बिहार के जमुई जिले में एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ का मामले में जेडीयू नेता के बयान को लेकर आपत्ति जताई जा रही है. अपने दोस्त के साथ घूमने निकली एक छात्रा के कुछ मनचलों ने अश्लील हरकतें शुरू कर दीं. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों का गिरफ्तार कर लिया है. वहीं इस घटना पर जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा, "अगर कोई छिटपुट घटना घटती है तो हम सरकार के तौर पर संवेदनशील हैं."
उन्होंने कहा, "लेकिन 2005 से पहले का बिहार देखिए, तब लोग घर से निकलते थे. क्या हालात था देखा ही है आपने. लोग किसी तरह अपनी जिंदगी को काट रहे थे. आज के वक्त में अगर कोई घटना घट रही है तो प्रशासन कार्रवाई कर रही है. चाहे कोई कितना भी बड़ा अपराधी क्यों न हो, सब पर कार्रवाई होगी."
नाबालिग के साथ छेड़छाड़ का पूरा मामला क्या है?
जमुई में कक्षा 10 के एक लड़के और एक लड़की शनिवार शाम कोचिंग के बाद स्कूटर से घर लौट रहे थे, तभी जमुई-लखीसराय रोड पर कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया. वायरल वीडियो में दिख रहा है कि आरोपियों ने दोनों को घेर लिया, लड़के को लड़की से अलग करने की कोशिश की और लड़की के साथ कथित छेड़छाड़ की. लड़की बार-बार छोड़ देने की गुहार लगाती रही, जबकि आरोपी उसका पीछा करते और उसे पकड़ने की कोशिश करते दिखे.
किसी तरह दोनों वहां से निकलने की कोशिश करते हैं, लेकिन हमलावर उनका पीछा करते रहते हैं. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है.
इस घटना का संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग ने बिहार के डीजीपी से रिपोर्ट मांगी है. वहीं बिहार महिला आयोग ने जमुई के डीएम और एसपी से जांच की रिपोर्ट मांगी है.
यह भी पढ़ें: जमुई में दोस्त के साथ घूम रही नाबालिग को लड़कों ने घेरकर छेड़ा, पीटा, वीडियो वायरल होने पर चार गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं