- दशहरे के अवसर पर छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में IPS अंकिता शर्मा ने पारंपरिक साड़ी पहनकर AK-47 से फायरिंग की.
- अंकिता शर्मा ने विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में हथियारों की क्षमता परखी गई.
- अंकिता शर्मा का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और चर्चा का विषय बना हुआ है.
दशहरे के अवसर पर छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में शस्त्र पूजन के दौरान एक अलग नजारा देखने को मिला. यहां की SP और IPS अधिकारी अंकिता शर्मा ने पहले विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया. इसके बाद अंकिता शर्मा पारंपरिक साड़ी में अत्याधुनिक AK-47 राइफल से फायरिंग करती नजर आईं. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वीडियो में अंकिता शर्मा को शस्त्र पूजन के बाद AK-47 से लगातार फायरिंग करते हुए देखा जा सकता है. इस दौरान मौके पर कई अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद नजर आ रहे हैं. दशहरे पर शस्त्र पूजा की परंपरा के बीच अंकिता शर्मा का यह अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. वीडियो में पहले शस्त्र पूजन और इसके बाद फायरिंग के दृश्य दिखाई दे रहे हैं. बताया जा रहा है कि पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में हथियारों की क्षमता को परखने के लिए फायरिंग की गई.
अंकिता शर्मा के बारे में
25 जून 1990 को जन्मी IPS अंकिता शर्मा छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के निवासी राकेश शर्मा और सविता शर्मा की पुत्री हैं. संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2017 में अंकिता शर्मा ने ऑल इंडिया स्तर पर 203वीं रैंक हासिल की थी और उन्हें होम कैडर छत्तीसगढ़ मिला. अंकिता शर्मा को UPSC में अपने तीसरे प्रयास में सफलता मिली थी. वे अपने पहले प्रयास में मुख्य परीक्षा तक पहुंची थीं, जबकि दूसरे प्रयास में प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण नहीं हो सकी थीं.
IPS बनने के बाद अंकिता शर्मा को छत्तीसगढ़ के भाटापारा में पहली पोस्टिंग मिली. वे रायपुर के आजाद चौक की सीएसपी भी रहीं. मई 2022 में उन्हें खैरागढ़ का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया, जहां उन्हें खैरागढ़ की पहली महिला एसपी बनने का गौरव प्राप्त हुआ. इसके अलावा, उन्होंने नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में नक्सल विरोधी ऑपरेशन्स की कमान भी सफलतापूर्वक संभाली. वर्तमान में अंकिता शर्मा राजनांदगांव जिले में पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं.
ये भी पढ़ें : 'हो जाएगा रिजीम चेंज, राहुल गांधी वियतनाम गए हैं न, आने के बाद देखो', संजय राउत का बड़ा दावा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं