मध्य प्रदेश के रीवा से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक दरिंदे ने चॉकलेट का लालच देकर 8 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया. बच्ची ने रोते हुए अपने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और लंबी जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
मामला रीवा के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र का है. बताया जा रहा है कि 8 वर्षीय बच्ची अपने साथियों के साथ रोज की तरह खेल रही थी. इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और बच्ची को चॉकलेट देने का लालच देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. इसके बाद उसने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया.
बच्ची ने परिजनों को सुनाई आपबीती
घटना के बाद डरी-सहमी बच्ची किसी तरह अपने घर पहुंची और रोते हुए परिजनों को पूरी बात बताई. यह सुनकर परिवार के होश उड़ गए और वे तुरंत बच्ची को लेकर पुलिस के पास पहुंचे. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
बाल कल्याण समिति के सामने पेश हुई बच्ची
पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बच्ची को ‘बाल कल्याण समिति' के सामने पेश किया. वहां बच्ची से बेहद सहज और सुरक्षित माहौल में पूरी जानकारी ली गई. बच्ची के बयान के आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई तेज कर दी.
आरोपी की तलाश में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
नगर पुलिस अधीक्षक राजीव पाठक के अनुसार, आरोपी पिछले कई दिनों से उसी इलाके में घूम रहा था. लेकिन वह स्थानीय रहने वाला नहीं था, जिससे उसकी पहचान करना चुनौतीपूर्ण हो गया. पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया और इलाके के 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले.
तकनीकी और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
सीसीटीवी में आरोपी का चेहरा और वाहन नंबर साफ नहीं दिख रहा था, इसके बावजूद पुलिस ने हार नहीं मानी. आरोपी के हुलिये, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आखिरकार उसे पकड़ लिया गया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं