Pakistani Cyber Network Gwalior: ग्वालियर पुलिस ने सायबर क्राइम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराष्ट्रीय ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है, जिसके तार सीधे पाकिस्तान से जुड़े पाए गए हैं. पुलिस ने शहर के पोश इलाके सिटी सेंटर के कैलाश विहार स्थित एक होटल में दबिश देकर चार सायबर ठगों को गिरफ्तार किया है. होटल के कमरे से चल रहे इस नेटवर्क के जरिए देशभर में ठगी की जा रही थी और ठगी की रकम को म्यूल बैंक खातों के माध्यम से विदेश भेजा जा रहा था. गिरफ्तार आरोपी मुरैना और धौलपुर के निवासी बताए जा रहे हैं. पुलिस की इस कार्रवाई को सायबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है.
होटल के कमरे में बना रखा था कंट्रोल रूम
पुलिस के अनुसार सायबर ठगों ने होटल एचजी के एक कमरे को कंट्रोल रूम में तब्दील कर रखा था. यहां से लैपटॉप और दर्जनों मोबाइल फोन के जरिए पूरे देश में ठगी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था. आरोपी लंबे समय से होटल में ठहरे हुए थे और लगातार संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त थे.
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की दबिश
एसएसपी धर्मवीर सिंह को सूचना मिली थी कि होटल के एक कमरे में ठहरे युवकों की गतिविधियां संदिग्ध हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश दी और मौके से चार युवकों को हिरासत में लिया. प्रारंभिक पूछताछ में सभी ने सायबर ठगी में शामिल होने की बात स्वीकार की.
पाकिस्तान कनेक्शन का हुआ खुलासा
जांच में सामने आया कि आरोपियों के मोबाइल फोन में पाकिस्तान के कंट्री कोड +92 वाले नंबरों से लगातार वॉट्सएप कॉल और मैसेज आ रहे थे. पाकिस्तान में बैठा एक व्यक्ति इन्हें निर्देश देता था कि ठगी की रकम किस खाते में मंगानी है और आगे किस खाते में ट्रांसफर करनी है.
म्यूल खातों के जरिए भेजते थे पैसा विदेश
पुलिस के मुताबिक गैंग भोले‑भाले लोगों को लालच देकर उनके बैंक खाते खुलवाता था और उन्हें किराए पर लेकर ठगी की रकम मंगाता था. सीधे अपने खातों में पैसा न लेकर म्यूल खातों के जरिए रकम इकट्ठा कर उसे विदेश भेजा जाता था.
भारी मात्रा में उपकरण जब्त
पुलिस ने होटल के कमरे से लैपटॉप, कई मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, पासबुक और कई चेकबुक जब्त की हैं. आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि अब तक कितने करोड़ रुपये की ठगी की रकम विदेश भेजी गई है. एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है.
यह भी पढ़ें : Ladli Behna Yojana: लाड़ली बहना योजना की 36वीं किस्त 13 मई को; गोटेगांव से CM मोहन ट्रांसफर करेंगे ₹1500-1500
यह भी पढ़ें : 3 साल 11 माह की जानवी सोनी का कमाल, शिव तांडव स्तोत्र से तीन इंटरनेशनल रिकॉर्ड किए अपने नाम
यह भी पढ़ें : शुभेंदु अधिकारी बने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री, CM मोहन यादव ने दी बधाई; कहा- एक नई विकास यात्रा...
यह भी पढ़ें : बरगी क्रूज हादसे के बाद नावों पर रोक; ग्वारीघाट-भेड़ाघाट में सैकड़ों परिवारों की रोज़ी-रोटी पर संकट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं