- उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा की आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी में युवती ने 16वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या की।
- मृतका की पहचान 19 वर्षीय तनिष्का तोमर के रूप में हुई, जो अपनी बहन के साथ रहती थी।
- पुलिस ने प्राथमिक जांच में युवती और उसकी बहन के बीच विवाद की जानकारी प्राप्त की है।
Greater Noida News: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा की आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी में एक युवती ने 16वीं मंजिल से छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली. कथित रूप से बहन के साथ हुए किसी विवाद के बाद उसने यह खौफनाक कदम उठाया है. हालांकि, युवती की आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता उत्तर प्रदेश पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा.
ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र का मामला
युवती की आत्महत्या का यह चौंकाने वाला मामला ग्रेटर नोएडा के बिसरख पुलिस थाना क्षेत्र का है. युवती के हाईराइज बिल्डिंग से कूदकर जान देने की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल, परिजनों की तरफ से पुलिस थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है.

greater noida amrapali golf homes society girl suicide
बहन के साथ रहती थी तनिष्का तोमर
जानकारी के अनुसार, बिसरख पुलिस थाना को सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्रेटर नोएडा की आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी में एक युवती की 16वीं मंजिल से गिर जाने के कारण मृत्यु हो गई है. मृतका की पहचान आरेन्द्र सिंह तोमर की 19 वर्षीय पुत्री तनिष्का तोमर के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि तनिष्का तोमर ग्रेटर नोएडा की आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी में अपनी बहन के साथ रहा करती थी. वह करीब तीन महीने पहले ही यहाँ आई थी और 12वीं पास करने के बाद यहाँ के किसी कॉलेज में एडमिशन के लिए प्रयास कर रही थी.
शुरुआती जांच में सामने आई विवाद की बात
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि तनिष्का तोमर का अपनी बहन से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. उसकी बहन नोएडा में ही जॉब करती है और उसकी ड्यूटी नाइट शिफ्ट में रहती है. रविवार को जब वह दिन में सो रही थी, उसी दौरान तनिष्का ने फ्लैट की बालकनी से छलांग लगा दी. पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है.
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों बहनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है. बहन रात को ऑफिस से आई. सुबह करीब दस बजे आस-पास के लोगों ने उसे नींद से जगाया. तब उसे बहन के नीचे कूदकर जान देने का पता चला. पूरे मामले की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा की ATS सोसाइटी में सेफ्टी बेल्ट टूटने से दो मजदूरों की मौत, कर रहे थे शटरिंग का काम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं