विज्ञापन

'पिक्चर अभी बाकी है', पश्चिम बंगाल के पॉलिटिकल ड्रामे पर NDTV से बोले शत्रुघ्न सिन्हा

पश्चिम बंगाल का सियासी ड्रामा बढ़ता जा रहा है. इस बीच टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने NDTV से बात करते हुए कहा कि वह ममता बनर्जी के साथ हैं, और रहेंगे.

'पिक्चर अभी बाकी है', पश्चिम बंगाल के पॉलिटिकल ड्रामे पर NDTV से बोले शत्रुघ्न सिन्हा
शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि वह ममता बनर्जी के साथ हैं और रहेंगे. (फाइल फोटो)
IANS

पश्चिम बंगाल में चुनावी हार के बाद से तृणमूल कांग्रेस में उथल-पुथल मची हुई है. 60 से ज्यादा विधायक और 20 से ज्यादा सांसद बागी हो गए हैं. बागियों की लिस्ट में शत्रुघ्न सिन्हा का नाम होने की भी खबरें थीं लेकिन उनका कहना है कि वह ममता बनर्जी के साथ थे, हैं और हमेशा रहेंगे. उन्होंने NDTV से बात करते हुए कहा कि ममता बनर्जी उनकी नेता हैं और वह उनकी ही सुनते हैं.

मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देने के NDTV के सवाल पर शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि यह उनका राष्ट्रीय कर्तव्य था.

उन्होंने कहा, 'आप जानते हैं कि मैं अपनी स्पष्टवादिता के लिए, स्ट्रेट को स्ट्रेट कहने के लिए, अपनी बातों को सहज तरीके से लेकिन बोल्ड और बिंदास अंदाज में रखने के लिए मशहूर हूं या बदनाम हूं. मैं जो करता हूं वो सोच-समझकर करता हूं. बगैर किसी स्वार्थ के करता हूं. आज जब 12 साल पूरे हुए हैं, प्रधानमंत्री के, जो पूरे देश के हैं और ऐसे प्रधानमंत्री का जिन्होंने सबसे लंबा समय तय किया है, मैं समझता हूं कि मेरा राष्ट्रीय कर्तव्य है, मैंने उसका पालन किया है. मैंने प्रधानमंत्री को ट्रू स्पोर्ट्समैनशिप में बधाई दी है.'

क्या घमंडी हैं अभिषेक बनर्जी?

टीएमसी में बगावत करने वाले ज्यादातर नेता अभिषेक बनर्जी को घमंडी बता रहे हैं. आज सुबह ही टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने भी कहा था कि ममता बनर्जी को अभिषेक या मुझ में से किसी एक को चुनना चाहिए.

अभिषेक बनर्जी में घमंड है क्या? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि 'ममता बनर्जी मेरी नेता हैं, थीं और उन्हीं की बात मैं सुनता हैं. उनके अलावा किसी को नेता नहीं माना. बाकी सब सहयोगी हैं. मेरे साथ रहे हैं और मैं उनके साथ रहा हूं. मेरी नेता सिर्फ और सिर्फ ममता बनर्जी हैं.'

उन्होंने आगे कहा कि 'अब रही बात कल्याण बनर्जी की तो वो बहुत ही मंझे हुए, समझदार और जबरदस्त नेता हैं, वो अगर कुछ कह रहे हैं तो हो सकता है कि उन्होंने गुस्से में कुछ कहा हो, कोई कारण रहा हो, शायद उनके साथ लॉयर की हैसियत से गए थे, वहां मान-सम्मान नहीं मिला हो. कल्याण बनर्जी जैसे काबिल नेता ने ये कहा है कि मैं ममता बनर्जी के साथ हूं और जो ममता कहेंगी वो मैं करूंगा, तो हम सबको पता है कि वो ममता बनर्जी के साथ हैं.'

यह भी पढ़ेंः टोपी, मास्क, चश्मा... कुछ इस अंदाज में दिल्ली से कोलकाता पहुंचीं सयानी घोष, VIDEO

'पिक्चर अभी बाकी है'

पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजों के बाद से ही टीएमसी का पॉलिटिकल ड्रामा शुरू हो गया है. विधायकों से लेकर सांसद तक बगावत कर चुके हैं.

इस बारे में शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि ममता बनर्जी इस सबसे निकल जाएंगी. उन्होंने कहा कि 'ज्यादा अहम ये है कि इसका अंजाम क्या होने वाला है. मैंने शुरू में ही कहा कि मुसीबतों को वही पार कर सकता है, जिसके अंदर इसको पार करने की शक्ति होती है.' 

उन्होंने कहा कि 'ममता बनर्जी जमीन से जुड़ी नेता हैं. संघर्ष करके पार्टी को सींचा है. इस काडर को मजबूत किया है. उनको पार्टी विरासत में नहीं मिली है. बल्कि संघर्ष के बल पर हासिल की है. तभी वह 35 साल तक जिसका शासन रहा, उसको उखाड़ फेंकने में कामयाब रहीं.'

उन्होंने ममता बनर्जी को देश और बंगाल की अपेक्षा का प्रतीक बताया. उन्होंने कहा कि 'आज दुख की घड़ी में, मुसीबत की घड़ी में, ममता बनर्जी को जैसे फंसाया जा रहा है, वो उससे निकलकर आ रही हैं.'

यह भी पढ़ेंः 'मेरा घोर अपमान, वो खुद को राजा समझता है'... कल्याण बनर्जी ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी पर भड़के

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
TMC Split News, Mamata Banerjee, Shatrughan Sinha, Shatrughan Sinha Interview, West Bengal Politics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com