उत्तर प्रदेश का सहारनपुर जिला चार राज्यों को जोड़ता है. सूबे का सबसे उत्तरी जिला होने के नाते, इसकी सीमाएं पश्चिम में हरियाणा, उत्तर और पूर्व में उत्तराखंड और उत्तर में हिमाचल प्रदेश से लगती हैं. दिलचस्प बात यह है कि हरियाणा और उत्तराखंड की आपस में कोई सीधी सीमा नहीं लगती है. सहारनपुर इन दोनों के बीच एक जियोग्राफिकल लिंक का काम करता है. यही जिला आज INDIA ब्लॉक के दो सहयोगियों- कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (SP) के बीच सबसे बड़े मतभेद की वजह बन गया है.
दोनों सियासी दलों के बीच सीट-बंटवारे की बातचीत उस वक्त अटकती हुई नजर आई, जब एसपी ने पांच उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया. इनमें सहारनपुर की भी दो विधानसभा सीटें- सहारनपुर देहात और बेहट शामिल हैं, जबकि इन पर कांग्रेस पार्टी चुनाव लड़ने की उम्मीद कर रही थी. एसपी ने इन दोनों सीटों के अपने मौजूदा विधायकों को ही फिर से उम्मीदवार बनाया है. पश्चिमी यूपी में अपना प्रभाव बढ़ाने की कोशिश कर रहे कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की नजर इन सीटों पर थी.
Advertisement - Scroll to continue
जिले की सात विधानसभा सीटों में से 2022 में बीजेपी ने पांच सीटें- देवबंद, गंगोह, नकुड़, रामपुर मनिहारन (SC) और सहारनपुर नगर जीती थीं, जबकि बाकी दो सीटें (बेहट और सहारनपुर) एसपी के खाते में गई थीं.
गठबंधन की बातचीत के बीच ही एसपा के इस एकतरफा ऐलान के बाद गठबंधन सहयोगियों के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है. सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने गठबंधन को लेकर एसपी की गंभीरता पर सवाल उठाए और उन पर मनमानी करने का भी आरोप लगाया.
Advertisement - Scroll to continue
संसद परिसर में प्रियंका और राहुल गांधी के साथ इमरान मसूद.
Photo Credit: IANS
वहीं, एसपी का कहना है कि साल 2022 में दोनों सीटें जीतने की वजह से, इन पर उसका स्वाभाविक दावा बनता है. इसके जवाब में इमरान मसूद 2024 के लोकसभा चुनाव का हवाला देते हैं, जब उन्होंने सहारनपुर संसदीय सीट जीती थी और दोनों विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त बनाई थी.
सियासी भी है और व्यक्तिगत भी...
इमरान मसूद और समाजवादी पार्टी के रिश्ते हमेशा उतार-चढ़ाव वाले रहे हैं. उन्होंने अक्सर अखिलेश यादव की पार्टी के खिलाफ तीखी भाषा का इस्तेमाल किया है और गठबंधन की बातचीत चलने के दौरान भी लगातार उन पर निशाना साधा है.
2007 के यूपी विधानसभा चुनाव में सफल चुनावी शुरुआत करने के बाद, इमरान मसूद लगातार चार चुनाव हार गए- 2012 का विधानसभा चुनाव, 2014 का लोकसभा चुनाव, 2017 का विधानसभा चुनाव और 2019 का लोकसभा चुनाव. 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत के साथ उनके राजनीतिक सफर में फिर से जान आ गई.
इमरान का परिवार लंबे वक्त से सहारनपुर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़ा रहा है. उनके चाचा, रशीद मसूद नौ बार सांसद रहे (पांच बार लोकसभा और चार बार राज्यसभा) और क्षेत्र के एक प्रमुख मुस्लिम राजनीतिक नेता थे.
सियासत में अपनी जगह बनाने की कोशिश में इमरान मसूद ने कई बार पार्टियां बदली हैं. उन्होंने अपने सियासी सफर की शुरुआत कांग्रेस से की थी, लेकिन जनवरी 2022 में वे समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए. उसी साल अक्टूबर में वे बहुजन समाज पार्टी में चले गए और आखिरकार 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले कांग्रेस में वापस आ गए. इस साल की शुरुआत से ही, इमरान मसूद ने गठबंधन की बातचीत को लेकर एसपी के खिलाफ कई बार तीखे बयान दिए है. प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ उनकी करीबी और अपनी बात बेबाकी से रखने की उनकी छवि की वजह से वे लगातार चर्चा में रहे हैं. एसपी नेताओं ने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से उनके बयानों को ही दोनों दलों के बीच खटास पैदा करने की वजह बताया है.
लेकिन यह खटास सिर्फ सियासत तक ही सीमित नहीं रही है, मामले ने व्यक्तिगत रूप भी ले लिया है.
इमरान मसूद के दामाद इस साल की शुरुआत में सपा में शामिल हुए थे.
Photo Credit: File
इस साल अगस्त में इमरान मसूद के दामाद शयान ने एसपी जॉइन कर ली और उनके खिलाफ सार्वजनिक रूप से बयान दिए. बताया जाता है कि शयान मसूद इमरान की बेटी से अलग हो चुके हैं और दोनों के बीच रिश्ते काफी खराब हैं. उसी राजनीतिक परिवार से जुड़े होने की वजह से वे रशीद मसूद की विरासत को लेकर चल रही होड़ का भी हिस्सा बन गए हैं. यह एक ऐसी विरासत है, जिसे इमरान मसूद आगे बढ़ाना चाहते हैं.
इसके अलावा, सहारनपुर के विधायक आशु मलिक के साथ भी उनकी अदावत है, जिन्हें एसपी ने फिर से उम्मीदवार बनाया है. अगस्त में सहारनपुर में 'डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट कोऑर्डिनेशन एंड मॉनिटरिंग कमेटी' की एक बैठक के दौरान, मसूद और मलिक के बीच सबके सामने तीखी बहस हो गई थी. उनकी तीखी बहस का एक वीडियो वायरल हो गया था.
दिलचस्प बात यह है कि 2022 में जब इमरान मसूद खुद एसपी में थे, तब उन्होंने ही मलिक की उम्मीदवारी का समर्थन किया था. लेकिन तब से उनके रिश्ते खराब हो गए हैं और अब दोनों इस इलाके में सियासी दबदबा जमाने के लिए एक-दूसरे से होड़ कर रहे हैं.
इमरान के एक और पूर्व सहयोगी और बेहट से एसपी विधायक उमर अली भी चुनाव जीतने के बाद उनसे दूर हो गए हैं.
सहारनपुर क्यों अहम है?
सहारनपुर के 19 लाख मतदाताओं में से करीब 6.8 लाख (41 फीसदी से ज्यादा) मुस्लिम हैं, जबकि बाकी हिंदू हैं. हिंदुओं में दलितों की हिस्सेदारी 22 प्रतिशत है, जो एक बड़ी तादाद है. इस तरह, मुस्लिम और दलित मतदाताओं को मिलाकर कुल 63 फीसदी से ज्यादा वोट बनते हैं, जो सहारनपुर को SP और कांग्रेस, दोनों के लिए एक आकर्षक राजनीतिक रणभूमि बना देते हैं.
सहारनपुर, एसपी और कांग्रेस दोनों की योजनाओं के लिए अहम है.
Photo Credit: NDTV
सहारनपुर इस इलाके की मुस्लिम सियासत में एक खास अहमियत रखता है, क्योंकि यहां देवबंद स्थित है, जो देश के सबसे अहम इस्लामिक एजुकेशन इंस्टीट्यूट में से एक है.
सहारनपुर में मुस्लिम और दलित मतदाताओं की बड़ी तादाद है, जो इस जिले को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी उपस्थिति फिर से मजबूत करने की कांग्रेस की रणनीति के केंद्र में लाती है. समाजवादी पार्टी के लिए, यह उनकी 'PDA' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) गठबंधन रणनीति का एक अहम हिस्सा है, जिसका मकसद पूरे इलाके में इन सामाजिक समूहों को एकजुट करना है.
कांग्रेस, 2024 के लोकसभा चुनाव में इमरान मसूद की जीत को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपने मुस्लिम-दलित समर्थन आधार को फिर से खड़ा करने के लिए एक अहम मौके (स्प्रिंगबोर्ड) के रूप में देख रही है. 2027 के विधानसभा चुनाव अभियान के लिए कांग्रेस की योजनाओं में भी इस जिले की सियासी अहमियत झलकती है. हाल ही में ऐसी खबरें आई थीं कि राहुल गांधी अगले महीने सहारनपुर में एक बड़ी रैली के साथ उत्तर प्रदेश में अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे.
सहारनपुर की सिख आबादी
सहारनपुर की जनसांख्यिकी का एक और दिलचस्प पहलू यहां की सिख आबादी है. हालांकि, संख्या के हिसाब से ये बहुत कम हैं, जो कुल आबादी का एक प्रतिशत से भी कम लेकिन सिख समुदाय जिले के सोशल और कल्चरल लाइफ का एक जरूरी हिस्सा है.
साल 2014 में सहारनपुर के इतिहास में एक काला अध्याय जुड़ा, जब अंबाला रोड पर एक गुरुद्वारे के पास जमीन के एक विवादित टुकड़े को लेकर मुसलमानों और सिखों के बीच सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी थी.
सहारनपुर के मुसलमानों और सिखों ने 2020 में एक पुराने विवाद को आपसी सहमति से सुलझा लिया.
Photo Credit: Archive
छह साल बाद, दोनों समुदायों ने कोर्ट के बाहर समझौता करके सुलह-सफाई की एक मिसाल पेश की. कानूनी विवाद खत्म कर दिया गया. मुसलमानों ने गुरुद्वारे के निर्माण के लिए 'कार सेवा' की, जबकि सिख प्रतिनिधियों ने मस्जिद के लिए जमीन खरीदने में मदद की.
'द क्विंट' की 2020 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मुस्लिम पक्ष ने विवादित जमीन पर अपना दावा छोड़ने का फैसला किया. इसके पीछे वजह यह थी कि सिखों ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली में सांप्रदायिक हिंसा से प्रभावित लोगों की मदद की थी और नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों के दौरान भी सिख समुदाय ने एकजुटता दिखाई थी. रिपोर्ट में सुप्रीम कोर्ट में मुस्लिम पक्ष का प्रतिनिधित्व करने वाले निजाम पाशा के हवाले से कहा गया है, "दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों के दौरान और दिल्ली दंगों के वक्त, सिखों ने मुसलमानों की जो बड़ी सेवा और मदद की, उसके प्रति आभार जताने के लिए सहारनपुर की मस्जिद कमेटी ने जमीन पर अपना दावा छोड़ने का फैसला किया है."
कई विधानसभा इलाकों वाला जिला...
कांग्रेस और एसपी के बीच सीट बंटवारे के विवाद में सहारनपुर सिर्फ एक और निर्वाचन क्षेत्र भर नहीं है. यह एक ऐसा जिला है, जहां भूगोल, चुनावी गणित, सामुदायिक पहचान और पारिवारिक विरासतें आपस में मिलती हैं.
इसकी सियासी अहमियत इस बात में है कि पार्टियां यहां ऐसे सामाजिक समूहों को एक साथ ला सकती हैं, जिनकी सियासी ख्वाहिशें अक्सर एक-दूसरे के विपरीत होती हैं. कांग्रेस को इमरान मसूद की चुनावी वापसी में एक मौका दिख रहा है, जबकि एसपी उन सीटों को छोड़ने के लिए तैयार नहीं है, जहां पहले से ही उसका मजबूत आधार है.
विडंबना साफ देखी जा सकती है. एक ऐसा जिला, जो भौगोलिक रूप से राज्यों और समुदायों को जोड़ता है, वह अब उन दो पार्टियों के बीच दरार की वजह बन गया है, जिन्हें असल में एक ही सियासी लड़ाई लड़नी चाहिए.
यह भी पढ़ें | सहारनपुर तो झांकी है, अमेठी-रायबरेली बाकी है! सबसे बड़ा सवाल- झुकेगा कौन, सपा या कांग्रेस?
यह भी पढ़ें | इमरान मसूद को इशारों-इशारों में इमरान प्रतापगढ़ी की नसीहत, बोले- 'ऐसी वैसी बातों से अच्छा है खामोश रहो'
यह भी पढ़ें | समाजवादी पार्टी की लिस्ट पर इमरान मसूद के तल्ख तेवर.. 'उनको अच्छी नहीं लगती है बुलंदी मेरी'