विज्ञापन

दिल्ली में मकान का छज्जा गिरने से दर्दनाक हादसा, 7 साल के मासूम की मौत, एक बच्ची गंभीर

नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के वजीरपुर जेजे कॉलोनी में एक पुराने मकान का छज्जा गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया. इस घटना में 7 साल के मासूम दीपांशु की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल है. हादसा उस समय हुआ, जब बच्चे गली में खेल रहे थे.

दिल्ली में मकान का छज्जा गिरने से दर्दनाक हादसा, 7 साल के मासूम की मौत, एक बच्ची गंभीर

Delhi House Slab Collapse: दिल्ली में एक बार फिर जर्जर मकानों ने जान ले ली. नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के भारत नगर थाना इलाके की वजीरपुर जेजे कॉलोनी में शनिवार को हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. पुराने मकान का छज्जा अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आकर 7 साल के एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई. यह हादसा उस वक्त हुआ, जब बच्चे गली में खेल रहे थे.

वजीरपुर जेजे कॉलोनी में हुआ हादसा

शनिवार दोपहर वजीरपुर जेजे कॉलोनी में एक पुराना मकान अचानक खतरा बन गया. मकान का छज्जा बिना किसी चेतावनी के भरभराकर नीचे गिर पड़ा. हादसे के समय उसी मकान के पास कुछ बच्चे गली में खेल रहे थे. अचानक गिरे मलबे की चपेट में दो बच्चे आ गए, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई.

छज्जा गिरते ही तेज आवाज सुनाई दी और बच्चे मलबे में दब गए. आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनते ही मौके की ओर दौड़ लगाई. स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए मलबे को हटाना शुरू किया और बच्चों को बाहर निकाला. इस दौरान वहां चीख-पुकार का माहौल बन गया.

अस्पताल में 7 साल के दीपांशु को मृत घोषित किया

घायल हालत में दोनों बच्चों को तुरंत पास के दीपचंद बंधु अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने 7 वर्षीय दीपांशु को मृत घोषित कर दिया. वहीं, 11 साल की बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज अस्पताल में जारी है.

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

हादसे की सूचना मिलते ही भारत नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. दीपांशु के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या मकान की हालत को लेकर पहले कोई शिकायत या चेतावनी दी गई थी.

चश्मदीद ने बताया हादसे का मंजर

हादसे के एक चश्मदीद ने बताया कि बच्चे खेलते और भागते हुए नजर आ रहे थे. अचानक दीवार और छज्जा गिरने लगा. लोगों ने बच्चों को हटने के लिए चेताया, कुछ बच्चे वहां से भाग गए, लेकिन दो बच्चे मलबे में दब गए. एक बच्चे को देर से बाहर निकाला गया. जब उंगली दिखाई दी, तब पता चला कि वह अंदर दबा हुआ है. बाहर निकालने पर पता चला कि एक बच्चे की मौत हो चुकी है. 

नॉर्थ वेस्ट दिल्ली से अनिल कुमार अत्री की रिपोर्ट.. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi House Slab Collapse, Wazirpur JJ Colony Accident, Delhi Child Death News, North West Delhi News, Building Collapse In Delhi, Old Building Accident India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com