विज्ञापन

पैकेट वाले मैंगो जूस में निकला सांप जैसा जंतु! पीने के बाद तीन साल की बच्ची हुई बीमार

छत्तीसगढ़ के धमतरी में पैकेट वाले मैंगो जूस (फ्रूटी) से जुड़ा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां जूस के अंदर संदिग्ध जंतु मिलने के बाद तीन साल की बच्ची बीमार हो गई. घटना के बाद खाद्य विभाग ने सैंपल जांच के लिए भेज दिया है.

पैकेट वाले मैंगो जूस में निकला सांप जैसा जंतु! पीने के बाद तीन साल की बच्ची हुई बीमार

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पैकेट वाले मैंगो जूस (फ्रूटी) में सांप जैसे दिखने वाले संदिग्ध जंतु के मिलने से हड़कंप मच गया. इस जूस को पीने के बाद तीन साल की बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद परिजनों में घबराहट फैल गई. फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है.

फ्रूटी पीने के बाद बिगड़ी बच्ची की तबीयत

जानकारी के मुताबिक, धमतरी जिले के मगरलोड क्षेत्र के ग्राम करेली बड़ी में रहने वाले डोमेश साहू की तीन साल की बेटी डीत्या साहू ने रविवार को 10 रुपये वाली फ्रूटी पी. जूस पीते समय उसके पाइप में कुछ असामान्य चीज फंस गई. इसके बाद बच्ची ने घबराहट और पेट में असहजता की शिकायत की. परिजन तुरंत सतर्क हो गए और बिना देर किए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया.  

पैकेट खोलने पर चौंकाने वाला दृश्य

जब बच्ची के माता-पिता को शक हुआ, तो उन्होंने फ्रूटी का पैकेट फाड़कर देखा. अंदर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए. पैकेट के भीतर एक अजीब सा जंतु या फंगस जैसा पदार्थ तैरता हुआ दिखाई दिया, जो देखने में केंचुए या छोटे सांप जैसा लग रहा था. इस दृश्य ने परिवार के साथ-साथ पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया.

खाद्य विभाग ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने संदिग्ध पैक को जब्त कर लिया और सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया है. फिलहाल उस पदार्थ की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है, प्रथम दृष्टया इसे फंगस माना जा रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही होगी.

रायपुर लैब में होगी जांच 

अधिकारियों ने बताया कि मिले हुए संदिग्ध पदार्थ को रायपुर स्थित प्रयोगशाला में विस्तृत परीक्षण के लिए भेजा जाएगा. रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि पैकेट के अंदर मिला पदार्थ क्या था और इसमें किस स्तर पर लापरवाही हुई. फिलहाल पूरा मामला जांच के दायरे में है और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी.

एक्सपायरी डेट सही, लेकिन दुकान का लाइसेंस नहीं

प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि फ्रूटी की एक्सपायरी डेट समाप्त नहीं हुई थी. हालांकि, जिस दुकान से यह जूस खरीदा गया, उसके पास बिक्री का वैध लाइसेंस नहीं पाया गया. इस मामले में विभाग ने दुकानदार के खिलाफ भी कार्रवाई की बात कही है.

फ्रूटी जैसे पैकेट वाले पेय पदार्थ बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी के बीच काफी लोकप्रिय हैं. ऐसे में अगर मैन्युफैक्चरिंग या पैकेजिंग के दौरान इस तरह की लापरवाही सामने आती है, तो यह सीधे तौर पर लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ है. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Frooti, Chhattisga­rh News, Dhamtari News, Mango Juice Factory
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com