विज्ञापन

बाउंसरों की गुहार, भेदभाव न हो सरकार... हैदराबाद में डांडिया इवेंट से मुस्लिम बाउंसरों के बहिष्कार के बाद कार्रवाई की मांग

हैदराबाद में बाउंसर एजेंसियों ने आरोप लगाया कि डांडिया-नवरात्रि इवेंट में मुस्लिम बाउंसरों को काम नहीं दिया जा रहा. बजरंग दल की अपील के बाद एजेंसियों ने तेलंगाना सरकार से कार्रवाई की मांग की है.

बाउंसरों की गुहार, भेदभाव न हो सरकार... हैदराबाद में डांडिया इवेंट से मुस्लिम बाउंसरों के बहिष्कार के बाद कार्रवाई की मांग
हैदराबाद में मुस्लिम बाउंसरों के साथ भेदभाव के आरोप. (Photo: NDTV)
  • हैदराबाद में मुस्लिम बाउंसरों के साथ सांप्रदायिक भेदभाव का मामला सामने आया है.
  • बाउंसर एजेंसियों ने कहा- बाउंसरों के धर्म नहीं पेशेवर मानकों से मूल्यांकन हो.
  • तेलंगाना बजरंग दल के शिवा रामुलु ने आयोजकों से दूसरे धर्म के बाउंसर न रखने को कहा है.
हैदराबाद:

हैदराबाद में बाउंसर सप्लाई करने वाली एजेंसियों ने तेलंगाना सरकार और पुलिस से उन इवेंट ऑर्गनाइजर के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है, जो कथित तौर पर डांडिया और नवरात्रि इवेंट्स के दौरान मुस्लिम बाउंसरों को काम पर रखने से मना कर देते हैं. उनका कहना है कि धर्म के आधार पर सिक्योरिटी की नौकरी से किसी को वंचित नहीं किया जाना चाहिए. बाउंसर सप्लाई एजेंसी के प्रतिनिधियों एम.डी. फिरोज (फजल), शारदा रेड्डी, प्रभाकर और सलमान ने दावा किया कि कुछ इवेंट ऑर्गनाइजर ने हाल ही में धार्मिक आधार पर डांडिया सेलिब्रेशन और दूसरे इवेंट्स के लिए मुस्लिम बाउंसरों को काम पर रखना बंद कर दिया है.

एजेंसियों के मुताबिक, पूरे तेलंगाना में हजारों हिंदू-मुस्लिम बाउंसर अपनी आजीविका के लिए सिक्योरिटी के काम पर निर्भर हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि 2024 में डांडिया कार्यक्रमों से जुड़े विवादों के बाद मुस्लिम बाउंसरों को बाहर रखने का चलन बढ़ गया है.

'अलग-अलग व्यवहार नहीं होना चाहिए...'

एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने ऑर्गनाइजर्स से अपील की है कि वे सुरक्षा कर्मियों का मूल्यांकन धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि पेशेवर मानकों के आधार पर करें. उन्होंने कहा, "अगर कोई बाउंसर कुछ गलत करता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है. लेकिन हिंदू और मुस्लिम बाउंसरों के साथ अलग-अलग व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए."

इससे पहले, तेलंगाना बजरंग दल के संयोजक शिवा रामुलु ने सार्वजनिक रूप से डांडिया आयोजकों से कहा था कि वे नवरात्रि समारोह के दौरान सुरक्षा कर्मियों और बाउंसरों के तौर पर दूसरे धर्मों के लोगों को काम पर न रखें.

यह भी पढ़ें | अमरावती से 5 घंटे में हैदराबाद, 10 घंटे में कोलकाता, NHAI बनाएगा आउटर रिंगरोड, विजयवाड़ा-गुंटूर से कनेक्टिविटी

हैदराबाद के सांसद और AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने भी मुस्लिम कर्मचारियों के कथित बहिष्कार की आलोचना की है. उन्होंने कहा, "मुस्लिम बाउंसरों और अन्य कर्मचारियों ने बताया है कि इवेंट ऑर्गनाइजर चरमपंथी संगठनों के दबाव में उनका बहिष्कार कर रहे हैं." ओवैसी ने पुलिस से इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.

सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने सभी समुदायों के लोगों से इस तरह के भेदभाव का विरोध करने की अपील की है. इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी भी दी है कि सांप्रदायिक बंटवारा तेलंगाना के सामाजिक सद्भाव और विकास को नुकसान पहुंचा सकता है.

यह भी पढ़ें | यूपी की 57 सीटों पर राहुल और अखिलेश का खेल बिगाड़ सकती है AIMIM? ओवैसी के अल्टीमेटम में कितना दम?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Hyderabad, Bouncers, Discrimination, Communal Attack, Asaduddin Owaisi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com