छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा आयोजित सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा 2024 के प्रारंभिक नतीजों को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. आयोग द्वारा जारी मुख्य परीक्षा के लिए सफल अभ्यर्थियों की सूची में कुछ बेहद अटपटे या अस्वाभाविक नाम सामने आने के बाद पूरी चयन प्रक्रिया सवालों के घेरे में आ गई है. मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने इन संदिग्ध नामों को लेकर आयोग की व्यवस्था और पारदर्शिता पर निशाना साधते हुए पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है.
नतीजों की सूची में दर्ज मिले 'SPACERANI' और 'NEWS' जैसे नाम
गौरतलब है कि सूबेदार, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर के कुल 341 पदों के लिए 12 जुलाई 2026 को प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की गई थी. इस परीक्षा के नतीजों के आधार पर आयोग ने 7301 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा (Mains) के लिए योग्य पाया है. हालांकि, जब चयन सूची जारी हुई तो इसमें कुछ ऐसे नाम देखने को मिले जो सामान्य तौर पर किसी व्यक्ति के नहीं होते. सूची के क्रमांक 93 पर 'MANBAS', क्रमांक 467 पर 'SPACERANI' और क्रमांक 6074 पर केवल 'NEWS' नाम दर्ज है. इन नामों के सामने आते ही प्रतियोगी छात्रों और राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं.
कांग्रेस ने जताई गड़बड़ी की आशंका और की जांच की मांग
कांग्रेस नेताओं ने लोक सेवा आयोग की इस सूची पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा है कि इस तरह के काल्पनिक और अटपटे नाम किसी गंभीर लापरवाही या गड़बड़ी की तरफ इशारा करते हैं. पार्टी का सवाल है कि क्या यह महज तकनीकी त्रुटि और डाटा एंट्री की लापरवाही है या फिर इसके पीछे फर्जी अभ्यर्थियों के जरिए कोई बड़ा खेल रचा जा रहा है. विपक्ष ने स्पष्ट मांग की है कि मुख्य परीक्षा से पहले ऐसे सभी अभ्यर्थियों के आवेदन पत्रों और दस्तावेजों की गहनता से जांच की जाए ताकि पारदर्शी माहौल में वास्तविक योग्य युवाओं को उनका हक मिल सके.
अक्टूबर में संभावित है मुख्य परीक्षा की तिथि
विवादों और आरोपों के बीच आयोग के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह मुख्य परीक्षा 24, 25 और 26 अक्टूबर को आयोजित होना संभावित है. हालांकि, परीक्षा सूची में दिखे इन अजीबोगरीब नामों ने तैयारी में जुटे हजारों अभ्यर्थियों के मन में आशंकाएं भर दी हैं. अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग इन विवादित नामों को लेकर क्या सफाई पेश करता है और छात्रों के संशय को कैसे दूर करता है? हालांकि जब हमने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग से जुड़े एक शख्स से इस संबंध में सवाल किया तो उन्होंने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि टाइपिंग में हुई गलती है...जिसे ठीक कर लिया जाएगा.
ये भी पढ़ें: लंदन से धार वापस आएंगी भोजशाला की वाग्देवी ? भोपाल में जुटे BRICS देशों के बीच गूंजी भोजशाला की पुकार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं