12 ज्योतिर्लिंगों में से एक प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर में अब खंडवा कलेक्टर ने VIP दर्शन के लिए एक नवाचार शुरू किया है. अगर आप को जल्दी और ज्यादा सुलभ दर्शन करना है तो आप को रक्तदान करना पड़ेगा. रक्तदान करने पर आप को ओम्कारेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए VIP पास जारी किया जाएगा. खंडवा कलेक्टर की इस पहल को अब अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. अब इस नवाचार को अन्य बड़े मंदिर अपने यहां भी अपनाने की योजना बना रहे है. देखिए हमारी ये खास रिपोर्ट...
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में स्थित प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर में अब VIP दर्शन के लिए एक नई स्कीम शुरू की गई है. यह स्कीम अपने आप में एक अनूठी स्कीम है, जिसमें भक्ति का भाव भी है और जीवन बचाने की एक पहल भी. यह स्कीम खंडवा कलेक्टर ऋषभ गुप्ता का एक नवाचार है, जिसमें उन्होंने ओंकारेश्वर आने वाले श्रद्धालुओं को शीघ्र और सुलभ दर्शन करने के लिए बनाया है.
लंबी कतारों से बच सकते हैं
इस स्कीम में आपको ओंकारेश्वर मंदिर के पास बने रक्तदान शिविर में रक्तदान करना पड़ेगा तो आपके यहां से मंदिर में दर्शन करने के लिए VIP टिकट मिल जाएगा, जिसके जरिए आप मंदिर में लंबी कतारों से बच कर VIP दरवाजे से शीघ्र दर्शन कर सकते हैं.
इस नवाचार के पीछे खंडवा कलेक्टर का जो उद्देश्य है. वो बहुत ही पवित्र है, ताकि रक्तदान जैसे महादान से समाज के लोगों को जोड़ना है और जरूरतमंदों तक समय पर रक्त पहुंचाया जा सके.
क्या बोले कलेक्टर
NDTV से बात करते हुए खंडवा कलेक्टर ने बताया कि 50 हजार लोग दर्शन करने पहुंचते हैं. यह संख्या वीकेंड और पर्वों पर एक लाख तक से अधिक तक पहुंच जाती है. ऐसे में दर्शन के लिए लंबी कतारें लग जाती हैं. इन लंबी कतारों से बचने के लिए ओंकारेश्वर मंदिर में शीघ्र दर्शन के लिए पहले से एक व्यवस्था बानी हुई है, जिसमे श्रद्धालु 300 रुपये की रसीद कटा कर जल्दी दर्शन कर सकते हैं.
खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने रोड एक्सीडेंट खून के लिए तड़पते मरीज को देखने के बाद यह विचार किया कि क्यों ना मंदिर दर्शन की व्यवस्था को रक्तदान से जोड़ दें, ताकि एक्सीडेंट और अन्य बीमारियों या गर्भावस्था में पड़ने वाली रक्त की जरूरत को यहां से पूरा किया ज सके. इसी बात को ध्यान में रखते हुए उन्होंने इस नवाचार की शुरुआत की, जिसे अब खूब सराहा जा रहा है.
फरवरी में हुआ था ट्रायल
कलेक्टर ने बताया कि इस योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2026 को ट्रायल के तौर पर ओंकार प्रसादालय से सप्ताह में केवल मंगलवार और शनिवार को की गई थी. इसका पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिलने के बाद इसे रोजाना संचालित किया जाने लगा. वर्तमान में यह व्यवस्था शांति निकेतन वृद्धाश्रम से चल रही है. पिछले पांच महीने में अब तक लगभग 2500 श्रद्धालु रक्तदान कर चुके हैं. यानी हर रोज तकरीबन 20 लोग रक्तदान कर VIP दर्शन का लाभ ले रहे हैं.
एमपी के और भी मंदिरों में लागू होगी ये योजना
इसका लाभ जहां श्रद्धालुओं को मिल रहा है, वहीं रक्तदान का लाभ उन लोगों को भी मिलने लगा है, जिन्हें किसी न किसी वजह से खून की जरूरत पड़ती है. इस नवाचार को अच्छा रिस्पॉन्स मिलने के बाद अब प्रदेश के बड़े मंदिरों जैसे उज्जैन में महाकाल , ओरछा के प्रसिद्ध श्री राम राजा मंदिर, मैहर में मां शारदा देवी मंदिर, दतिया में पीताम्बरा शक्ति पीठ सहित अन्य मंदिरों में भी लागू करने की योजना बनाई जा रही है.
इतना ही नहीं जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ओम्कारेश्वर आईं थी, तब उन्हें और राज्यपाल मंगू भाई पटेल को भी इस नवाचार की जानकारी दी गई थी. दोनों ने ही इस अच्छे काम की सराहना भी की है.
जिला अस्पताल के CHMO डॉ ओपी जुगतावत ने बताया कि इस नवाचार को शुरू करने के बाद अब इसका लाभ भी देखने को मिल रहा है. अब ओंकारेश्वर में रोज श्रद्धालु पूरे मनोभाव से रक्तदान करते नजर आ रहे हैं, जिससे जिले के ब्लड बैंक में रक्त का भंडार भरने लगा है. ऐसे में अब अन्य जिलों को भी ब्लड बैंक से रक्त पहुंचा जा रहा है, ताकि वहां के जरूरतमंद लोग भी इस से लाभ ले सकें.
ये भी पढ़ें- ओंकारेश्वर झूला पुल बंद: लोडिंग केबल का क्लैस्प ढीला मिला, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सुरक्षा अलर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं