- एक बेटे पर पिता की मौत के बाद शव के अंगूठे का निशान सादे कागजों पर लेने का आरोप लगा है.
- घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की है.
- पिता ने प्रताड़ना से तंग आकर बेटे को संपत्ति से बेदखल कर जमीन बेटियों के नाम कर दी थी.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक शख्स पर अपने पिता के अंतिम संस्कार से पहले उनके शव के अंगूठे का निशान सादे कागजों पर लेने की बात सामने आई है. शख्स पर आरोप लगा है कि उसने यह काम संपत्ति विवाद से जुड़े किसी मकसद के लिए किया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है.
क्या है पूरा मामला?
लखनऊ में रहीमाबाद के खड़ौहा गांव में 75 साल के बुजुर्ग की मौत के बाद उनके बेटे पर जमीन के लालच में मृत पिता के सादे कागजों पर अंगूठे के निशान लगवाने का गंभीर आरोप लगा है. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग मृतक के अंगूठे का निशान कागज पर लगवाते दिखाई दे रहे हैं. गांव के लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया. हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है और वायरल वीडियो की जांच की जा रही है.
लखनऊ में एक बेटे पर पिता के अंतिम संस्कार से पहले उनके शव के अंगूठे का निशान सादे कागजों पर लेने का आरोप है. संपत्ति विवाद से जुड़ी इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. मामला रहीमाबाद के खड़ौहा गांव का है.#Lucknow #PropertyDispute #UttarPradesh pic.twitter.com/WxfoqT8X8X
— NDTV India (@ndtvindia) August 14, 2026
परिजनों के मुताबिक, छत्रपाल (75) और उनकी पत्नी शिवदेवी को उनके बेटे महेंद्र और बहू लक्ष्मी कथित तौर पर लंबे वक्त से प्रताड़ित कर रहे थे. आरोप है कि साल 2023 में बुजुर्ग दंपति को उनके पैतृक घर से बाहर निकाल दिया गया. इसके बाद दोनों ने रिश्तेदारों के यहां रहकर अपनी जिंदगी गुजारी.
संपत्ति से बेदखल बेटा!
परिजनों का दावा है कि बेटे और बहू की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर छत्रपाल ने न्यूजपेपर में सार्वजनिक सूचना पब्लिश करवा कर महेंद्र और उसकी पत्नी को अपनी चल-अचल संपत्ति से बेदखल कर दिया था. आरोप है कि इसी फैसले को लेकर महेंद्र अपने पिता से नाराज था.
मृतक की बेटी सुमन के मुताबिक, 7 जुलाई को पिता की तबीयत बिगड़ी तो उन्होंने अपने भाई महेंद्र को इसकी जानकारी दी. इसके बाद, महेंद्र परिजनों के साथ लखनऊ पहुंचा. आरोप है कि बहन से विवाद के बाद वह पिता को इलाज कराने के बहाने अपने साथ गांव ले गया. सुमन का दावा है कि गांव ले जाने के महज तीन दिन बाद 9 जुलाई को छत्रपाल की मौत हो गई.
अंतिम संस्कार के दौरान बहनों से विवाद...
पिता की मौत की खबर मिलने के बाद बेटियां गांव पहुंचीं. सुमन का आरोप है कि अंतिम संस्कार के दौरान महेंद्र ने उसके और उसकी बहनों के साथ गाली-गलौज और बदसलूकी की. इसी बीच सामने आए वीडियो ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया. वीडियो में मृत पिता के हाथ के अंगूठे का निशान कागज पर लगवाए जाने का दावा किया जा रहा है. गांव वालों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया और यह तेजी से वायरल हो गया.
कागज पर क्यों लगवाया अंगूठे के निशान?
वीडियो वायरल होने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि मृत पिता के अंगूठे के निशान सादे कागजों पर क्यों लगवाए जा रहे थे और इन कागजों का इस्तेमाल किस मकसद से किया जाना था? फिलहाल इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही मिल पाएगा, लेकिन गैर-कानूनी तरीके से बेटे महेंद्र पर जमीन और संपत्ति अपने नाम करवाने के बेहद गंभीर आरोप लगे हैं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.
रहीमाबाद थाना प्रभारी के मुताबिक, मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है. वायरल वीडियो की जांच की जा रही है. पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी. फिलहाल, वीडियो की सत्यता, उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान और सादे कागजों पर अंगूठे के निशान लगवाने के पीछे की वजह पुलिस जांच का विषय है.
ये भी पढ़े: लखनऊ से बरेली तक... यूपी स्वास्थ्य विभाग में 8 वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले, ये रही नई पोस्टिंग की लिस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं