- बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी को थैंक्यू कहा है.
- प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा 'नेहरू वामपंथ को खतरा मानते थे, यह सच बताने के लिए बधाई'
- सुधांशु त्रिवेदी ने इस दौरान कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी जमकर निशाना साधा.
पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के 'हिंदू राष्ट्रवाद ' पर दिए गए बयान पर बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पलटवार किया. इस दौरान सुधांशु त्रिवेदी ने हामिद अंसारी को बधाई देते हुए कहा 'नेहरू जी वामपंथ को खतरा मानते थे, यह सच सामने लाने के लिए मैं आपको बधाई देता हूं. क्योंकि जिस कम्युनिज्म को वह खतरा मानते थे, आज पूरी कांग्रेस उसी अति-वामपंथ (अल्ट्रा-लेफ्ट) की तरफ बढ़ गई है. दरअसल, पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने हाल ही में हिंदू राष्ट्रवाद को लेकर एक बयान दिया था. जिस पर यह पूरी सियासत हो रही है.
सुधांशु त्रिवेदी ने हामिद अंसारी को दी बधाई
पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के एक पुराने बयान का हवाला देते हुए कहा 'नेहरू जी स्पष्ट तौर पर चेतावनी दी थी कि भारत के लिए असली खतरा कम्युनिज्म यानि वामपंथ नहीं, बल्कि हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता है.' हामिद अंसारी ने यह बयान अब्दुल गफूर नूरानी की किताब 'The RSS: A Menace to India' का जिक्र करते हुए दिया था. हामिद अंसारी के इसी बयान पर सुधांशु त्रिवेदी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सच बताने के लिए आपका बहुत धन्यवाद. क्योंकि उन्होंने अनजाने में ही सही, लेकिन कांग्रेस के भीतर चल रहे वैचारिक विरोधाभास और उसके असली चेहरे का पर्दाफाश कर दिया है.
कांग्रेस अपनी विचारधारा की तिलांजलि दे चुकी है: सुधांशु त्रिवेदी
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा हामिद अंसारी के इस खुलासे ने तीन बेहद महत्वपूर्ण काम किए हैं. पहला यह ऐतिहासिक तथ्य एक बार फिर देश के सामने आ गया है कि खुद जवाहरलाल नेहरू के दौर में कम्युनिज्म (वामपंथ) को देश के लिए एक बड़ा खतरा माना जाता था. त्रिवेदी ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि नेहरू जी वामपंथ को खतरा मानते थे, लेकिन आज की कांग्रेस ने अपनी ऐतिहासिक विचारधारा को तिलांजलि दे दी है.
'कांग्रेस माओवादी लीग बन चुकी है':सुधांशु त्रिवेदी, प्रवक्ता, बीजेपी
— NDTV India (@ndtvindia) September 21, 2026
हामिद अंसारी के बयान पर BJP का पलटवार #BJP | #Congress pic.twitter.com/3hhMJh7XyR
राहुल गांधी पर साधा निशाना
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा 'अंसारी के इस बयान ने साबित कर दिया है कि आज की कांग्रेस उस वामपंथ की गोद में जाकर बैठ गई है, जिसे कभी उनके ही पुरखे खतरा बताते थे. आज की कांग्रेस पूरी तरह से अति-वामपंथ की तरफ बढ़ चुकी है और राहुल गांधी कम्युनिज्म के विचारों में गोता लगा रहे हैं. राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा संसद के भीतर और देश के बाहर जो भी बातें करते हैं, उसकी पटकथा उनके अपने ही परिवार और नेहरूवादी इतिहास के पन्नों में दबी हुई है. उन्होंने कहा कि हिंदुओं और हिंदू राष्ट्रवाद को कोसना इनका 'खानदानी गुण है, जो अब हामिद अंसारी के बयान के जरिए पूरी तरह बेनकाब हो गया है.'
सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस को 'मुस्लिम लीग माओइस्ट कांग्रेस' करार दिया है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने विदेशी धरती पर जिन्ना की बनाई मुस्लिम लीग को 'धर्मनिरपेक्ष' सर्टिफिकेट दिया था. आज कांग्रेस केरल में उसी मुस्लिम लीग के मंत्रियों के सहारे अपनी राजनीति चमका रही है और देश में माओवादी सोच को बढ़ावा दे रही है.
हामिद अंसारी के बहाने निशाने पर राहुल और कांग्रेस
दरअसल, हामिद अंसारी के हिंदू राष्ट्रवाद पर दिए गए बयान को लेकर बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने उन पर तो पलटवार किया ही है. इसके अलावा उन्होंने हामिद अंसारी के बहाने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा है. बीजेपी सांसद के बयान के बाद यह मामला अब और गर्माता जा रहा है.
ये भी पढ़ेंः 'भारत के लिए असली खतरा हिंदू दक्षिणपंथी...', हामिद अंसारी के बयान पर बवाल, बीजेपी ने किया पलटवार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं