार्ज किए जाने के दौरान हुए धमाके के बाद लगी आग में एक ही परिवार के दो बच्चों और तीन महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई. इस हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर शोक जताया है.

घर में रखे थे 10 सिलेंडर

अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा' को बताया कि ब्रजेश्वरी एनेक्स कॉलोनी में कारोबारी मनोज पुगलिया के घर में बुधवार तड़के चार बजे के आस-पास आग लगी. उन्होंने बताया, 'जब हम घटनास्थल पर पहुंचे, तो पुगलिया के घर के बाहर खड़ी बिजली से चलने वाली कार जल रही थी और उनके घर में भी भीषण लपटें फैली थीं. जैसे ही हमने पानी की बौछार शुरू की, अचानक जोरदार धमाका हुआ. हम संभल पाते, इससे पहले ही एक और जोरदार धमाके ने हमें चौंका दिया. अधिकारी ने बताया कि आग पर काबू पाए जाने के दौरान पुगलिया के घर से रसोई गैस के पांच सिलेंडरों को सुरक्षित तौर पर बाहर निकाला गया और धमाकों से लगता है कि इस इमारत में कुल 10-11 सिलेंडर रखे थे.

पहले कार के 'चार्जिंग प्वाइंट में हुआ धमाका

पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुगलिया के तीन मंजिला मकान के बाहर एक कार बिजली से चार्ज की जा रही थी. उन्होंने कहा, 'चार्जिंग प्वाइंट में धमाका हुआ और इसके बाद कार में लगी आग ने घर को अपनी जद में ले लिया. यह फॉरेंसिक जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि धमाका किस वजह से हुआ.'

गैस के सिलेंडर के धमाके से आग ने लिया विकराल रूप

सिंह ने बताया कि घर के दरवाजों पर इलेक्ट्रॉनिक ताले लगे थे और इलाके की बिजली काटे जाने के बाद पुलिस को दरवाजे तोड़कर अंदर जाने में मुश्किल हुई, तब तक घर में गहरा धुआं भर चुका था. पुलिस आयुक्त ने बताया कि घर में रखे रसोई गैस के सिलेंडरों में भी धमाके हुए, जिससे आग ने और विकराल रूप धारण कर लिया.

PM मोदी और CM मोहन यादव ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर शोक जताया है. प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स' पर कहा, 'मध्य प्रदेश के इंदौर में हुए आग हादसे में लोगों के हताहत होने से मैं अत्यंत व्यथित हूं. मृतकों के परिजन के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.'

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि इंदौर में इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग से हुई दुर्घटना से नई चुनौती सामने आई है.  इसकी गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों को व्यवस्थित जांच के निर्देश दिए हैं. ऐसी घटनाओं को रोकने व जागरूकता की दिशा में हम कार्य करेंगे. डिजिटल लॉक जैसी सुविधाओं का उपयोग हमारी आवश्यकता है, लेकिन इसके साथ सतर्कता और सावधानी भी जरूरी है.

मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) के जरिए हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को दो-दो लाख रुपये और हर घायल को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की. प्रदेश सरकार ने विशेषज्ञों की समिति से इस घटना की विस्तृत जांच कराए जाने और ईवी चार्ज करने के संबंध में मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार कराए जाने की घोषणा की है.

अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान तन्मय (6), राशि सेठिया (12), सिमरन (30), टीनू (35), सुमन सेठिया (60), विजय सेठिया (65), छोटू सेठिया (22) और मनोज पुगलिया (65) के रूप में हुई है. उन्होंने बताया कि हादसे के वक्त घर में पुगलिया के करीबी रिश्तेदार भी थे और तीन लोगों को इमारत की जाली तोड़कर बाहर निकाला गया.

ये भी पढ़ें: Success Story: 4 बार कैंसर के हुए शिकार फिर भी नहीं टूटा हौसला, छत्तीसगढ़ के Sanjay Dahariya ने UPSC क्रैक कर रच दिया इतिहास

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com