विज्ञापन

48 डिग्री का प्रहार, देश में सबसे ज्यादा तापमान कहां, दिल्ली-यूपी, बिहार में इस हफ्ते राहत या आफत?

Weather Heat Wave Alert: भीषण गर्मी से उत्तर भारत तप रहा है, बांदा में पारा 48°C पार कर गया है. मौसम विभाग ने दिल्ली, यूपी और बिहार में अगले कुछ दिनों तक लू से राहत न मिलने की चेतावनी दी है.

48 डिग्री का प्रहार, देश में सबसे ज्यादा तापमान कहां, दिल्ली-यूपी, बिहार में इस हफ्ते राहत या आफत?
Weather Alert: दिल्ली, यूपी समेत कई राज्यों में लू का अलर्ट
  • देशभर में इस समय तेज गर्मी और लू का प्रकोप जारी है, जिससे तापमान कई स्थानों पर 45 डिग्री से ऊपर पहुंचा
  • यूपी के बांदा में इस बार का सबसे अधिक तापमान 48.2 डिग्री दर्ज किया गया है जो पिछले साल के रिकॉर्ड के करीब
  • दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में भीषण लू के कारण ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां तापमान लगातार 45 डिग्री से ऊपर है

दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर के कई राज्यों में इन दिनों आसमान से आग बरस रही है. कई इलाके लू की चपेट में है, जहां तापमान 45 डिग्री को पार कर रहा है. दिन में तेज धूप की वजह से घर से बाहर निकलना मुश्किल है. वहीं रातें भी गर्म दर्ज की जा रही हैं. यानी दिन हो या रात लोग भीषण गर्मी को झेल रहे हैं. मौसम विभाग भी लगातार गर्मी और लू का अलर्ट जारी कर रहा है. देश में सबसे ज्यादा पारा यूपी के बांदा में दर्ज किया गया है. बांदा में तापमान 48.2 डिग्री तक पहुंच गया है. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, यूपी और बिहार समेत पूरे उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में भीषण लू का प्रकोप जारी है. इस हफ्ते मौसम में कुछ राहत मिलेगी या नहीं? आइए बताते हैं.

यूपी का बांदा सबसे गर्म

मौसम विभाग के अनुसार कल यानी मंगलवार का दिन इस साल का सबसे गर्म दिन रहा. मंगलवार को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के 22 शहरों में पारा 45°C के पार चला गया. यूपी का बांदा शहर लगातार तीसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर बना रहा, जहां तापमान 48.2°C दर्ज किया गया. इससे पहले 15 मई 2022 को रिकॉर्ड तापमान 49°C था. 

यूपी के 22 जिलों में पारा 40 डिग्री के पार

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है. मंगलवार को राज्य के 75 जिलों में से 22 जिलों में तापमान 40°C दर्ज किया गया. बांदा में जहां पारा 48 डिग्री के पार पहुंचा, वहीं अन्य जिलों में भी हालात कुछ ऐसे ही रहे. औरैया, इटावा और प्रयागराज जिले भी देश के सबसे गर्म इलाकों में शामिल रहे. मौसम विभाग के अनुसार यह पूरा हफ्ता ही आफत भरा रहेगा. यूपी में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है. ऐसे में गर्मी परेशान करती रहेगी.

Latest and Breaking News on NDTV

दिल्ली-एनसीआर में गर्म का ऑरेंज अलर्ट

राजधानी दिल्ली में लू का दौर जारी है, पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर में भीषण लू की स्थिति के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. IMD ने 25 मई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि रात के तापमान में भी गिरावट नहीं होने से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है. तेज धूप, गर्म हवाओं और उमस भरे मौसम ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. आईएमडी के अनुसार अगले कई दिनों तक एनसीआर में हीट वेव की स्थिति बनी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि दोपहर के समय तेज गर्म हवाएं चलेंगी और शाम तक गर्मी का असर बना रहेगा.

राजस्थान के 18 जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी

पिछले 24 घंटों में राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर जारी रहा, जिसमें चित्तौड़गढ़ में राज्य का सबसे अधिक तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने बुधवार के लिए दो जिलों में भीषण लू की स्थिति को देखते हुए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है, जबकि 16 जिले 'येलो अलर्ट' के दायरे में हैं. राजस्थान के कई जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, क्योंकि सुबह से लेकर देर शाम तक राज्य के पश्चिमी और पूर्वी, दोनों हिस्सों में भीषण लू का प्रकोप बना रहा. मौसम विभाग के अनुसार, सिरोही को छोड़कर राजस्थान के लगभग सभी जिलों में दिन का तापमान 40 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. इस जारी लू से उत्तर-पश्चिमी राजस्थान सबसे ज्यादा प्रभावित रहा. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले तीन से चार दिनों तक पूर्वोत्तर और पश्चिमी राजस्थान में इसी तरह की लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है. बुधवार के लिए, दो जिलों में भीषण लू की स्थिति को देखते हुए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है, जबकि 16 जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है.

Latest and Breaking News on NDTV

उत्तराखंड में अगले 4 दिन हीट वेव का अलर्ट

उत्तराखंड में अगले 4 दिन प्रचंड गर्मी का प्रकोप लोगों को सहना पड़ सकता है उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले चार दिनों के लिए उत्तराखंड में एक डिग्री से 3 डिग्री तापमान में वृद्धि की संभावना जताई है. उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने 18 मई से 22 मई  राज्य में कई जिलों में तापमान 35 डिग्री से 40 डिग्री के बीच रहने की संभावना जताई है उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक उत्तराखंड के मैदानी जिला विशेष कर हरिद्वार और उधम सिंह नगर में 20 मई से 22 मई तक इन दो जिलों में तापमान 40 डिग्री से अधिक रहने का पूर्वानुमान जारी किया है.

ये भी पढ़ें-देश में 1 हफ्ते तक प्रचंड गर्मी, 46 डिग्री की झुलसाने वाली लू, यूपी-दिल्ली से राजस्थान तक आसमान से बरसेंगे अंगारे

बिहार में करवट लेगा मौसम

बिहार में भी झुलसाने वाली गर्मी से लोग परेशान हैं. राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है. इस बीच मौसम विभाग ने आज कैमूर, बक्सर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल और भोजपुर को छोड़कर पूरे बिहार में बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है. वहीं पटना, सारण, मुंगेर और भागलपुर प्रमंडल के जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा तिरहुत, दरभंगा, कोसी, और पूर्णिया प्रमंडल के जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

यह भी पढ़ें: 48 डिग्री टेंपरेचर से जल उठा बांदा, दिल्ली में भी पारा 46 के पार, रिकॉर्डतोड़ गर्मी से झुलस रहा उत्तर भारत

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Weather Update, Weather Alert, UP Weather Alert, Delhi Weather News, Heat Wave
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com