- दृष्टिबाधित बुंदेली गायक सुनील लोधी को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सम्मानित किया और मुलाकात की.
- मुख्यमंत्री ने सुनील को एक लाख रुपये की सम्मान निधि देने तथा पढ़ाई और इलाज में सहयोग का आश्वासन दिया.
- सुनील ने फिल्म हनुमान अंश के लोकप्रिय गीत से प्रदेशभर में अपनी गायकी की खास पहचान बनाई है.
मध्य प्रदेश के उभरते बुंदेली गायक सुनील लोधी की प्रतिभा को बड़ा सम्मान मिला है. जन्म से दृष्टिबाधित होने के बावजूद अपनी आवाज के दम पर पहचान बनाने वाले सुनील लोधी से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास में मुलाकात की. फिल्म 'हनुमान अंश' में गाए उनके लोकप्रिय गीत से प्रभावित मुख्यमंत्री ने न सिर्फ उन्हें 1 लाख रुपये की सम्मान निधि देने की घोषणा की, बल्कि उनकी पढ़ाई, संगीत प्रशिक्षण और आंखों के इलाज में भी हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाशाली कलाकारों को आगे बढ़ाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है और ऐसे कलाकारों को हरसंभव मंच उपलब्ध कराया जाएगा.
दरअसल, गुरुवार को सागर निवासी युवा बुंदेली गायक सुनील लोधी ने भोपाल स्थित समत्व भवन (मुख्यमंत्री निवास) में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी. उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और शारीरिक चुनौतियों के बावजूद सुनील ने अपनी प्रतिभा से अलग पहचान बनाई है, जो अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है.
1 लाख रुपये की सम्मान निधि देने का ऐलान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सुनील लोधी और उनके माता-पिता का सम्मान किया. उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार की ओर से सुनील लोधी को एक लाख रुपये की सम्मान निधि प्रदान की जाएगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रतिभाशाली कलाकारों को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
इलाज और संगीत शिक्षा में भी मिलेगा सहयोग
मुख्यमंत्री ने सुनील लोधी की आंखों की रोशनी वापस लाने के लिए आवश्यक सहयोग देने की बात भी कही. साथ ही उन्होंने कहा कि चूंकि सुनील बचपन से ही संगीत के प्रति समर्पित हैं, इसलिए उन्हें औपचारिक संगीत शिक्षा पूरी करने में भी मदद दी जाएगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में टैलेंट सर्च जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से ऐसे होनहार कलाकारों को आगे लाने की दिशा में भी काम किया जाएगा.
'हनुमान अंश' के गीत ने दिलाई पहचान
सुनील लोधी ने हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'हनुमान अंश' के लिए बुंदेली भाषा में गीत गाया है. उनका गीत "मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई" लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हुआ है. इसी गीत ने उन्हें व्यापक पहचान दिलाई और उनकी गायकी की चर्चा प्रदेशभर में होने लगी.
मुलाकात के दौरान सुनील लोधी ने तंबूरा बजाते हुए अपना लोकप्रिय गीत मुख्यमंत्री को सुनाया. उनकी प्रस्तुति से मुख्यमंत्री काफी प्रभावित हुए. कार्यक्रम का माहौल उस समय और भी भावुक हो गया, जब सुनील ने अपनी मधुर आवाज में यह गीत प्रस्तुत किया.
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भजन भी किया प्रस्तुत
मुख्यमंत्री के आग्रह पर सुनील लोधी ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव से जुड़ा भजन "जन्म लए रघुराई, ब्रज में बज रही बधाई" भी सुनाया. उनकी गायकी ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और सभी ने उनकी प्रतिभा की खुले दिल से सराहना की. इस अवसर पर सुनील लोधी के पिता महेंद्र सिंह लोधी, माता भागबाई, संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी, डिजिटल बुंदेली बौछार के सचिन चौधरी और सुनील के मित्र भी मौजूद रहे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं