- महाराष्ट्र में छठ को लेकर समुद्र तटों और तालाबों पर प्रदूषण को लेकर मनसे ने प्रदूषण रोकने की कड़ी मांग की है
- राज ठाकरे ने भाजपा पर मराठी और उत्तर भारतीय समुदाय के बीच सांस्कृतिक टकराव पैदा करने का आरोप लगाया है
- रेलवे स्टेशनों पर छठ यात्रियों के लिए बजाए जा रहे भोजपुरी गीतों पर मनसे और शिवसेना ने आपत्ति जताई है
बिहार समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में मनाए जा रहे छठ पर्व पर महाराष्ट्र में राजनीतिक विवाद छिड़ गया है. हालात ऐसे हैं कि कई जगहों पर सुरक्षा के इंतजाम करने पड़े हैं ताकि किसी तरह का विवाद न होने पाए. एक तरफ जहां जुहू चौपाटी समेत शहर के तमाम समुद्र तटों और कृत्रिम तालाबों पर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए लाखों श्रद्धालु उमड़ रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ समुद्री प्रदूषण, रेलवे स्टेशनों पर बजने वाले भोजपुरी गीतों और मराठी अस्मिता को लेकर छिड़े घमासान ने इस धार्मिक उत्सव को राजनीतिक अखाड़ा बना दिया है. तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए मुंबई पुलिस और बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं.
प्रदूषण और कृत्रिम तालाबों की मांग पर मनसे का विरोध
मुंबई के प्रमुख समुद्र तटों पर छठ पूजा के आयोजन को लेकर मनसे ने कड़ा रुख अपनाया है. मनसे नेताओं ने गिरगांव चौपाटी, जुहू से लेकर गोराई तक समुद्र तटों और बाणगंगा तालाब में पूजा सामग्री के विसर्जन से होने वाले प्रदूषण पर आपत्ति जताई है. मनसे नेता यशवंत किल्लेदार ने सवाल उठाया कि जब गणेशोत्सव के दौरान मूर्तियों के विसर्जन के लिए कृत्रिम तालाबों का उपयोग किया जाता है. छठ पूजा के लिए प्राकृतिक जल स्रोतों को प्रदूषित करने के बजाय कृत्रिम तालाबों का इस्तेमाल क्यों नहीं किया जा रहा है? वहीं, मालाबार हिल विभाग के मनसे अध्यक्ष दिनेश पुंडे ने बाणगंगा और गिरगांव चौपाटी पर विसर्जन रोकने की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी थी.
राज ठाकरे का भाजपा पर हमला और रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गीतों का विवाद
इस विवाद में मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने सीधे भाजपा को निशाने पर लिया है. राज ठाकरे ने आरोप लगाया कि भाजपा आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को साधने के लिए मुंबई में मराठी और उत्तर भारतीय समुदायों के बीच सांस्कृतिक टकराव पैदा कर रही है. सीएसएमटी (CSMT) और एलटीटी (LTT) जैसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर छठ यात्रियों की सुविधा के नाम पर बजाए जा रहे भोजपुरी गीतों पर भी मनसे और शिवसेना (यूबीटी) ने तीखी आपत्ति दर्ज कराई है. उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना के सांसद संजय राउत ने कहा कि स्टेशनों पर ट्रेनों की जानकारी की जगह भोजपुरी गाने बजाकर यूपी की चुनावी राजनीति को मुंबई में लाया जा रहा है.
दूसरी ओर भाजपा और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने विपक्ष पर 'मराठी बनाम अमराठी' का भेदभाव पैदा करने और हिंदू त्योहारों का विरोध करने का पलटवार किया है. हालांकि इस सियासी खींचतान के बीच मालाड पूर्व में मनसे की ही एक नगरसेविका द्वारा छठ पूजा के आयोजन ने पार्टी के भीतर दोहरे रुख की चर्चाओं को भी हवा दे दी है.
कानून-व्यवस्था पर पुलिस सख्त, मनसे नेता को थमाया नोटिस
विवाद और विरोध प्रदर्शन की चेतावनियों को देखते हुए मुंबई पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. मालाबार हिल पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 168 के तहत मनसे नेता दिनेश पुंडे को कानूनी नोटिस जारी कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की सख्त हिदायत दी है. पुलिस ने बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया है कि बाणगंगा तालाब परिसर में प्रदूषण रोकने के लिए धार्मिक गतिविधियों पर पहले से ही अदालती प्रतिबंध लागू हैं. पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि किसी भी तरह से शांति भंग करने या निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
जुहू चौपाटी समेत घाटों पर सुरक्षा घेरा और बीएमसी की विशेष तैयारी
सुरक्षा के मद्देनजर जुहू चौपाटी और अन्य प्रमुख तटीय इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. ट्रैफिक पुलिस ने भीड़ प्रबंधन के लिए 15 नवंबर दोपहर 2 बजे से 16 नवंबर सुबह 11 बजे तक जुहू बीच के आसपास यातायात प्रतिबंध लागू किए हैं. अकेले जुहू चौपाटी पर करीब 5 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने के अनुमान को देखते हुए बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े के निर्देश पर विशेष इंतजाम किए गए हैं. प्रशासन की ओर से पूजा स्थलों पर कृत्रिम तालाब, सीसीटीवी कैमरे, हाई-मास्ट लाइटिंग, लाइफगार्ड्स, फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम, स्टैंडबाय एम्बुलेंस, मोबाइल टॉयलेट और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई है. इसके साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे समुद्री लहरों से सावधान रहें और पूजा सामग्री निर्दिष्ट कलशों या कूड़ेदानों में ही विसर्जित करें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं