- यूपी के बांदा जिले के मसूरी गांव में नाबालिग लड़की की संदिग्ध मौत के बाद उसकी लाश आठ दिन बाद कब्र से निकाली गई
- मृतका की मां ने गांव के दबंग युवक पर बेटी के साथ बलात्कार और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है
- बिना पुलिस सूचना और पोस्टमार्टम के दबंगों के दबाव में शव को जमीन में दफन कर दिया गया था
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध हालात में मौत के आठ दिन बाद उसकी लाश कब्र से बाहर निकाली गई. गिरवा थाना क्षेत्र के मसूरी गांव में जिलाधिकारी की अनुमति के बाद प्रशासनिक मजिस्ट्रेट और पुलिस की मौजूदगी में कब्र खुदवाकर शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. मृतका की मां ने गांव के दबंग युवक पर बेटी के साथ रेप के बाद हत्या का गंभीर आरोप लगाया है.
बिना पुलिस सूचना और पोस्टमार्टम के दफनाया गया था शव
जानकारी के मुताबिक, 2–3 मार्च की रात मसूरी गांव में नाबालिग लड़की का शव उसके ही घर के बाहर संदिग्ध हालत में मिला था. उस वक्त न तो पुलिस को सूचना दी गई और न ही कोई कानूनी कार्रवाई की गई. अगले ही दिन गांव के कुछ प्रभावशाली लोगों और दबंगों के दबाव में बिना पोस्टमार्टम कराए शव को जमीन में दफन कर दिया गया. मृतका की मां सुरतिया का आरोप है कि गांव का दबंग युवक अनुज उनकी बेटी के साथ जबरन बलात्कार करता था और किसी को बताने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देता था.
मां का आरोप: दबंग युवक ने किया रेप और हत्या
मां का कहना है कि करीब दो हफ्ते पहले उसने अनुज को अपनी बेटी के साथ अश्लील हरकत करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया था. इस पर बेटी ने उसे बताया कि अनुज लंबे समय से उसके साथ जबरदस्ती करता आ रहा है. सुरतिया के मुताबिक जब वह आरोपी अनुज के घर गई और पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तो उसके परिजनों ने धमकी दी कि अगर लड़के के खिलाफ पुलिस में गई तो बेटी को उठवा कर उसकी हत्या कर देंगे. मां का आरोप है कि 2 अप्रैल की रात करीब एक बजे अनुज अपने एक साथी के साथ उनके घर आया, नाबालिग बेटी के साथ जबरन रेप किया और विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी.
धमकी, वारदात और दबाव में दफनाने का दावा
इसके बाद लाश को घर के दरवाजे पर फेंक दिया गया. बेटी की चीख‑पुकार सुनकर जब मां बाहर आई तो उसने अनुज और उसके साथी को भागते हुए देखा. मृतका की मां का आरोप है कि घटना के बाद गांव के लोगों ने दबंग अनुज और उसके परिजनों के दबाव में बिना पुलिस को सूचना दिए और बिना पोस्टमार्टम कराए उसकी बेटी की लाश को जमीन में दफना दिया. कई दिनों तक न्याय न मिलने पर मां ने पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल से मामले की शिकायत की और बेटी के शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की.
कब्र खुदवाकर शव बाहर निकाला गया
मां की फरियाद पर पुलिस अधीक्षक ने मामले का संज्ञान लिया और जिलाधिकारी से अनुमति मांगी. इसके बाद शुक्रवार को प्रशासनिक मजिस्ट्रेट और पुलिस की मौजूदगी में नियमों के अनुसार कब्र खुदवाकर नाबालिग लड़की का शव बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. इस मामले में सीओ नरैनी कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि 2–3 मार्च की रात नाबालिग का शव उसके घर के बाहर मिला था. उस समय न कोई तहरीर मिली थी और न ही किसी पर कोई आरोप लगाया गया था, जिसके चलते परिजनों और ग्रामीणों ने बिना पुलिस प्रशासन को सूचना दिए शव को दफन कर दिया.
ये भी पढ़ें : Noida Workers Protest: सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे हजारों मजदूर, किया सड़क जाम
पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम
बाद में मृतका की मां की प्रार्थना पर जिलाधिकारी बांदा से अनुमति लेकर प्रशासनिक मजिस्ट्रेट और पुलिस की मौजूदगी में नियमों के अनुसार दफनाए गए शव को बाहर निकाला गया है. पुलिस के अनुसार शव का डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया जाएगा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं