विज्ञापन

5 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का मामला; आरोपी निकला 13 साल की बेटी का पिता, पुलिस ने निकाला जुलूस 

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 5 वर्षीय बच्ची से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया. आरोपी बच्ची का पड़ोसी और दो बच्चों का पिता बताया जा रहा है, जिसकी एक बेटी 13 साल की है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जुलूस निकाला और जेल भेज दिया है.

5 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का मामला; आरोपी निकला 13 साल की बेटी का पिता, पुलिस ने निकाला जुलूस 

Durg Minor Girl Rape Case: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत को झकझोर दिया है. उतई थाना क्षेत्र में केजी‑1 में पढ़ने वाली 5 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की शर्मनाक घटना सामने आई है. हैरानी की बात यह है कि आरोपी कोई बाहरी नहीं, बल्कि खुद दो बच्चों का पिता है, जिसमें उसकी एक बेटी 13 साल की है. घटना की क्रूरता सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और पुलिस ने आरोपी का जुलूस निकालते हुए उसे जेल भेज दिया.

स्कूल से लौटने के बाद लापता हुई मासूम

जानकारी के मुताबिक, 5 वर्षीय बच्ची स्कूल से लौटने के बाद घर के पास खड़े एक टैंकर में नहाने गई थी. नहाने के बाद गीले कपड़ों में उसने अपनी मां से चॉकलेट लेने के लिए पैसे मांगे. दादी ने उसे 5 रुपये दिए. बच्ची पास की दुकान पर गई, जहां उसने चॉकलेट और नमकीन खरीदी. इसी दौरान दुकान पर मौजूद 40 वर्षीय आरोपी की नजर बच्ची पर पड़ी. दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की मौजूदगी भी सामने आई है.

बहाने से ले जाकर दरिंदगी

आरोपी ने बच्ची को 10 रुपये देकर उसके लिए नमकीन लाने को कहा. मासूम बच्ची बिना किसी शक के उसके साथ चली गई. इसके बाद आरोपी ने उसे अपने घर के ऊपर बने कमरे में बुलाया. बच्ची के घर देर तक वापस न आने पर परिजनों को चिंता हुई और मोहल्ले के लोगों के साथ मिलकर उसकी तलाश शुरू की गई.

खंडहर में बोरी में मिली बच्ची

करीब ढाई बजे के आसपास दो युवकों ने आरोपी के घर से कुछ दूरी पर एक बोरी देखी, जिसमें से बच्ची का पैर दिखाई दे रहा था. पास जाकर देखा तो बच्ची गंभीर हालत में थी. उसके सिर को तकिए के कवर से ढका गया था. आनन‑फानन में बच्ची को उतई के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया.

सबूतों ने खोली आरोपी की पोल

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी के घर पहुंची, जहां वह नशे की हालत में सो रहा था. घर से चॉकलेट, नमकीन और तकिए का कवर बरामद हुआ. एफएसएल टीम ने मौके से कई अहम सुराग जुटाए, जिनमें सीढ़ियों पर बच्ची के पैरों के निशान, टूटे बाल और नाली में बहती बच्ची की चप्पल शामिल हैं.

पूछताछ में कबूला जघन्य अपराध

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया. पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद बच्ची की हालत देखकर आरोपी घबरा गया और उसे मारकर सबूत मिटाने की नीयत से बोरी में भरकर खंडहर में फेंक आया. आरोपी आदतन नशेड़ी बताया जा रहा है और अवैध शराब व नशीले पदार्थों की बिक्री में भी लिप्त रहा है. उसकी पत्नी और बच्चे पहले ही उसे छोड़कर जा चुके थे.

पुलिस की सख्त कार्रवाई, आरोपी जेल में

पूरी रात पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया और फिर उसे जेल भेज दिया. इससे पहले पुलिस ने आरोपी का जुलूस भी निकाला. आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म, हत्या के प्रयास, साक्ष्य छुपाने और बंधक बनाने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है. बच्ची का इलाज दुर्ग जिला चिकित्सालय में जारी है और डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.

ये भी पढ़ें-

बांदा में 8 दिन बाद कब्र से निकाली गई नाबालिग की लाश, मां ने लगाया रेप और हत्या का आरोप

हाईकोर्ट ने POCSO के आरोपी को किया बरी, कहा– नाबालिग अपनी मर्जी से गई थी, परिस्थितियां देखना भी जरूरी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Durg Minor Girl Rape Case, Chhattisgarh Crime News Today, POCSO Case Chhattisgarh, Police Parade Accused, Child Sexual Assault Case India, Minor Girl Assault News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com