विज्ञापन

24 घंटे में ऐसा क्या हुआ कि धर्मेंद्र प्रधान ने दे दिया इस्तीफा, सरकार को किस बात का था डर

सूत्रों के अनुसार धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के पीछे सीजेपी का 72 घंटे का अल्टीमेटम भी एक बड़ी वजह रही है. बताया जा रहा है कि सीजेपी ने ये साफ कर दिया था कि अगर शिक्षा मंत्री का इस्तीफा नहीं हुआ तो 20 जुलाई की तरह ही आंदोलनकारी संसद की तरफ फिर मार्च करेंगे.

24 घंटे में ऐसा क्या हुआ कि धर्मेंद्र प्रधान ने दे दिया इस्तीफा, सरकार को किस बात का था डर
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सीजेपी का आंदोलन खत्म
NDTV
  • धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा सीजेपी की मांग और सरकार के बीच तीसरे दौर की बातचीत से ठीक पहले आया था
  • सीजेपी ने प्रधान के इस्तीफे का 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया था और आंदोलन को तेज करने की धमकी दी थी
  • सरकार ने एनटीए अधिकारियों की छुट्टियां देकर और पेपर लीक रोकने के लिए कानून कड़ा कर प्रतिक्रिया दी थी
नई दिल्ली:

शुक्रवार तक धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की कोई बात नहीं थी फिर आखिर ऐसा क्या हुआ कि 24 घंटों के भीतर ही धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा. यह इस्तीफा सरकार और सीजेपी के बीच तीसरे दौर की बातचीत से ठीक पहले दिया गया. इस्तीफे के बाद बातचीत हुई और सीजेपी ने अपना आंदोलन समाप्त करने का फैसला किया. सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को सरकार और सीजेपी के नेताओं के बीच हुई दूसरे दौर की बातचीत तल्खी पर खत्म हुई थी. जे पी नड्डा और जितेंद्र सिंह के सामने तन कर बैठे सीजेपी नेताओं की भाव-भंगिमा यह बताने को काफी थी कि उनके तेवर काफी कड़े हैं. सूत्रों के मुताबिक यह बातचीत किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी थी. सीजेपी प्रधान के इस्तीफे की मांग से पीछे हटने को कतई तैयार नहीं थी.

सूत्रों के अनुसार शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने के लिए सीजेपी 72 घंटों का अल्टीमेटम भी दे दिया था. उन्होंने कहा था कि हमारी एक ही मांग है- प्रधान का इस्तीफा हो. सूत्रों के अनुसार सीजेपी की ओर से सरकार को कह दिया गया था कि अगर 72 घंटों में इस्तीफा नहीं होता है तो आंदोलनकारी 20 जुलाई की ही तरह फिर से संसद की ओर मार्च किया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा था कि वे बाहर जाकर इसकी घोषणा कर देंगे. इस पर दोनों मंत्रियों ने कहा कि हम आपको बात करके बताते हैं.

 

इसके बाद नड्डा और जितेंद्र सिंह ने इसकी जानकारी अमित शाह को दी. इसी बीच शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी एनटीए के 47 अधिकारियों की छुट्टी कर दी ताकि आंदोलनकारियों को संदेश दिया जा सके. एनटीए के पुनर्गठन के लिए नई भर्तियों की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गईं. उधर, कैबिनेट ने पेपर लीक रोकने के लिए कानून को और कड़ा करने के लिए संशोधन बिल को भी मंजूरी दे दी. इसके बावजूद सीजेपी प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ी रही. आज सीजेपी से दोपहर की मुलाकात से पहले नड्डा और जितेंद्र सिंह ने एक बार फिर शाह से मुलाकात की.

धर्मेंद्र प्रधान ने पीएम मोदी को भेजा इस्तीफा

इसी बीच प्रधान ने अपना इस्तीफा प्रधानमंत्री को भेज दिया. प्रधान के इस्तीफे की खबर फैलने के बाद ही नड्डा और जितेंद्र सिंह सीजेपी नेताओं से मिले. साझा प्रेस कांफ्रेंस में सीजेपी ने अपना आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की और आंदोलनकारियों से घर वापस जाने को कहा. दोनों मंत्रियों ने यह भी दोहराया कि आंदोलनकारियों पर एफआईआर नहीं होगी और NEET पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारवालों को सरकारी नियमों के तहत अधिकतम मुआवजा दिया जाएगा. सूत्रों के अनुसार सरकार इस बात से चिंतित थी कि यह आंदोलन देश के कई हिस्सों में फैलता जा रहा है. सरकार इसे अन्य आंदोलनों से अलग मान कर चल रही थी. सूत्रों के अनुसार सरकार को लगता था कि यह आंदोलन सीएए या कृषि कानूनों के खिलाफ हुए आंदोलनों से अलग हट कर था क्योंकि इससे देश के युवा जुड़ रहे थे.

