विज्ञापन

काशी फॉर्मेशन,  त्रिदेव फॉर्मेशन.. बनारस में वायुसेना ने दिखाया अपना दम

भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित होने वाले ‘विंग्स ओवर गंगेज’ एयर शो की बेहतरीन रिहर्सल हुई. 

वाराणसी के नमो घाट पर भारतीय वायु सेना ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है.

वाराणसी के नमो घाट पर भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘विंग्स ओवर गंगेज' एयर शो से पहले मंगलवार को बेहतरीन रिहर्सल का आयोजन किया गया. गंगा के ऊपर हुए इस प्रदर्शन ने काशीवासियों और पर्यटकों को रोमांच से भर दिया. आसमान में एक के बाद एक लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों की उड़ान ने पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया.

राफेल और तेजस ने बटोरी सबसे ज्यादा वाहवाही

रिहर्सल में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000, तेजस, मिग-29 और जगुआर जैसे आधुनिक लड़ाकू विमानों ने हिस्सा लिया. तेज गति से उड़ान भरते विमानों के करतब देखकर लोग हैरान रह गए. खासकर राफेल की गर्जना और तेजस की शानदार एरोबैटिक उड़ान दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रही.

100 विमानों ने दिखाया सामर्थ्य

इस विशाल हवाई प्रदर्शन में 52 लड़ाकू विमान, 15 परिवहन विमान, 32 हेलीकॉप्टर और एक विरासत विमान शामिल हुए. सी-17 ग्लोबमास्टर, चिनूक, अपाचे और एलसीएच हेलीकॉप्टरों ने भी अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया. सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम की प्रस्तुति ने दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं.

तिरंगे के रंगों से सजा काशी का आसमान

एयर शो में विभिन्न विशेष फॉर्मेशन ने लोगों का ध्यान खींचा. ‘काशी' फॉर्मेशन के तहत विमानों ने वी-आकार में उड़ान भरते हुए तिरंगे के रंगों से आसमान को सजाया. ‘ओमकार' फॉर्मेशन में एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टर राष्ट्रीय ध्वज और वायुसेना ध्वज के साथ उड़ान भरते नजर आए. वहीं ‘त्रिदेव' फॉर्मेशन में वायुसेना, थलसेना और नौसेना के हेलीकॉप्टरों ने संयुक्त उड़ान भरकर तीनों सेनाओं की एकजुटता का संदेश दिया.

स्वदेशी तकनीक और राष्ट्रीय सुरक्षा का संदेश

‘प्रचंड' फॉर्मेशन में छह प्रमुख लड़ाकू विमानों ने एक साथ उड़ान भरकर भारतीय वायुसेना की युद्ध क्षमता का प्रदर्शन किया. तेजस ने कम ऊंचाई पर शानदार एरोबैटिक करतब दिखाए. यह आयोजन केवल रोमांचक हवाई प्रदर्शन तक सीमित नहीं है बल्कि देश की सैन्य शक्ति, स्वदेशी विमानन तकनीक, तीनों सेनाओं के तालमेल और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता का भी प्रदर्शन है. नमो घाट पर होने वाला यह एयर शो आने वाले दिनों में काशी के लोगों के लिए यादगार अनुभव साबित होगा.

यह भी पढ़ें- देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले लांस नायक एबेट पालोह को थलसेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ ने दी श्रद्धांजलि

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Indian Air Force, Namo Ghat, Air Show
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com