विज्ञापन

तिरंगा यात्रा में जाने से रोके जाने पर देवेंद्र महतो का प्रदर्शन, ICU के बाहर लेटकर प्रशासन से मांगा जबाव

JPSC-JSSC परीक्षा में कथित धांधली के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्र नेता देवेंद्र महतो ने आरोप लगाया है कि उन्हें स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा यात्रा में शामिल होने से रोका गया.

तिरंगा यात्रा में जाने से रोके जाने पर देवेंद्र महतो का प्रदर्शन, ICU के बाहर लेटकर प्रशासन से मांगा जबाव
छात्र नेता देवेंद्र महतो स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा यात्रा में शामिल होने से रोका गया.

झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने स्वतंत्रता दिवस के दिन अपने साथ हुए व्यवहार पर सवाल उठाए हैं. रांची सदर अस्पताल में भर्ती देवेंद्र महतो का आरोप है कि उन्हें तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए अस्पताल से बाहर निकलने नहीं दिया गया. उनका कहना है कि वह केवल तिरंगा यात्रा में शामिल होकर राष्ट्रीय ध्वज को सलाम करना चाहते थे.

ICU के बाहर फर्श पर लेटकर जताया विरोध

घटना के बाद देवेंद्र महतो अस्पताल के ICU वार्ड के बाहर फर्श पर लेट गए और प्रशासन से जवाब मांगने लगे. उनका कहना है कि उन्हें यह बताया जाए कि आखिर किसके आदेश पर उन्हें रोका गया. उन्होंने सवाल उठाया कि स्वतंत्रता दिवस जैसे मौके पर किसी नागरिक को तिरंगा यात्रा में शामिल होने से कैसे रोका जा सकता है.

मारपीट का भी लगाया आरोप

देवेंद्र महतो ने दावा किया कि जब वह बाहर निकलने का प्रयास कर रहे थे तब उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई. उन्होंने कहा कि वह पिछले करीब पांच दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं और लगभग 13 दिनों से अन्न ग्रहण नहीं किया है. ऐसी स्थिति में भी उनके साथ किया गया व्यवहार उन्हें बेहद पीड़ादायक लगा.

आंदोलन से पीछे हटने को तैयार नहीं

छात्र नेता ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल छात्रों के अधिकारों की लड़ाई लड़ना है. उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि न्याय की इस लड़ाई से वह पीछे नहीं हटेंगे. उनके अनुसार यदि इस संघर्ष में उनकी जान भी चली जाए तो भी वह अपने आंदोलन को नहीं छोड़ेंगे.

JPSC-JSSC आंदोलन से जुड़ा है मामला

देवेंद्र महतो पिछले कई दिनों से JPSC-JSSC परीक्षा में कथित धांधली की CBI जांच समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. आंदोलन के दौरान तबीयत बिगड़ने पर उन्हें रांची सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. स्वतंत्रता दिवस पर छात्रों द्वारा निकाली गई तिरंगा यात्रा में शामिल होने की उनकी इच्छा ही अब नए विवाद का कारण बन गई है.

प्रशासन से मांगा जवाब

देवेंद्र महतो लगातार सरकार, प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन से यह पूछ रहे हैं कि उन्हें किस अधिकार और किस आदेश के तहत रोका गया. उनका कहना है कि वह केवल देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना चाहते थे. अब उनकी मांग है कि पूरे मामले पर प्रशासन सार्वजनिक रूप से जवाब दे और न्याय सुनिश्चित करे.

यह भी पढ़ें- भारत ऐसा क्या कर रहा कि पाकिस्तानी डिफेंस एक्सपर्ट कमर चीमा ने अपनी ही सेना को चेताया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Devendra Mahto News, JPSC, Ranchi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com