विज्ञापन

जंतर-मंतर से ली सीख, Gen Z को साधने मैदान में BJP! रील्स और इन्फ्लुएंसर्स के सहारे चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाले बीजेपी के 'सेवा संकल्प अभियान' में Gen Z युवाओं तक पहुंचने के लिए रील्स, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और डिजिटल कंटेंट का सहारा लिया जाएगा. जंतर-मंतर प्रदर्शन के बाद बदली रणनीति के तहत पार्टी 25 लाख कहानियां, #AashirwadKaDiya अभियान और विकास कार्यों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रमोट करेगी.

जंतर-मंतर से ली सीख, Gen Z को साधने मैदान में BJP! रील्स और इन्फ्लुएंसर्स के सहारे चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

जंतर-मंतर पर हुए Gen Z प्रदर्शन ने भारतीय जनता पार्टी को सोशल मीडिया की ताकत का एक नया एहसास कराया है. आंदोलन के दौरान युवाओं ने रील्स, शॉर्ट वीडियो और डिजिटल कंटेंट के जरिए अपनी आवाज को बड़े स्तर पर पहुंचाया, जिससे यह मुद्दा व्यापक रूप से चर्चा में रहा. अब बीजेपी भी उसी डिजिटल स्पेस में अपनी मौजूदगी मजबूत करने की तैयारी में है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' के जरिए पार्टी की कोशिश युवा पीढ़ी, खासकर Gen Z, तक सीधे पहुंच बनाने की है. 

सोशल मीडिया की ताकत ने बदली रणनीति

बीजेपी का मानना है कि आज की युवा पीढ़ी तक पहुंचने का सबसे प्रभावी माध्यम सोशल मीडिया है. जंतर-मंतर के Gen Z आंदोलन के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं ने रील्स और वीडियो कंटेंट के जरिए अपनी बात रखी. इन वीडियो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से जगह बनाई और आंदोलन को व्यापक पहचान दिलाई. इसके बाद पार्टी ने भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी उपस्थिति को और मजबूत करने की दिशा में काम शुरू किया है.

'सेवा संकल्प अभियान' से होगी शुरुआत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू होने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' को बीजेपी बड़े स्तर पर चलाने की तैयारी कर रही है. पार्टी का लक्ष्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं है, बल्कि उन गतिविधियों को डिजिटल माध्यम से लोगों तक पहुंचाना भी है. अभियान के दौरान पार्टी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता रील्स और शॉर्ट वीडियो बनाकर सरकार और संगठन के कार्यों की जानकारी साझा करेंगे.

इन्फ्लुएंसर्स को साथ जोड़ने की तैयारी

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भोपाल में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के साथ बैठक की. इस बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं, संगठन के कामकाज और डिजिटल कम्युनिकेशन को लेकर सुझाव लिए गए. पार्टी अब इन सुझावों के आधार पर रील अभियान का विस्तृत खाका तैयार कर रही है.

कांग्रेस ने उठाए सवाल

बीजेपी के इस अभियान को लेकर कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं. कांग्रेस का कहना है कि यह युवाओं की समस्याओं का समाधान करने के बजाय छवि सुधारने की कवायद है. कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि बीजेपी को युवाओं के रोजगार, शिक्षा और अन्य मुद्दों की अपेक्षा अपने प्रचार-प्रसार की अधिक चिंता है. उनका कहना है कि सरकार जनसरोकारों से ज्यादा इमेज मैनेजमेंट पर जोर दे रही है.

'आशीर्वाद का दीया' अभियान पर भी रहेगा फोकस

सेवा संकल्प अभियान के तहत 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम को भी विशेष रूप से शामिल किया है. नागरिकों, इन्फ्लुएंसर्स, मंत्रियों और मुख्यमंत्री के दीप जलाते हुए फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाएंगे. इसके लिए #आशीर्वाद_का_दीया हैशटैग का उपयोग किया जाएगा, ताकि अभियान को एक साझा डिजिटल पहचान मिल सके.

25 लाख कहानियों को सामने लाने की योजना

अभियान के दौरान देशभर से करीब 25 लाख नागरिकों की प्रेरणादायक और सकारात्मक कहानियां जुटाने का प्रस्ताव है. इनमें से लगभग 25 हजार कहानियों को चुना जाएगा, जबकि करीब 250 सबसे प्रभावशाली कहानियों को पेशेवर स्तर पर तैयार किया जाएगा. चयनित कहानियों और रील्स को जिला और राज्य स्तरीय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर साझा करने की योजना है.

पार्टी की योजना देश के इन्फ्लुएंसर्स और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को उन क्षेत्रों तक ले जाने की भी है, जहां पिछले कुछ वर्षों में विकास और बदलाव दिखाई दिए हैं. इन स्थानों पर तैयार किया गया डिजिटल कंटेंट सोशल मीडिया के जरिए बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचाया जाएगा.

हर शक्ति केंद्र को मिला रील बनाने का लक्ष्य

बीजेपी ने संगठनात्मक स्तर पर भी इस अभियान की तैयारी शुरू कर दी है. प्रत्येक शक्ति केंद्र को कम से कम 10 रील तैयार करने का लक्ष्य दिया गया है. पार्टी कार्यकर्ता केवल वीडियो सामग्री जुटाने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि स्वयं भी रील बनाकर अभियान में सक्रिय भागीदारी करेंगे.

यूट्यूब, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के लिए 60 सेकंड तक की रील तैयार की जाएंगी. अभियान से जुड़ी सभी पोस्ट में एक जैसे हैशटैग, फ्रेम और विजुअल पहचान का इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अभियान की एकरूपता बनी रहे और उसका प्रभाव अधिक दिखाई दे.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
BJP Campaign, Seva Sankalp Abhiyan, Social Media Influencers List, BJP Digital Certificate, Narendra Modi Birthday Celebration
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com