विज्ञापन

शादी से किया इंकार; करवा चौथ का सामान लेकर युवती के घर पहुंचा युवक, ग्वालियर में स्नैपचैट की दोस्ती बनी मुसीबत

ग्वालियर में एक युवती ने गुजरात निवासी युवक साहिल पटेल पर शादी का दबाव बनाने, पीछा करने और धमकी देने का आरोप लगाया है. युवती के अनुसार आरोपी करवा चौथ का सामान लेकर उसके घर पहुंच गया था. पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है.

शादी से किया इंकार; करवा चौथ का सामान लेकर युवती के घर पहुंचा युवक, ग्वालियर में स्नैपचैट की दोस्ती बनी मुसीबत
शादी से इनकार किया तो करवा चौथ का सामान लेकर युवती के घर पहुंच गया युवक
NDTV
  • शादी से मना करने पर करवा चौथ का सामान लेकर युवती के घर पहुंचा युवक, गिरफ्तार
  • गुजरात से ग्वालियर पहुंचा युवक, शादी के लिए बना रहा था दबाव
  • शादी नहीं की तो फोटो वायरल करने की धमकी, FIR दर्ज
ग्वालियर:

सोशल मीडिया पर हुई पहचान एक युवती के लिए परेशानी का कारण बन गई. ग्वालियर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने गुजरात निवासी युवक पर शादी के लिए दबाव बनाने, लगातार पीछा करने, छेड़छाड़ करने और धमकी देने के आरोप लगाए हैं. पीड़िता का कहना है कि स्नैपचैट के जरिए हुई पहचान के बाद युवक उस पर शादी का दबाव बनाने लगा. युवती द्वारा इनकार करने के बावजूद वह उसका पीछा करता रहा और करवा चौथ का सामान लेकर उसके घर तक पहुंच गया, जिससे परिवार में हड़कंप मच गया.

स्नैपचैट पर हुई थी जान-पहचान

NDTV को प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब सात महीने पहले उसकी पहचान स्नैपचैट के माध्यम से अहमदाबाद, गुजरात निवासी साहिल पटेल से हुई थी. शुरुआत में दोनों के बीच चैट और फोन पर बातचीत होती रही. शिकायत के अनुसार कुछ समय बाद युवक ने युवती पर दोस्तों से बात नहीं करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया. इसके बाद उसने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, लेकिन युवती ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया और बातचीत बंद कर दी.

शादी से इनकार के बाद बढ़ी परेशानी

युवती का आरोप है कि शादी से मना करने के बाद भी साहिल पटेल लगातार फोन कॉल और मैसेज के जरिए उसे परेशान करता रहा. शिकायत के मुताबिक 14 जून 2026 को आरोपी युवती के घर के सामने पहुंच गया और वहां हंगामा करने लगा. आरोप है कि उसने युवती का हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की. जब युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने अपनी नस काटने तथा परिवार को जान से मारने की धमकी दी. बाद में विवाद बढ़ने पर वह माफी मांगकर वहां से चला गया.

तस्वीरें वायरल करने की भी दी धमकी

पीड़िता ने आरोप लगाया कि 30 अगस्त की रात भी आरोपी उसके घर पहुंच गया. इस दौरान उसने शादी नहीं करने की स्थिति में युवती की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी. युवती का कहना है कि आरोपी लगातार उसके घर के आसपास आता था और कई गिफ्ट भेजकर दबाव बनाने की कोशिश करता था. इसी क्रम में वह करवा चौथ का सामान लेकर भी उसके घर पहुंच गया, जिससे परिवार के लोग परेशान हो गए. पीड़िता ने बताया कि आरोपी की हरकतों के कारण उसका घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया था.

थाने पहुंची पीड़िता, पुलिस ने दर्ज किया मामला

एडिशनल एसपी जयराज कुबेर के अनुसार युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपी साहिल पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है और प्रकरण की जांच जारी है. उन्होंने कहा कि परेशान होने के बाद युवती ने गोला का मंदिर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है.

मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी साहिल पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75(2), 78(2) और 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया. पुलिस अब आरोपी और पीड़िता के बीच हुए सम्पर्क, धमकियों तथा लगाए गए आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें : शादी से किया इनकार तो गर्लफ्रेंड को खाई में धकेला, सनकी ने फिर रची गुमशुदगी की कहानी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gwalior News, Karwa Chauth, Snapchat Friendship Crime Gwalior, Marriage Proposal, Stalking Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com