परीक्षा व्यवस्था में कई अहम सुधारों की बात

सरकार उनकी नाराजगी का जोखिम मोल नहीं लेना चाहती थी. पड़ोसी देशों में छात्रों के उग्र प्रदर्शनों की तस्वीरें अभी तक जहन में ताजा हैं. वैसे सरकार ने आंदोलन को समाप्त करने के लिए भरपूर कोशिश की. परीक्षा व्यवस्था में कई महत्वपूर्ण सुधारों के साथ ही शिक्षा सचिव का तबादला और फास्ट ट्रैक कोर्ट आदि के गठन का ऐलान भी किया. सोनम वांगचुक को आमरण अनशन समाप्त करने के लिए मनाया. लेकिन विपक्ष और छात्रों के दो मोर्चों पर उसकी लड़ाई धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगी थी. सरकार की प्राथमिकता संसद को सुचारुपूर्ण ढंग से चलाना भी है जिसमें वह परिसीमन को लेकर संविधान संशोधन विधेयक पारित कराना चाहती है. अब प्रधान के इस्तीफे से विपक्ष के पास संसद में बाधा डालने का मुद्दा हाथ से निकल जाएगा.
 

हालांकि कुछ नेता यह अवश्य मानते हैं कि प्रधान के इस्तीफे से सरकार की किरकिरी हुई है क्योंकि पिछले बारह वर्षों में एम जे अकबर को छोड़ कर सरकार ने किसी मंत्री से इस्तीफा नहीं लिया. प्रदर्शन के आधार पर मंत्रियों को मंत्रिपरिषद फेरबदल में हटाया गया लेकिन किसी को इस्तीफा देने को नहीं कहा. अकबर के मामले में उन पर व्यक्तिगत आरोप लगे थे जबकि प्रधान के मामले में ऐसा कतई नहीं था. पेपर लीक में न तो उनकी लिप्तता थी और न ही उनके ऊपर इस मामले में कोई आरोप लगा. इसलिए युवाओं की नाराजगी दूर करने के लिए उन्हें बलि का बकरा बना दिया गया. कुछ नेता यह भी कहते हैं कि उनका इस्तीफा एक गलत मिसाल कायम करेगा क्योंकि इसके बाद विपक्ष के मुंह में खून लग गया है.

अब वह हर किसी मुद्दे पर मंत्री या प्रधानमंत्री का इस्तीफा मांगेगा. वे यह भी कहते हैं कि अगर प्रधान से इस्तीफा लेना ही था तो पेपर लीक के तुरंत बाद ले लिया जाना चाहिए था ताकि आंदोलन और सरकार के खिलाफ छात्रों के असंतोष की नौबत ही नहीं आती. अब सरकार को इस झटके से उबरने के लिए कोई बड़ा मुद्दा आगे करना होगा. सरकार को संसद के वर्तमान मॉनसून सत्र में इसके लिए मौका भी मिल सकता है ताकि वह अपने खोई हुई हनक को दोबारा पा सके.

राजनीतिक विश्लेषक कहते हैं कि प बंगाल की शानदार जीत को श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी और नीट पेपर लीक पर छात्र आंदोलन ने फीका कर दिया है. अगले साल की शुरुआत में होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों से पहले सरकार को अब कोई बड़ी राजनीतिक सफलता हासिल करनी होगी ताकि वह विपक्ष पर बढ़त बना सके. क्या संसद में परिसीमन पर संविधान संशोधन पारित कर अपना दो तिहाई बहुमत साबित करना वह राजनीतिक सफलता हो सकती है? इसके लिए इस सत्र के अंतिम सप्ताह तक प्रतीक्षा करनी होगी.

यह भी पढ़ें: डरो मत! इस सरकार को हटाने का वक्त आ गया है, अभी दो मांगें बाकी हैं: राहुल गांधी

यह भी पढ़ें: पहले ना, फिर हां, क्यों हुआ धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा? जान लीजिए पीछे की पूरी कहानी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dharmendra Pradhan, CJP, Jantar Mantar Protest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com