जहां स्वतंत्रता दिवस के मौके पर स्कूलों की छुट्टी होती है. वहीं हिमाचल प्रदेश में आज 15 अगस्त के दिन स्कूल खुले रहेंगे. राज्य सरकार की ओर से ये फैसला लिया गया है. स्कूल शिक्षा निदेशालय की ओर से 29 जुलाई को एक अधिसूचना जारी की गई थी. जिसमें कहा गया था कि हिमाचल प्रदेश के सभी सरकारी स्कूल 15 अगस्त को खुले रहेंगे. ऐसा इसलिए किया गया है ताकि बच्चे स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ध्वजारोहण समारोह में शामिल हो सकें और देशभक्ति के कार्यक्रमों का हिस्सा बन सकें.
स्कूल शिक्षा निदेशालय के आदेश में कहा गया था, ‘‘राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस गरिमापूर्ण तरीके से उत्साह के साथ मनाया जाएगा. सभी स्कूलों में ध्वजारोहण समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम और देशभक्ति से जुड़े आयोजन किए जाएंगे.''
17 अगस्त को दी जाएगी छुट्टी
वहीं हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए स्कूल आने वाले छात्रों को ध्यान में रखते हुए राज्य के सभी स्कूलों में 17 अगस्त को बंद रखने की घोषणा की है. यानी हिमाचल प्रदेश में 15 अगस्त की जगह 17 अगस्त को स्कूलों को बंद रखा जाएगा.
यूपी, दिल्ली में क्या 15 अगस्त को खुले रहेंगे स्कूल?
बात की जाए दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान की तो यहां की सरकारों ने 15 अगस्त को स्कूल खुले रखने का ऐसा कोई आदेश नहीं दिया है. यानी 15 अगस्त के दिन यहां पर स्कूल बंद ही रखे जाएंगे. अधिकतर स्कूलों में 15 अगस्त से जुड़े कार्यक्रम 14 अगस्त के दिन ही मना लिए जाते हैं. ऐसे में 15 अगस्त को स्कूलों को बंद रखे जाते हैं. वहीं 16 अगस्त को रविवार है, ऐसे में स्कूल अब सीधा 17 अगस्त को खुलेंगे.
ये भी पढ़ें- झंडा फहराने का क्या है सही तरीका, गलत तरीके से फहराया तो क्या होगा?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं