विज्ञापन
This Article is From Nov 30, 2025

कौन है आतंक का आका शहजाद भट्टी, सोशल मीडिया से गुर्गों की करता है भर्ती, लॉरेंस परिवार को मारने की दी है धमकी

शहजाद भट्टी पाकिस्तान का कुख्यात गैंगस्टर है. हाल ही में इसने भारतीय गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के पूरे परिवार को मारने की धमकी दी है. आज दिल्ली पुलिस ने शहजाद भट्टी के तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया है.

कौन है आतंक का आका शहजाद भट्टी, सोशल मीडिया से गुर्गों की करता है भर्ती, लॉरेंस परिवार को मारने की दी है धमकी
शहजाद भट्टी और लॉरेंस बिश्नोई.
  • दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 3 आतंकियों को गिरफ्तार किया, जो पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े थे.
  • गिरफ्तार आतंकियों को सोशल मीडिया के माध्यम से भर्ती किया गया था और इन्हें हथियार भी मुहैया कराए गए थे.
  • शहजाद भट्टी ने 2024 में बीजेपी नेता और फिल्म स्टार मिथुन चक्रवर्ती को जान से मारने की धमकी दी थी.

Shahzad Bhatti: दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने रविवार को तीन आंतकियों को गिरफ्तार किया है. इन तीनों की गिरफ्तारी के बाद पाकिस्तान के कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी का नाम सामने आया है. शहजाद भट्टी भारत में अपराध और आतंकवाद को बढ़ावा देने के मिशन में लगा था. इस बात की जानकारी सामने आई है. तीनों आतंकियों की गिरफ्तारी पर दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के एडिशनल सीपी प्रमोद कुशवाहा ने बताया कि 25 नवंबर को गुरुदासपुर में हैंड ग्रेनेड फेंकने का क्लेम शहजाद भट्टी ने किया था और इस पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल काम कर रही थी. 

एमपी, यूपी और पंजाब से तीन आतंकी गिरफ्तार

इसी में जांच करते समय शाहजाद भट्टी से जुड़े हुए इस ग्रुप के बारे में जानकारी मिली. इसी ग्रुप से तीन लोगों को पकड़ा है, जिसमें विकास प्रजापति को एमपी के दतिया से, आरिस उर्फ आसिफ को यूपी के बिजनौर से और हरगुनप्रीत को पंजाब के फिरोजपुर से पकड़ा गया. 

दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम के हत्थे चढ़े तीनों आतंकी.

दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम के हत्थे चढ़े तीनों आतंकी.

सोशल मीडिया के जरिए शहजाद भट्टी ने किया था भर्ती

पुलिस अधिकारी ने बताया कि ये तीनों सीधे शाहजाद भट्टी से संपर्क में थे. शहजाद भट्टी ने इन्हें सोशल मीडिया से रिक्रूट किया था और एक-दो को अपने सहयोगियों की मदद से रिक्रूट किया था. पकड़े गए लोगों को हथियार भी शाहजाद भट्टी के मुहैया करवाए थे. इनकी गिरफ्तारी बड़ी कामयाबी बताई जा रही है. क्योंकि ये कई वारदातों को अंजाम दे सकते थे. 

सिरसा के ग्रेनेड अटैक में शामिल था ये गैंग

दिल्ली पुलिस के एसीपी प्रमोद कुशवाहा ने बताया कि हरियाणा के सिरसा में ग्रेनेड फेंकने में भी इसी मॉड्यूल का हाथ था. शाहजाद भट्टी और उसके साथी से ये लोग सीधे संपर्क में थे. साथ ही अपना दायरा फैला रहे थे. हालांकि पुलिस अधिकारी ने यह भी क्लीयर किया कि गिरफ्तार आतंकियों का दिल्ली ब्लास्ट से कोई संबंध नहीं है.

इन लोगों से अमृतसर, गुरुदासपुर में रेकी के वीडियो भी मिले हैं. तीनों लड़के नए हैं. सोशल मीडिया के जरिए पैसों का लालच देकर इनका इस्तेमाल किया गया. इन तीनों ने सोशल मीडिया के जरिए शहजाद भट्टी से सीधे बात करने की बात स्वीकारी है.

इन तीनों आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद अब सवाल उठता है आखिर ये शहजाद भट्टी है कौन? और वह भारत में अपराध और आतंक के कॉकटेल को क्यों बढ़ावा देना चाहता है. 

कौन है शहजाद भट्टी

शहजाद भट्टी पाकिस्तान का कुख्यात गैंगस्टर है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अभी वह दुबई में रहकर कई देशों में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिलवाता है. भट्टी का लिंक बलूचिस्तान के कुख्यात फारुख खोकर गैंग से भी जुड़ता है. भट्टी खोकर गैंग का अहम सदस्य माना जाता है.

भारत में कब-कब चर्चा में आया शहजाद भट्टी का नाम

पिछले साल अक्टूबर में NCP नेता और पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद भट्टी का नाम सामने आया था. बाबा सिद्दीकी की हत्या के मुख्य आरोपी जीशान अख्तर को भारत से बाहर भागने में शहजाद भट्टी ने मदद की थी. 2024 में ही शहजाद भट्टी ने BJP नेता और फिल्म स्टार मिथुन चक्रवर्ती को जान से मारने की धमकी दी थी.

लॉरेंस के भाई अनमोल ने शहजाद से बताया है जान का खतरा

फिर इस साल 18 मार्च 2025 को पंजाब के जालंधर में यूट्यूबर रजर संधू के घर पर ग्रेनेड फेंका गया. हमले के कुछ ही देर बाद एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें भट्टी ने खुद इसकी जिम्मेदारी ली और इसे धार्मिक प्रतिशोध बताया. हाल ही में अमेरिका से भारत आया लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने भी शहजाद भट्टी से अपनी जान को खतरा बताया था. 

भट्टी ने वीडियो में अनमोल और उसके परिवार को मारने की धमकी दी

अनमोल ने कोर्ट में अर्जी दाखिल कर बताया कि पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से उसकी जान को बड़ा खतरा है. सोशल मीडिया पर आए एक वीडियो में अनमोल और उसके परिवार को खुलेआम हत्या की धमकी दी गई थी. अनमोल बिश्नोई फिलहाल एनआईए की कस्टडी में है और उसने कोर्ट से मांग की है कि जब भी उसे पेशी के लिए लाया जाए तो उसे बुलेटप्रूफ गाड़ी में लाया जाए और बुलेटप्रूफ जैकेट दी जाए. 

यह भी पढे़ं - दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने तीन से ज्यादा आतंकियों को किया गिरफ्तार, ISI से जुड़े थे तार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shahzad Bhatti, Shahzad Bhatti Profile, Lawrence Bishnoi, Lawrence Bishnoi Brother Anmol Bishnoi, Delhi Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com