विज्ञापन

सैयद सुहैल का शो: ठेले से शुरू हुआ सफर और बन गया बड़ा ब्रांड... जिस 'खान चाचा' के राहुल गांधी ने खाए रोल, जानिए उसकी पूरी कहानी

आज कहानी उस 'खान चाचा' ब्रांड की, जिसके रोल राहुल गांधी ने खाए. एक छोटे से ठेले से शुरू हुआ यह सफर कैसे समय के साथ मशहूर फूड ब्रांड्स में शामिल हो गया.

नई दिल्ली:

आकाशवाणी भवन में विपक्षी सांसदों के विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का रोल खाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल दिल्ली के मशहूर फूड आउटलेट ‘खान चाचा' के रोल का आनंद लेते नजर आ रहे हैं. इसके बाद एक बार फिर दिल्ली के चर्चित ‘खान चाचा' ब्रांड और उसके इतिहास की चर्चा शुरू हो गई है.

खान चाचा' नाम से अपने कारोबार की शुरुआत की

दिल्ली के खान मार्केट में स्थित ‘खान चाचा' की शुरुआत वर्ष 1972 में हाजी बंदा हुसैन ने की थी. इससे पहले वह प्रगति मैदान के पास ठेला लगाकर मटन सीक कबाब और रोल बेचा करते थे. उनके खाने का स्वाद इतना लोकप्रिय था कि ठेले के बाहर लंबी-लंबी कतारें लगने लगीं. बढ़ती लोकप्रियता के बाद उन्होंने खान मार्केट में शॉप नंबर 50 किराए पर ली और ‘खान चाचा' नाम से अपने कारोबार की शुरुआत की. यह दुकान उन्होंने राजीव गोयल से किराए पर ली थी.

कारोबार के विस्तार और फ्रेंचाइजी मॉडल को लेकर मतभेद

समय के साथ ‘खान चाचा' के कबाब और रोल्स दिल्ली की पहचान बन गए. साल 1996 में हाजी हुसैन के दोनों बेटे सलीम और जावेद भी इस कारोबार से जुड़ गए. हालांकि बाद के वर्षों में कारोबार के विस्तार और फ्रेंचाइजी मॉडल को लेकर मतभेद सामने आए. मकान मालिक के साथ विवाद के चलते साल 2000 में ‘खान चाचा' की दुकान करीब छह महीने तक बंद भी रही.

इसके बाद सलीम और जावेद ने कारोबारी नवनीत कालरा के साथ साझेदारी की और ‘खान चाचा' को नए अंदाज में आगे बढ़ाया. कुछ वर्षों तक सब कुछ सामान्य चला, लेकिन 2016 के आसपास साझेदारों के बीच मतभेद बढ़ गए. आखिरकार 2017 में सलीम और जावेद ने अलग होकर ‘रूल्स एंड रोल्स' नाम से अपना नया आउटलेट शुरू किया. उन्होंने खान मार्केट में ही शॉप नंबर 49A में नई दुकान खोली.

‘खान चाचा' नाम के इस्तेमाल को लेकर कानूनी लड़ाई भी

उधर, ‘खान चाचा' नाम और ब्रांड को लेकर विवाद भी लंबे समय तक चलता रहा. साल 2020 में नवनीत कालरा ने दावा किया था कि हाजी हुसैन के बेटों ने उन्हें ‘खान चाचा' ब्रांड आधिकारिक तौर पर सौंप दिया है. इसके बाद वह खुद को ‘खान चाचा' का आधिकारिक मालिक बताते रहे. इस बीच ‘खान चाचा' नाम के इस्तेमाल को लेकर कानूनी लड़ाई भी हुई. दिल्ली हाईकोर्ट ने एक अहम फैसले में 24 फूड आउटलेट्स को ‘खान चाचा' ट्रेडमार्क का इस्तेमाल करने से रोक दिया था.

आज ‘खान चाचा' का नाम सिर्फ खान मार्केट तक सीमित नहीं है. यूपी, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब समेत कई जगह इसके करीब 20 रेस्तरां संचालित होने की बात कही जाती है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस ब्रांड का सालाना कारोबार करीब 43 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. राहुल गांधी के वायरल वीडियो के बाद एक बार फिर खान मार्केट के मशहूर ‘खान चाचा' और उसके पांच दशक पुराने सफर की चर्चा तेज हो गई है, जिसने एक छोटे से ठेले से शुरू होकर दिल्ली के सबसे चर्चित फूड ब्रांड्स में अपनी पहचान बनाई.

ये भी पढ़ें : देर रात दिल्ली-NCR में कांपी धरती, पूरे उत्तर भारत में महसूस हुए भूकंप के झटके

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Khan Chacha, Khan Chacha Restaurant, Khan Chacha Restaurant Khan Market
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com