विज्ञापन

'अमेरिका छोड़ें या जॉब छोड़ दें', H-1B वीजा वाले कर्मचारियों को IBM का फरमान, जानिए भारतीयों पर क्‍या होगा असर

IBM H-1B Visa Sponsorship: IBM ने अपने कंसल्टिंग बिजनेस में ज्यादातर पदों के लिए H-1B और ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप बंद कर दी है. कर्मचारियों को अमेरिका छोड़ने या नौकरी छोड़ने का ऑप्‍शन दिया है. आइए समझते हैं भारतीयों के पास क्‍या विकल्प हैं.

'अमेरिका छोड़ें या जॉब छोड़ दें', H-1B वीजा वाले कर्मचारियों को IBM का फरमान, जानिए भारतीयों पर क्‍या होगा असर
H-1B वीजा पर अमेरिका गए भारतीयों की बढ़ी टेंशन!
Source: NDTV Graphics/Canva

अमेरिकी टेक कंपनी IBM ने अपने कंसल्टिंग बिजनेस में ज्यादातर पदों के लिए H-1B वर्क वीजा और ग्रीन कार्ड की स्पॉन्सरशिप बंद करने का फैसला किया है. कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों को दो विकल्प दिए हैं- वे अमेरिका से बाहर किसी दूसरे देश में जाकर IBM के लिए काम जारी रखें या कंपनी छोड़ दें. उन्हें 31 दिसंबर 2026 तक फैसला करना होगा. इस फैसले से अमेरिका में काम कर रहे हजारों भारतीय टेक प्रोफेशनल्स की चिंता बढ़ सकती है, जो नौकरी और स्थायी निवास के लिए कंपनी की वीजा स्पॉन्सरशिप पर निर्भर हैं.

ये फैसला IBM कंसल्टिंग पर लागू होगा, जिसमें दुनियाभर में 1.5 लाख से ज्यादा कर्मचारी हैं. हालांकि, कंपनी ने ये नहीं बताया है कि कितने कर्मचारी प्रभावित होंगे और उनमें कितने अमेरिका में काम करते हैं. 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कर्मचारियों को दूसरे देश में शिफ्ट होने का फैसला लेने के लिए तीन हफ्ते दिए गए हैं. जो कर्मचारी विदेश में काम करने का विकल्प नहीं चुनेंगे, उन्हें तीन महीने का सेवरेंस पैकेज दिया जाएगा.

IBM ने क्यों लिया फैसला?

IBM के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी पहले कुशल कर्मचारियों की कमी पूरी करने के लिए अमेरिकी वीजा कार्यक्रमों का इस्तेमाल करती थी, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में इसमें भागीदारी लगातार कम हुई है.

प्रवक्ता ने कहा, 'ये भागीदारी कई वर्षों से घट रही थी. कौशल की उपलब्धता और ग्राहकों की जरूरतों में बदलाव को देखते हुए हमने IBM Consulting में ज्यादातर ऐसे पदों के लिए वीजा और ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप बंद करने का फैसला किया है.'

कंपनी ने साफ किया है कि ये फैसला उसके सभी कारोबारों पर लागू नहीं होगा. फिलहाल इसका दायरा IBM Consulting के ज्यादातर पदों तक सीमित है.

भारत में मिल सकते हैं नौकरी जारी रखने के मौके

विदेश में काम करने के इच्छुक कर्मचारियों के लिए भारत एक बड़ा विकल्प बन सकता है. Rest of World की रिपोर्ट के मुताबिक, 19 नवंबर को IBM के करियर पोर्टल पर अमेरिका के बाहर कंसल्टिंग की 1,278 नौकरियां थीं. इनमें से 1,125 पद भारत में थे. सिंगापुर में 23 और ब्रिटेन में 18 पद उपलब्ध थे. अमेरिका में कंसल्टिंग की 89 वैकेंसी थीं.

हालांकि, ये स्पष्ट नहीं है कि प्रभावित कर्मचारियों में से कितने लोगों को भारत में नौकरी मिलेगी. दूसरे देश में जाने का मतलब सैलरी, रहन-सहन और परिवार से जुड़ी व्यवस्थाओं में बदलाव भी हो सकता है.

भारतीय कर्मचारियों के लिए क्या है संकेत?

InCruiter के फाउंडर और CEO अनिल अग्रवाल ने NDTV से कहा कि IBM का फैसला टेक सेक्टर में हो रहे बड़े बदलावों का संकेत है. उन्होंने कहा, 'IBM का कदम टेक सेक्टर में हो रहे व्यापक बदलावों को दिखाता है. कंपनियां ग्राहकों की बदलती जरूरतों, लेबर मार्केट और अपने कारोबारी लक्ष्यों के हिसाब से भर्ती की रणनीति बदल रही हैं. इसका असर अमेरिका में काम कर रहे भारतीयों पर भी पड़ेगा, क्योंकि उनमें से कुछ कंपनी की वीजा स्पॉन्सरशिप पर निर्भर हैं.'

अग्रवाल ने कहा कि कर्मचारियों को ऐसी स्किल विकसित करनी चाहिए, जिनका इस्तेमाल अलग-अलग कंपनियों और देशों में किया जा सके. उनके मुताबिक, 'AI और ऑटोमेशन के कारण नई टेक्नोलॉजी, विश्लेषण करने, समस्या सुलझाने और कारोबार को बेहतर नतीजे देने वाली क्षमताओं की मांग बढ़ेगी.'

उन्होंने आगे कहा, 'कंपनियां भले ही भर्ती के लिए अपनी भौगोलिक प्राथमिकताएं बदलें, लेकिन बेहतर कौशल वाले लोगों की वैश्विक स्तर पर मांग बनी रहने की संभावना है.'

यह भी पढ़ें | 'AI छीन लेगा करोड़ों नौकरियां...', लेकिन भारत के लिए कैसे खुल सकते हैं रोजगार के दरवाजे? IBM CEO ने क्या बताया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IBM, US H1B Visa Application, US H1B Visa Process
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com