विज्ञापन

चारधाम यात्रा पर मौसम की मार! 12-13 मई को बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, यात्रियों से सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग की सलाह के मद्देनजर गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि मौसम की संवेदनशीलता को देखते हुए 12 और 13 मई को यात्रा कार्यक्रम बनाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतें.

चारधाम यात्रा पर मौसम की मार! 12-13 मई को बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, यात्रियों से सतर्क रहने की अपील
  • उत्तराखंड मौसम विभाग ने 12-13 मई को तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
  • उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बिजली गिरने और ओलावृष्टि के साथ बारिश की संभावना है.
  • चार धाम यात्रा वाले जिलों में विशेष सतर्कता बरतने और मौसम की ताजा जानकारी लेने की यात्रियों से अपील की गई है.

उत्तराखंड मौसम विभाग ने 12 मई और  13 मई को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों विशेषकर पर्वतीय इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि के साथ बारिश होने की संभावना जताई है. मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर चार धाम आने वाले लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान मौसम की ताजा जानकारी अवश्य प्राप्त करें और पूरी सावधानी के साथ यात्रा की योजना बनाएं. 

उत्तराखंड में इस वक्त चार धाम यात्रा चल रही है. चारों धाम में दर्शन करने के लिए श्रद्धालु भारी संख्या में पहुंच रहे हैं. इसके अलावा पर्यटक भी उत्तराखंड के अलग-अलग पर्यटक स्थलों पर जा रहे हैं. ऐसे में मौसम विभाग ने बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी चलने का अलर्ट जारी किया है. 

ये भी पढ़ें: Uttarakhand: घर में घुसा कई फीट लंबा अजगर, कुर्सी पर बैठे लोगों के बगल से गुजरा; CCTV में दिखते ही मचा हड़कंप

चार धाम यात्रा वाले जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट

चार धाम यात्रा वाले जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री ,यमुनोत्री धाम आते हैं. वहीं रुद्रप्रयाग में केदारनाथ धाम और चमोली जिले में बद्रीनाथ धाम आते हैं. ऐसे में इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट है और यात्री और श्रद्धालुओं के लिए विशेष एडवाइजरी भी जारी की गई है. 

मौसम विभाग की सलाह के मद्देनजर गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि मौसम की संवेदनशीलता को देखते हुए 12 और 13 मई को यात्रा कार्यक्रम बनाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतें. यदि संभव हो तो मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा करना अधिक सुविधाजनक रहेगा. साथ ही, यात्रा के दौरान प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुखद बनी रहे. 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. 

ये भी पढ़ें: Uttarakhand Ke Shiv Mandir: देवभूमि उत्तराखंड के 3 प्राचीन शिव मंदिर, जहां दर्शन मात्र से बन जाते हैं सारे बिगड़े काम

11 से 17 मई तक बारिश और ओलावृष्टि की संभावना

उत्तराखंड मौसम विभाग ने 11 मई से 17 मई तक बारिश, ओलावृष्टि और 50 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई गई है. बागेश्वर पिथौरागढ़ की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की भी संभावना है. मौसम विभाग की एडवाइजरी में कहा गया है कि दो दिन मौसम काफी खराब रहेगा , मौसम खराब होने के चलते कहीं-कहीं बिजली गिर सकती है. तेज हवाओं से कच्चे और असुरक्षित मकान को नुकसान हो सकता है तो ओलावृष्टि से बागवानी और खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है. साथ ही कहीं-कहीं हल्के से मध्य भूस्खलन और चट्टान गिरने के कारण सड़क बाधित हो सकती है. निचले इलाकों में जल भराव जैसी स्थिति हो सकती है. 

मौसम विभाग ने की लोगों से सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग ने अपनी एडवाइजरी में कहा है कि ओलावृष्टि के दौरान खुले मैदान में ना खड़े हो, बारिश और तेज हवा के चलने के दौरान यात्रा न की जाए, ना ही पहाड़ों के किनारे शरण ली जाए क्योंकि तेज हवा और बारिश के कारण ऊपर से पत्थर या फिर चट्टानें गिर सकती है. पहाड़ों पर यात्रा या ट्रैकिंग के दौरान आकाशीय बिजली गिरने के दौरान ऐसी वस्तुओं से दूर रहा जाए, जिसे आकाशीय बिजली से नुकसान पहुंच सकता है. 
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chardham Yatra, Uttarakhand Orange Alert, Gangotri Yamunotri Weather
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com