आजाद समाज पार्टी (ASP) से दतिया विधानसभा के प्रत्याशी रहे दामोदर सिंह यादव एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले दामोदर यादव ने इस बार सोशल मीडिया पर करणी सेना के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की है.
दामोदर सिंह यादव ने अपने बयान में कहा- "करणी सेना सपूतों की नहीं, कपूतों और चार गुंडों की सेना है. उनकी इतनी औकात नहीं है कि वे हमारे या हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ बोलें." उन्होंने करणी सेना के कार्यकर्ताओं को 25,000 फीट गहरे गड्ढे में गाड़ देने की धमकी भी दी. यहीं न रुकते हुए उन्होंने आगे कहा, "अकबर को पिता मानने वाले ऐसी बातें न करें, यह उनके लिए अच्छा नहीं होगा."
करणी सेना ने की एफआईआर की मांग
इस बयान के सामने आते ही करणी सेना और सर्व समाज के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. बुधवार को कार्यकर्ताओं ने दतिया कोतवाली पहुंचकर नगर निरीक्षक दिनेश राजपूत को ज्ञापन सौंपा और दामोदर यादव पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की मांग की. करणी सेना ने चेतावनी दी है कि अगर, पुलिस ने दामोदर यादव के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं की तो वे धरना-प्रदर्शन करेंगे और हाईवे जाम करेंगे.
ट्विशा शर्मा के पैसे चीन के बाजार में डालना चाहता था पति समर्थ, चार्जशीट से निकला नया एंगल
भगवान परशुराम पर भी कर चुके हैं विवादित टिप्पणी
बता दें कि दामोदर यादव अपने विवादित बयानों के लिए पहले भी सुर्खियों में रहे हैं. इससे पूर्व उन्होंने भगवान परशुराम पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि वे किसी परशुराम को नहीं जानते. फिलहाल, पुलिस ने ज्ञापन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं