अगर आपको सांपों को देखकर जरा सा भी डर लगता है तो यह धरती पर आखिरी जगह होगी, जहां आप जाना चाहेंगे. हम बात कर रहे हैं कनाडा के मैनिटोबा में मौजूद नार्सिस सांपों के गुफा की. यह गुफा लाखों 'रेड-साइडेड गार्टर स्नेक' का ठंडियों का घर है. इसे धरती पर सांपों का सबसे बड़ा ठिकाना माना जाता है. लाल धब्बों और पीली धारियों वाले ये सुंदर सांप, उत्तरी अमेरिका और दक्षिणी कनाडा के बड़े इलाकों में पाए जाते हैं. क्या आपको इस सांप के सामने आने पर सावधान हो जाना चाहिए? चलिए बताते हैं.
मौसम के हिसाब से बदलते हैं ठिकाना
ये सांप मौसम के हिसाब से अपना ठिकाना बदलते हैं. जब मौसम गर्म होता है, तो वे काई वाले या दलदली इलाकों में रहते हैं. यहां वे मुख्य रूप से मेंढकों को खाते हैं. लेकिन जैसे-जैसे सर्दियां आती हैं, वे रेंगते हुए ऐसी जगह की तलाश में निकल जाते हैं जहाँ वे छिपकर हाइबरनेशन में जा सकें. हाइबरनेशन मतलब जानवरों की लंबी गहरी नींद.जब बहुत ज्यादा ठंड पड़ती है और खाना मिलना मुश्किल हो जाता है, तो कुछ जानवर खुद को बचाने के लिए महीनों तक सो जाते हैं. यह सांप भी ठीक यही करता है.
क्यों है यह धरती पर सांपों का सबसे बड़ा ठिकाना?
कनाडा में स्थित यह नार्सिस स्नेक डेंस, चूना पत्थर की चट्टान पर फैले घास के मैदान और जंगल का मिश्रण हैं. लाखों सालों में, पानी इसके छेदों से भरे चूना पत्थर में रिसता रहा है, जिससे गहरी दरारें और गुफाएं बन गई हैं. जमीन से कई मीटर नीचे, ये गड्ढे इतने गहरे होते हैं कि इनमें बर्फ नहीं जमती, लेकिन इतने उथले भी होते हैं कि इनमें पानी नहीं भरता. सर्दियों में जब बाहर का तापमान -30°C तक गिर जाता है, तब भी इन गड्ढों के अंदर तापमान कभी 0°C से नीचे नहीं जाता. इसी वजह से ये गड्ढे 'रेड-साइडेड गार्टर स्नेक' के लिए हाइबरनेशन करने की सबसे बढ़िया जगह बन जाते हैं.
क्या यह सांप खतरनाक हैं?
नहीं, 'रेड-साइडेड गार्टर स्नेक' खतरनाक नहीं हैं. यह एकदम आम और शांत स्वभाव वाला सांप है. इंसानों के लिए इसे खतरा नहीं माना जाता. इनमें जहर बहुत हल्का होता है, जो सिर्फ छोटे शिकार जैसे मेंढक, कीड़े को पकड़ने के लिए होता है. इंसान को काट भी ले तो सिर्फ हल्की सूजन या खुजली होती है, जैसे मधुमक्खी के काटने पर. ये काटते नहीं बल्कि ये आमतौर पर भाग जाते हैं. अमेरिका-कनाडा में लोग इन्हें पालतू के तौर पर भी पालते हैं क्योंकि ये जहरीले नहीं होते. यह सांप आपको दिख जाएं तो दूर से ही रहने दें, छेड़ेंगे नहीं तो यह अपने रास्ते चला जाएगा.
यह भी पढ़ें | नाग और नागिन की पहचान कैसे होती है? नागों को घर से भगाने के क्या तरीके हैं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं