- आसपा समर्थकों पर नारेबाजी और चालक से अभद्रता का आरोप.
- उदगवां में भाजपा प्रचार वाहन रोका, बैनर फाड़े गए.
- पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
Datia By-Poll 2026: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए प्रचार के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया. आरोप है कि आजाद समाज पार्टी (आसपा) के समर्थकों ने भाजपा के चुनाव प्रचार वाहन को रोक लिया. फिर उस पर लगे भाजपा के होर्डिंग और बैनर फाड़ दिए. यह घटना जिगना थाना क्षेत्र के उदगवां में रविवार शाम को हुई. आरोप है कि आजाद समाज पार्टी के समर्थकों ने नारेबाजी और वाहन चालक के साथ अभद्रता भी की.
जानकारी के अनुसार, भोपाल निवासी चालक जितेंद्र कुशवाह टाटा छोटा हाथी भाजपा का चुनाव प्रचार कर लौट रहा था. जब शाम करीब 5:15 बजे वाहन उदगवां मंडी गेट के सामने पहुंचा तो आजाद समाज पार्टी के समर्थकों की भीड़ ने वाहन को रोक लिया. आरोप है कि कुछ लोगों ने चालक के साथ गाली-गलौज की और वाहन पर लगे प्रचार होर्डिंग फाड़कर क्षतिग्रस्त कर दिए.

आजाद समाज पार्टी के समर्थकों पर उत्पात मचाने का आरोप.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद चालक जिगना थाने पहुंचा और लिखित शिकायत दर्ज कराई. चालक के अनुसार, घटना में करीब ढाई हजार रुपये का नुकसान हुआ है. जिगना थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ गई है.
30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को गिनती
बता दें कि भाजपा की ओर से आशुतोष तिवारी और कांग्रेस की ओर से घनश्याम सिंह मैदान में हैं. दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान 30 जुलाई को होंगे और वोटों की गिनती 3 अगस्त, 2026 को की जाएगी.
ये भी पढ़ें- दतिया में आज से BJP-कांग्रेस के स्टार प्रचारक, CM करेंगे जनसभाएं; उपचुनाव से पहले Congress को लगा बड़ा झटका
ये भी पढ़ें- चुनावी कड़वाहट के बीच ट्रेन में आमने-सामने बैठे बीजेपी-कांग्रेस के 'कप्तान', दतिया से आई दिलचस्प तस्वीर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं