महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में एक प्रेम प्रसंग का अंत बेहद दर्दनाक तरीके से हुआ. पुलिस ने 23 वर्षीय तरन्नुम की हत्या के आरोप में उसके प्रेमी श्रीपद वडार को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया कि शादी से इनकार करने पर आरोपी ने कथित तौर पर युवती को गहरी खाई में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक गारगोटी क्षेत्र के रहने वाले श्रीपद वडार और तरन्नुम के बीच पिछले चार से पांच साल से प्रेम संबंध थे. दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे, लेकिन करीब चार महीने पहले तरन्नुम की शादी कहीं और तय हो गई थी. इसके बाद उसने आरोपी से दूरी बनानी शुरू कर दी थी.
आखिरी मुलाकात बनी मौत की वजह
9 अक्टूबर की दोपहर श्रीपद वडार तरन्नुम को भुदरगढ़ तालुका के पाटगांव के पास स्थित एक पर्यटन स्थल पर लेकर गया. पुलिस के अनुसार वहां आरोपी ने एक बार फिर उससे शादी करने की बात कही. जब तरन्नुम ने इससे इनकार कर दिया तो दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. आरोप है कि गुस्से में आकर श्रीपद ने तरन्नुम को पास की गहरी खाई में धक्का दे दिया. खाई में गिरने से उसकी मौत हो गई.
घर पहुंचकर सुनाई लापता होने की कहानी
वारदात के बाद आरोपी सीधे घर लौट आया. उसने अपने परिवार और अन्य लोगों को बताया कि तरन्नुम अचानक लापता हो गई है. आरोपी ने दावा किया कि वह मोटरसाइकिल खड़ी करके उसके लिए पानी लेने गया था और लौटने पर युवती वहां नहीं मिली. शुरुआत में मामला गुमशुदगी का लग रहा था, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के बयान में कई विरोधाभास नजर आए. इसके बाद पुलिस ने उससे लगातार पूछताछ की.
पूछताछ में टूटा आरोपी
पुलिस का कहना है कि सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली. उसके बताए स्थान पर तलाश अभियान चलाया गया. इसके लिए अंबोली की सह्याद्री रेस्क्यू टीम की भी मदद ली गई.
तलाशी अभियान के दौरान नाइकवाड़ी झरने के पास खाई से तरन्नुम का शव बरामद कर लिया गया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. अब पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं