आज से करीब चार हजार साल पहले की बात है. सऊदी अरब में मक्का के एक बंजर रेगिस्तान में हजरत इस्माइल प्यास से तड़प रहे थे और उनकी मां बीबी हाजरा पानी की तलाश में सफा-मरवा पहाड़ी में चक्कर लगा रही थीं कि अपने बेटे की प्यास बुझा सकें. प्यास से तड़पते अपने बच्चे को देखकर बीबी हाजरा बहुत परेशान हो गईं और उन्होंने सात बार पहाड़ी के चक्कर लगाए. यह उस दौर की बात है, जब मक्का में चारों तरफ सहरा यानी रेगिस्तान हुआ करता था. बारिश ना के बराबर होती थी. कई साल तक सूखा रहता था. आज वक्त काफी बदल चुका है. मौजूदा दौर में मक्का में आए दिन बारिश होने की खबरें मिलती रहती हैं.
SPA यानी सऊदी प्रेस एजेंसी के मुताबिक, शनिवार, 14 नवंबर 2026 को मक्का के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. अल-बाहा क्षेत्र के अल-अकीक, अल-कुरा, अल-मंदाक और बानी हसन गवर्नरेट के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई. इस बारिश की वजह से कई घाटियों और नालों में पानी बहने लगा. मक्का में भारी बारिश और आंधी-तूफान के बाद वहां का नजारा बिल्कुल बदल गया. इस दौरान लोग मस्जिद-अल-हरम में नमाज पढ़ रहे थे.
- 5 नवंबर को सऊदी प्रेस एजेंसी द्वारा जारी यह चेतावनी, नेशनल सेंटर फॉर मेटियोरोलॉजी (NCM) के पूर्वानुमान पर आधारित है. NCM के मुताबिक, शुक्रवार से मंगलवार तक पूरे सऊदी अरब के बड़े हिस्से में आंधी-तूफान आने की संभावना है.
- मक्का क्षेत्र में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है, जिससे अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) आ सकती है. इसके साथ ही, ओले गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है.
- नेशनल सेंटर फॉर मीटियोरोलॉजी (NCM) के मुताबिक, नवंबर 2026 से जनवरी 2027 के बीच सऊदी अरब में औसत से ज्यादा बारिश होने की उम्मीद है, जो कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश का रूप ले सकती है. वहीं, पूरे देश में तापमान के सामान्य से ज्यादा रहने का अनुमान है.
NCM के मौसमी जलवायु पूर्वानुमान के मुताबिक, कई इलाकों में विशेष रूप से नवंबर के दौरान मध्यम से लेकर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. इसके साथ ही, इन तीन महीनों की पूरी अवधि के दौरान सतह का औसत तापमान मौसमी सामान्य स्तर से अधिक रहने की संभावना है.
सऊदी में क्लाइमेट चेंज का असर?
सऊदी में होने वाली बारिश इस इलाके के सामने मौजूद पर्यावरणीय चुनौतियों- क्लाइमेट चेंज और वाटर रिसोर्स मैनेजमेंट की याद दिलाती है.
Discover Sustainability की रिपोर्ट के मुताबिक, 1985 से 2023 के डेटा पर हुई एक रिसर्च कहती है कि मक्का इलाके में पिछले दशकों में बारिश की फ्रीक्वेंसी और इंटेंसिटी बढ़ी है. मक्का में बारिश बढ़ने की दर 35.37 मिलीमीटर प्रति दशक रही. इन 38 सालों में मक्का के अंदर 139 भारी और 20 एक्सट्रीम बारिश वाले दिन दर्ज हुए.
एक तरफ मक्का में बारिश का पैटर्न बदल रहा है, जिसे वैज्ञानिक क्लाइमेट चेंज से जोड़कर देख रहे हैं. वहीं, दूसरी तरफ, क्लाइमेट एक्शन ट्रैकर के मुताबिक, सऊदी अरब का उत्सर्जन तेजी से बढ़ रहा है और 2035 तक इसके और बढ़ने का अनुमान है. हाल की किसी भी पॉलिसी से ऐसा नहीं लगता कि इस बढ़ोतरी को धीमा किया जा सकेगा या जीवाश्म ईंधन पर देश की निर्भरता कम हो पाएगी. रीन्यूएबल एनर्जी का विस्तार करके उत्सर्जन कम करने की सरकार की योजनाएं काफी हद तक फेल रही हैं. साल 2030 तक अपनी 50% बिजली रीन्यूएबल सोर्सेज से पैदा करने का सऊदी अरब का टारगेट अभी भी सिर्फ एक ख्वाहिश ही बना हुआ है. 2024 में कुल बिजली उत्पादन में नवीकरणीय ऊर्जा की हिस्सेदारी सिर्फ 2% थी, जो इसके टारगेट्स और उन्हें लागू करने के बीच के बड़े अंतर को दिखाती है.
दुनिया के सबसे बड़े कच्चे तेल निर्यातक के रूप में सऊदी अरब वैश्विक उत्सर्जन में एक बड़ी हिस्सेदारी रखता है.
दुनिया को क्यों चौंकाती है मक्का की बारिश?
काबा शरीफ की वजह से मक्का शहर दुनिया भर के 1.8 अरब से ज्यादा मुसलमानों के लिए अहमियत रखता है. इस शहर में मौसम से जुड़ी किसी भी घटना पर कड़ी नज़र रखी जाती है, न सिर्फ इसलिए कि इसका वहां रहने वालों और आने वाले यात्रियों पर तुरंत असर पड़ता है, बल्कि इसलिए भी कि इसका बुनियादी ढांचे और हजयात्रा की व्यवस्थाओं पर बड़ा असर होता है.
मक्का में बारिश कयामत की निशानी है?
मक्का सहित सऊदी के कई इलाकों में बारिश और हरियाली आने से जुड़े बदलाव के पीछे की वजह मौसम वैज्ञानिक जलवायु परिवर्तन को मानते हैं. वहीं, दूसरी तरफ कुछ लोग पैगंबर मोहम्मद से जोड़ते हुए दावा करते हैं कि मक्का में बारिश और हरियाली कयामत का वक्त नजदीक होने की निशानी है.
वहीं, इस्लामिक स्कॉलर मौलाना अब्दुल हमीद नोमानी, NDTV.in के साथ बातचीत में कहते हैं कि ऐसा कुछ नहीं है. कुरआन, हदीस और इस्लामिक शरिया में ऐसी किसी भी भविष्यवाणी का जिक्र नहीं है. यह मौसम और वक्त का उलट-फेर है. ऐसा कुछ नहीं है कि यह कयामत की निशानी है. मैं यह कहीं नहीं पढ़ा है.
कयामत के करीब होने की निशानियों जिक्र करते हुए मौलाना अब्दुल हमीद नोमानी कहते हैं, "हदीसों में यह जरूर बताया गया है कि एक वक्त ऐसा आएगा कि तो जिन लोगों की हैसियत आज कम है, ऊंट और बकरी चराने वाले निर्धन लोग बड़े-बड़े महलों में रहेंगे और इतराते फिरेंगे." वे कहते हैं कि यह सिर्फ सऊदी अरब को ही लेकर नहीं बल्कि हर जगह को लेकर कही गई बात है.
क्या है हजरत इस्माइल से जुड़ा वाकया?
करीब चार हजार साल पहले मक्का में कोई आबादी नहीं थी. यह सिर्फ पहाड़ी और रेगिस्तान का इलाका हुआ करता था. इस्लामिक मान्यता के मुताबिक, खुदा के हुक्म के बाद पैगंबर इब्राहिम अपनी पत्नी हाजरा और बेटे इस्माइल के साथ काबा आए, जो एक बंजर घाटी थी.
कुछ वक्त बाद हजरत इब्राहिम वहां से फिलिस्तीन गए. हजरत इब्राहिम की गैर-मौजूदगी में खाना-पानी जल्द ही खत्म हो गया. बीबी हाजरा के बेटे हजरत इस्माइल प्यास से तड़पने लगे. अपने बच्चे की ऐसी हालत देखकर बीबी हाजरा बेहद परेशान हो गईं.
बेचैनी की हालत में वह पानी की तलाश में पास की दो पहाड़ियों सफा और मरवाह के बीच इधर-उधर दौड़ने लगीं. उन्होंने ऐसा सात बार किया, इस पक्के यकीन के साथ कि अल्लाह उन्हें अकेला नहीं छोड़ेंगे. बता दें कि आज हज और उमराह के दौरान हाजी इसी घटना की याद में पहाड़ियों के बीच चलकर रस्म अदा करते हैं.
इस्लामिक मान्यता के मुताबिक, बीबी हाजरा के अटूट भरोसे के इनाम के तौर पर, अल्लाह ने मदद भेजी. हजरत इस्माइल प्यास की तड़प में जमीन पर अपने पैर रगड़ रहे थे और चमत्कारिक रूप से अचानक पानी का चश्मा फूट पड़ा. बीबी हाजरा ने तुरंत उस पानी को रोकने या इकट्ठा करने की कोशिश की और कहा 'ज़मज़म' यानी 'यहीं ठहरो.' बाद में यह कुआं बन गया और इस जगह से आज तक पानी निकल रहा है और इसी पानी को आब-ए-जमजम कहा जाता है.
ज़मज़म का कुआं आज भी मक्का की मस्जिद अल-हरम में काबा के पास मौजूद है. इस्लामिक परंपरा के मुताबिक, यह कुआं एक रेतीली घाटी में पानी का खुला स्रोत था, जहां पिछले जमाने में तीर्थयात्री बाल्टियों की मदद से पानी निकालते थे.
यह भी पढ़ें | बिना टूटे एक ही बार में बन जाएगी मक्के की रोटी, मास्टरशेफ ने बताया मक्के की रोटी बनाने का सबसे आसान तरीका
यह भी पढ़ें | मक्का का सबसे खूबसूरत VIDEO, झूम कर हुई बारिश और मस्जिद अल-हरम में काबा के चारों ओर तवाफ करते रहे हाजी
यह भी पढ़ें | बारिश और बाढ़ के कहर से परेशान सऊदी अरब, मक्का-मदीना में रेड अलर्ट जारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं