- तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में थलापति विजय की पार्टी टीवीके बंपर जीत की ओर बढ़ रही है
- प्रशांत किशोर ने एक साल पहले ही तमिलनाडु में थलापति विजय की जीत की भविष्यवाणी की थी
- प्रशांत किशोर ने तमिलनाडु में टीवीके की जीत के बाद अपनी लोकप्रियता धोनी से भी अधिक होने की बात कही थी
Tamil Nadu Election Result: तमिलनाडु में थलापति विजय की पार्टी टीवीके बंपर जीत की ओर बढ़ रही है. विजय की ये जीत हैरान करने वाली है, लेकिन बिहार में जनसुराज के चीफ और राजनीति के एक्सपर्ट माने जाने वाले प्रशांत किशोर ने विजय की जीत की भविष्यवाणी एक साल पहले ही कर दी थी. प्रशांत का तब का वो वीडियो आज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बता दें कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है और टीवीके 234 में से 108 सीटों पर आगे चल रही है.
तमिलनाडु में थलापति विजय के एक चुनावी कार्यक्रम के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा था, "यहां एमएस धोनी को जानने वाले काफी हैं. वह अकेले बिहारी हैं, जिनकी पॉपुलेरिटी तमिलनाडु में मुझसे ज्यादा है. लेकिन याद रखिएगा, जब मैं आपको (टीवीके) जीतने में मदद करूंगा, तो तमिलनाडु में धोनी से ज्यादा पापुलर जाऊंगा."
हालांकि, बता दें कि पीके और IPAC (इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी) से अलग हो चुके हैं. प्रशांत किशोर ने पिछले साल बिहार चुनाव में हार का सामना करने के बाद कहा था कि वह अब किसी भी पार्टी को एडवाइज नहीं करेंगे.
एक नहीं कई बार PK ने विजय को लेकर की भविष्यवाणी
थलापति विजय तमिलनाडु की राजनीति में कहां तक छलांग लगा सकते हैं, इसे प्रशांत किशोर ने बहुत पहले ही भांप लिया था. इसलिए जब-जब प्रशांत किशोर से पूछा गया कि क्या विजय की पार्टी टीवीके सत्ता के शिखर तक पहुंच सकते हैं, तो उन्होंने कहा- 'बिल्कुल, अगर विजय अकेले चलते हैं और मेहनत करते हैं, तो उन्हें सत्ता के शिखर तक जाने से कोई नहीं रोक पाएगा.' हालांकि, जब-जब प्रशांत किशोर ने विजय को लेकर भविष्यवाणी की, तब-तब लोगों ने हैरानी जताई. लेकिन अब तमिलनाडु के परिणाम बता रहे हैं कि प्रशांत किशोर को यूं ही भारतीय राजनीति का चाणक्य नहीं कहा जाता है.
... तब झूम उठे थे टीवीके के नेता
टीवीके के पहले स्थापना दिवस के अवसर पर प्रशांत किशोर ने कहा था, "धोनी हर बार चेन्नई सुपर किंग्स को जिताते हैं. यहां सभी उन्हीं के नारे लगा रहे हैं. अगर मैं टीवीके को जिता दिया तो तमिलनाडु में धोनी से ज्यादा पॉपुलर कौन होगा? मैं या धोनी?" इस पर टीवीके के समर्थक खुशी से झूम उठे थे. विजय ने भी मुस्कुराते हुए प्रशांत किशोर की ओर देखा था. हालांकि, हंसी में कही गई बात को तब शायद ही किसी ने इतना सीरियस लिया होगा. लेकिन अब उस कार्यक्रम में मौजूद हर टीवीके नेता पीके की बात को जरूर याद कर रहा होगा.
ये भी पढ़ें :- तमिलनाडु में जीते एक्टर विजय तो पुष्पा 2 का सीन हो रहा वायरल, लोग पूछ रहे ये है तृषा का बर्थडे गिफ्ट?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं