रांची में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के बीच स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नया विवाद खड़ा हो गया है. आंदोलन का प्रमुख चेहरा रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो को तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए अस्पताल से बाहर जाने की अनुमति नहीं मिली है. महतो पिछले कई दिनों से सदर अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए आरोप लगाया है कि तिरंगा यात्रा और ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होने की इच्छा जताने के बाद उनके कमरे के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया. इस घटनाक्रम के बाद आंदोलनकारी छात्रों में नाराजगी देखने को मिल रही है.
अस्पताल में भर्ती हैं देवेंद्र नाथ महतो
छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो पिछले कई दिनों से रांची के सदर अस्पताल में भर्ती हैं. वह JPSC-JSSC में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे. भूख हड़ताल और छात्र आंदोलन के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई थी. विधानसभा घेराव कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य और खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज जारी है.
आंदोलन स्थल जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आयोजित ध्वजारोहण और तिरंगा यात्रा में शामिल होने की इच्छा जाहिर करने के बाद ही सदर अस्पताल में मेरे कमरे के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
— Devendra Nath Mahto (@DevendraNathMa9) August 15, 2026
आखिर क्या यही आज़ादी है? क्या हम अपने ही देश में तिरंगा फहराने और तिरंगा यात्रा में शामिल… pic.twitter.com/5Ler5ByNLd
तिरंगा यात्रा में शामिल होना चाहते थे महतो
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आंदोलनकारी छात्रों ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से तिरंगा यात्रा निकालने का ऐलान किया है. देवेंद्र नाथ महतो भी इस कार्यक्रम में शामिल होना चाहते थे, लेकिन पुलिस और प्रशासन ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उन्हें अस्पताल से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी. बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो.
सोशल मीडिया पर जताई नाराजगी
देवेंद्र नाथ महतो ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि आंदोलन स्थल पर आयोजित ध्वजारोहण और तिरंगा यात्रा में शामिल होने की इच्छा व्यक्त करने के बाद ही उनके कमरे के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया. उन्होंने पोस्ट में सवाल उठाते हुए लिखा, "आखिर क्या यही आजादी है? क्या हम अपने ही देश में तिरंगा फहराने और तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए भी स्वतंत्र नहीं हैं?" महतो ने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद वह शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम में शामिल होना चाहते थे.
22वें दिन भी जारी है आंदोलन
उधर, रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में JPSC और JSSC में कथित भ्रष्टाचार तथा अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन 22वें दिन भी जारी है. आंदोलनकारी छात्र CBI जांच की मांग पर कायम हैं. उनका कहना है कि जांच के दौरान सामने आ रहे नए खुलासे उनके आरोपों को और मजबूत कर रहे हैं. छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
CBI जांच की मांग पर अड़े छात्र
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए, ताकि कथित अनियमितताओं की सच्चाई सामने आ सके. इसी मांग को लेकर छात्र आज सुबह जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं. आंदोलनकारी इसे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाने का प्रयास बता रहे हैं.
यह भी पढ़ें : कौन हैं बुद्धेश्वर भगत? करोड़ों के लेन-देने का दावा, इनके बयान से JPSC 14वीं PT परीक्षा धांधली में खुल रहे राज
यह भी पढ़ें : कौन हैं रांची में भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो? JPSC-JSSC छात्र आंदोलन से उभरे, लड़ चुके हैं ये चुनाव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं