विज्ञापन

एक घर में मिली तीन सड़ी-गली लाशें! पड़ोसियों को दुर्गंध आने पर पुलिस को दी सूचना 

मध्य प्रदेश के गुना जिले के म्याना क्षेत्र में एक घर से दो दिनों में तीन सड़ी-गली लाशें मिलने से सनसनी फैल गई है. दुर्गंध के बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए. मृतकों की पहचान में पुलिस जुटी है और मामले को तिहरे हत्याकांड के शक से देखा जा रहा है.

एक घर में मिली तीन सड़ी-गली लाशें! पड़ोसियों को दुर्गंध आने पर पुलिस को दी सूचना 

मध्य प्रदेश के गुना जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है.  म्याना थाना क्षेत्र में एक बंद पड़े मकान में तीन सड़ी-गली लाशें मिली हैं. तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने जांच कि तो एक ही घर से दो दिनों के भीतर तीन सड़ी-गली लाशें बरामद हुईं.  इस सनसनीखेज मामले ने इलाके में दहशत फैला दी है. 

दुर्गंध आने पर खुला मामला

घटना की शुरुआत रविवार सुबह हुई, जब म्याना के हनुमान मंदिर के पास स्थित एक मकान से लोगों को तेज बदबू आने लगी.  आसपास के लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी.  घर के बाहर ताला लगा था, जिसे तोड़कर जब पुलिस अंदर पहुंची तो माहौल देखकर सब सन्न रह गए. 

पहले दिन मिला बुजुर्ग का शव

घर के अंदर एक कमरे में 60 वर्षीय ओमप्रकाश शर्मा की सड़ी-गली लाश मिली.  शव की हालत बेहद खराब थी और अनुमान लगाया गया कि उनकी मौत तीन से चार दिन पहले हो चुकी है.  पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.  बताया जा रहा है कि ओमप्रकाश अकेले रहते थे, उनकी पत्नी का निधन पांच साल पहले हो चुका था और बेटा भोपाल में रहता है. 

दूसरे दिन दो और लाशें मिलीं

अगले ही दिन जब पुलिस टीम मामले की जांच को आगे बढ़ाने के लिए फिर मौके पर पहुंची, तो पास के एक और बंद कमरे से और तेज दुर्गंध आ रही थी.  दरवाजा खोलने पर वहां एक महिला और एक पुरुष का शव मिला, जो बुरी तरह सड़ चुके थे.  महिला की पहचान गिंदाबाई जाटव के रूप में हुई, लेकिन पुरुष की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है. 

अवैध संबंधों की बात आई सामने

पुलिस जांच में एक अहम पहलू यह भी सामने आया है कि ओमप्रकाश शर्मा और गिंदाबाई के बीच कथित तौर पर अवैध संबंध थे.  जानकारी के मुताबिक, हाल ही में ओमप्रकाश ने गिंदाबाई के नाम एक प्लॉट की रजिस्ट्री भी कराई थी.  दोनों के बारे में यह भी कहा जा रहा है कि वे शराब के आदी थे. एक ही मकान से तीन लाशें मिलने और घर के बाहर ताला लगे होने से मामला और ज्यादा गंभीर हो गया है.  पुलिस इस पूरे मामले को तिहरे हत्याकांड के शक की नजर से देख रही है.   

जांच में जुटी कई टीमें

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हितिका वासल खुद मौके पर पहुंचीं.  फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी जांच में लगाया गया है.  तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, ताकि मौत के सही कारण और समय का पता लगाया जा सके. 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

प्रारंभिक जांच में किसी स्पष्ट चोट के निशान सामने नहीं आए हैं, लेकिन शवों की हालत बहुत खराब होने की वजह से डॉक्टर अभी मौत की असली वजह नहीं बता पाए हैं.  पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का सच सामने आ पाएगा.  फिलहाल यह रहस्य बना हुआ है कि तीनों की मौत कैसे हुई और इसके पीछे असल कहानी क्या है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Triple Murder Case, Madhya Pradesh Crime News, Guna Aaj Ki Khabar, Dead Bodies Found In House, Breaking News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com