- दुर्गापुर के लिंक पार्क इलाके में छठ पूजा के लिए चंदा वसूलने को लेकर विवाद हुआ और मारपीट हुई.
- कमेटी ने प्रत्येक डाले के लिए 500 रुपये चंदा मांगा था, जिससे स्थानीय व्यक्ति ने तीन सौ रुपये प्रस्तावित किए.
- विवाद के बाद मारपीट और दुकान में तोड़फोड़ हुई, पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर बाकी की तलाश शुरू की.
देशभर में छठ महापर्व की धूम चल रही है. लेकिन पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में इस त्योहार को लेकर विवाद हो गया. 500 रुपये चंदा देने से इनकार और 300 रुपये देने की बात पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और दुकान में तोड़फोड़ तक पहुंच गया. घटना के बाद इलाके में काफी देर तक तनाव बना रहा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. स्थानीय सूत्रों के मुताबिक दुर्गापुर के लिंक पार्क इलाके में छठ पूजा घाट की तैयारी के लिए कमेटी की ओर से कूपन बांटकर चंदा वसूली की जा रही थी. बताया जा रहा है कि प्रत्येक डाला यानि छठ का सूप के लिए 500 रुपये चंदा मांगा जा रहा था. इसी को लेकर विवाद हुआ था.
दुर्गापुर में क्यों हुआ विवाद
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के लिए इसी दौरान मनीष मोदी नामक एक व्यक्ति के पास कमेटी के सदस्य पहुंचे, आरोप है कि मनीष मोदी ने 500 रुपये देने के बजाय 300 रुपये देने का प्रस्ताव रखा. बस इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. कमेटी के सदस्य दिनेश बरनवाल, मुकेश सिंह, सूरज बरनवाल समेत अन्य लोग मौके पर मौजूद थे, कहासुनी धीरे-धीरे तेज हो गई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया. दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. घटना की जानकारी मिलते ही दुर्गापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है, जिसमें एक युवक को गिरफ्तार किया गया है. बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है.
ये वीडियो भी देखिए
पुलिस का कहना है कि चंदे को लेकर हुई मारपीट की पूरी घटना की जांच की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि पहले मारपीट किसने शुरू की और तोड़फोड़ में कौन-कौन शामिल था.
बताया जा रहा है कि छठ पूजा में घाट की सजावट, लाइटिंग, सफाई, बैरिकेडिंग और सुरक्षा के लिए स्थानीय कमेटियां चंदा इकट्ठा करती हैं. आमतौर पर यह चंदा स्वेच्छा से दिया जाता है. कोई तय रकम नहीं होती. लेकिन कई इलाकों में कूपन सिस्टम लागू कर दिया गया है, प्रति परिवार या प्रति डाला के हिसाब से 200 से 500 रुपये तक चंदा मांगा जाता है. इसी को लेकर विवाद हुआ है.
इनपुट:मोहन सिंह
ये भी पढ़ेंः छठ पर क्या है राज ठाकरे और उद्धव की सेना का हठ, कई घाटों पर बढ़ानी पड़ी सुरक्षा; भोजपुरी गीतों पर भी विवाद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं