विज्ञापन

ग्वालियर: तिघरा डैम में डूबे दो मेडिकल छात्रों के शव बरामद, पिकनिक के दौरान हुआ था हादसा

आयुष श्रीवास्तव और गोपाल अग्रवाल डैम के पानी में उतरे थे. इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे 40-50 फीट गहरे पानी में चले गए. कुछ ही पलों में दोनों नजरों से ओझल हो गए. दोस्तों ने काफी देर तक इंतजार किया, लेकिन जब दोनों वापस नहीं आए तो घबराहट बढ़ गई.

ग्वालियर: तिघरा डैम में डूबे दो मेडिकल छात्रों के शव बरामद, पिकनिक के दौरान हुआ था हादसा

ग्वालियर के तिघरा डैम में पिकनिक मनाने गए मेडिकल छात्रों के साथ हुआ हादसा बेहद दर्दनाक मोड़ पर खत्म हुआ. डैम में डूबे गजराराजा मेडिकल कॉलेज के दो एमबीबीएस छात्रों के शव बरामद कर लिए गए हैं. यह हादसा उस वक्त हुआ, जब दोस्तों का एक ग्रुप घूमने गया था और अचानक दो छात्र गहरे पानी में फिसलकर डूब गए. रेस्क्यू ऑपरेशन घंटों चला, लेकिन दोनों को बचाया नहीं जा सका. कॉलेज परिसर में शोक का माहौल है और छात्रों ने नम आंखों से अपने साथियों को विदाई दी.

पिकनिक बना हादसा

शनिवार शाम गजराराजा मेडिकल कॉलेज के 8 छात्र-छात्राओं का एक ग्रुप तिघरा डैम घूमने गया था. इस ग्रुप में 4 छात्राएं और 4 छात्र शामिल थे. सभी लोग बोट क्लब से करीब 3 किलोमीटर दूर कच्ची पार इलाके में पहुंचे थे. माहौल सामान्य था, लेकिन इसी दौरान अचानक एक बड़ा हादसा हो गया.

पैर फिसलने से गहरे पानी में समाए छात्र

बताया जा रहा है कि आयुष श्रीवास्तव और गोपाल अग्रवाल डैम के पानी में उतरे थे. इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे 40-50 फीट गहरे पानी में चले गए. कुछ ही पलों में दोनों नजरों से ओझल हो गए. दोस्तों ने काफी देर तक इंतजार किया, लेकिन जब दोनों वापस नहीं आए तो घबराहट बढ़ गई.

दोस्तों ने शुरू की तलाश, पुलिस को दी सूचना

दोनों छात्रों के नहीं मिलने पर साथियों ने पहले खुद तलाश की. जब कोई सुराग नहीं मिला तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF की टीम और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंच गए. इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ.

रातभर चला सर्च ऑपरेशन

रेस्क्यू टीम ने रात भर बोट और हाई-पावर लाइट की मदद से डैम में तलाश जारी रखी. इस दौरान गोपाल अग्रवाल का शव देर रात ही बरामद कर लिया गया था. हालांकि, आयुष श्रीवास्तव का कोई पता नहीं चला और उसकी तलाश जारी रही.

19 घंटे बाद मिला दूसरे छात्र का शव

करीब 19 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आयुष श्रीवास्तव का शव भी तिघरा जलाशय से बरामद कर लिया गया. दोनों छात्रों के शव मिलने के बाद इलाके और कॉलेज में शोक की लहर फैल गई.

कॉलेज में गमगीन माहौल, नम आंखों से दी विदाई

गोपाल अग्रवाल के शव का रविवार सुबह पोस्टमॉर्टम किया गया. इसके बाद मेडिकल कॉलेज प्रबंधन और साथियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी. इस दौरान माहौल बेहद भावुक और गमगीन रहा. हर कोई इस हादसे से स्तब्ध नजर आया. एडिशनल एसपी सुमन गुर्जर ने बताया कि दोनों छात्रों के शव बरामद कर लिए गए हैं. पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gwalior Dam, Drowning Accident, Madhya Pradesh Live News, Mp Crime New
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com