Ashton Hall Gwalior Visit: मध्य प्रदेश के चंबल अंचल से एक ऐसी कहानी सामने आई है, जो सोशल मीडिया की ताकत और देसी टैलेंट की उड़ान को बखूबी बयां करती है. मुरैना जिले के बामोर कस्बे का रहने वाला एक साधारण युवक, जो कभी अपने गांव में खाट पर बैठकर मोबाइल से फिटनेस वीडियो बनाया करता था, आज उसी मेहनत और निरंतरता के दम पर अमेरिका के मशहूर फिटनेस इन्फ्लुएंसर एशटन हॉल (Ashton Hall) को चंबल तक ले आया. यह सिर्फ एक वायरल किस्सा नहीं, बल्कि यह दर्शाता है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म किस तरह सीमित संसाधनों के बीच छिपी प्रतिभा को वैश्विक पहचान दिला सकते हैं.
Brought the routine to India 🇮🇳📍 pic.twitter.com/jxMs0hhEPK
— Ashton Hall (@AshtonHallofc) May 11, 2026
खाट से ग्लोबल प्लेटफॉर्म तक योगेंद्र की यात्रा
यह कहानी है चंबल अंचल के छोटे से कस्बे बामोर में रहने वाले योगेंद्र कुशवाह की. योगेंद्र सोशल मीडिया पर फिटनेस से जुड़े वीडियो पोस्ट करते हैं. सीमित साधन, साधारण लोकेशन और देसी अंदाज में बनाए गए वीडियो ही उनकी पहचान हैं. वे दुनिया के करोड़ों युवाओं की तरह अमेरिकन फिटनेस स्टार एशटन हॉल से प्रभावित रहे और लंबे समय से उनके स्टाइल की कॉपी करते हुए कंटेंट बनाते रहे.

Ashton Hall Gwalior Visit: ग्वालियर में अमेरिकी फिटनेस स्टार
एक शेयर ने बदली किस्मत
योगेंद्र के जीवन का बड़ा मोड़ उस समय आया, जब एशटन हॉल ने उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया. यही नहीं, हॉल ने यह भी लिखा कि यदि यह वीडियो ज्यादा लोगों तक पहुंचता है, तो वे खुद योगेंद्र से मिलने भारत आएंगे. इसके बाद योगेंद्र का वीडियो तेजी से वायरल हुआ और लाखों-करोड़ों लोगों ने उसे देखा.
वादा निभाने भारत पहुंचे एशटन हॉल
अपने वादे को निभाते हुए अमेरिकन फिटनेस स्टार एशटन हॉल अचानक भारत पहुंचे. वे न तो किसी कार्यक्रम में शामिल होने आए थे और न ही किसी ब्रांड प्रमोशन के लिए. उनका मकसद सिर्फ अपने मित्र योगेंद्र कुशवाह से मिलना था. एशटन हॉल सबसे पहले ग्वालियर पहुंचे, जहां उन्होंने ऐतिहासिक होटल उषा किरण पैलेस में कुछ समय बिताया.

Ashton Hall Gwalior Visit: इंडियन दोस्त के साथ अमेरिकी स्टार
ग्वालियर से जौरा तक का सफर
ग्वालियर में ठहरने के बाद एशटन हॉल कार से सीधे योगेंद्र के साथ जौरा के लिए रवाना हो गए. इस खास मुलाकात और यात्रा के वीडियो दोनों ने अपने‑अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किए, जिन्हें हजारों लोग देख रहे हैं.
देसी टैलेंट की ग्लोबल जीत
योगेंद्र कुशवाह की यह कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो छोटे शहरों और गांवों से बड़े सपने देखते हैं. यह साबित करता है कि अगर मेहनत, निरंतरता और आत्मविश्वास हो, तो खाट पर बैठकर बनाया गया वीडियो भी दुनिया के सबसे बड़े फिटनेस स्टार को चंबल की मिट्टी तक खींच ला सकता है.
यह भी पढ़ें : Ladli Behna Yojana: लाड़ली बहना योजना की 36वीं किस्त 13 मई को; गोटेगांव से CM मोहन ट्रांसफर करेंगे ₹1500-1500
यह भी पढ़ें : 'यह प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं के अधिकारों पर डकैती'; NEET UG 2026 रद्द होने के बाद कमलनाथ का बड़ा बयान
यह भी पढ़ें : UPSC IFS 2025: नौकरी छाेड़ भिलाई की सुष्मिता सिंह ने हासिल की AIR‑32, छठे प्रयास में बनीं वन सेवा अधिकारी
यह भी पढ़ें : हनीमून मर्डर केस: सोनम को 'बेल' या 'जेल'; आज मेघालय हाईकोर्ट में राजा रघुवंशी हत्याकांड पर अहम सुनवाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं