- छात्रों की मांगों में TRE 4 का विज्ञापन जारी करना और सभी खाली पदों पर नियुक्ति सुनिश्चित करना शामिल है
- बिहार शिक्षा विभाग ने बीपीएससी को कुल 32 हजार 388 पदों पर भर्ती के लिए अधियाचना भेजी है
- STET परीक्षा पहले होने के कारण TRE 4 भर्ती प्रक्रिया में और देरी संभव है, जिससे छात्रों का आंदोलन तेज होगा
जंतर मंतर और झारखंड के बाद अब बिहार में छात्र अनशन शुरू करेंगे. शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के इस्तीफे, TRE 4 के लिए विज्ञापन जारी करने एवं अन्य परीक्षाओं में हुई गड़बड़ी के खिलाफ छात्र नेता दिलीप 18 अगस्त से आमरण अनशन करेंगे. आज पटना में छात्रों की बैठक के बाद यह फैसला किया गया. छात्र लंबे वक्त से TRE 4 का विज्ञापन जारी करने की मांग कर रहे हैं. जिस दिन शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने पदभार ग्रहण किया था, उस दिन भी छात्र सड़कों पर उतरे थे. अब उन्होंने आमरण अनशन करने का फैसला किया है.
ऐसे हुआ ऐलान, देखें वीडियो
TRE4 के विज्ञापन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे सहित अन्य मांगों को लेकर 18 अगस्त से पटना में आमरण अनशन pic.twitter.com/Jyf26xcddb
— Dileep kumar - Student Leader (@DileepY51270176) August 13, 2026
छात्र क्यों करने जा रहे आंदोलन
छात्र नेता दिलीप ने कहा की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों की आज बैठक हुई है. बैठक में यह फैसला किया गया है कि 18 अगस्त से गर्दनीबाग में आमरण अनशन शुरू किया जाएगा. आमरण अनशन शुरू होने के 5 दिन के अंदर अगर सरकार ने हमारी मांगे नहीं मानी तो हम विधानसभा का घेराव करेंगे. गर्दनीबाग का आमरण अनशन भी जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री ने पहले कहा था कि जुलाई में हर हाल में तैयारी 4 का विज्ञापन जारी हो जाएगा. जब उनसे जुलाई से पहले सवाल किया जाता था तो वह कहते थे जुलाई आ गया क्या, जब जुलाई आया तो वह कहते रहे जुलाई बीत गया क्या. अब अगस्त भी आधा बीत गया है और अब तक विज्ञापन जारी नहीं हुआ है. अब हमारे पास आंदोलन के अलावा कोई और रास्ता नहीं है.
यह हैं छात्रों की मांग
- TRE 4 का विज्ञापन जारी करना.
- सभी खाली पदों पर नियुक्ति होनी चाहिए.
- TRE 4 में एकल परीक्षा होनी चाहिए.
- डोमिसाइल का सही से पालन होना चाहिए.
- BSSC से संविदा वेटेज हटाया जाना चाहिए.
- AEDO की परीक्षा जल्द कराई जानी चाहिए.
- लाइब्रेरियन की बहाली जल्द होनी चाहिए.
- सभी परीक्षाओं में पारदर्शिता होनी चाहिए.
- आंसर की जारी होनी चाहिए.
- सभी कैंडिडेट को आंसर शीट की कार्बन कॉपी भी मिलनी चाहिए.
शिक्षा विभाग ने BPSC को भेजी है अधियाचना
बिहार के शिक्षा विभाग की 32 हजार 388 पदों के लिए बीपीएससी को अधियाचना भेजी गई है. शिक्षा विभाग के अंतर्गत पहली से पांचवीं तक 10 हजार 778 पदों पर, छठी से आठवीं तक 8583, नौवीं से दसवीं तक 9082 पदों पर, ग्यारहवीं - बारहवीं के 16 हजार 774 पदों पर भर्ती होनी थी. इस बार कक्षा 1–5 तक 3,847 पद, कक्षा 6–8 तक 8,563 पद, कक्षा 9–10 के लिए 3,877 पद, कक्षा 11–12 16,101 पद पर भर्ती होनी है. हालांकि, अब STET की परीक्षा पहले होनी है, इस वजह से TRE 4 में और अधिक देरी हो सकती है.
यह भी पढ़ें-
भरत तिवारी एनकाउंटर केस: परिवार के एक सदस्य को मिलेगी सरकारी नौकरी, CM सम्राट का ऐलान
बिहार में फिर लागू हुई जोनल पुलिस व्यवस्था, कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए सरकार का बड़ा फैसला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं