विज्ञापन

Weather Update: पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम क्यों ले रहा फिरकी, कहीं आंधी-बारिश तो कहीं गिरे ओले, गर्मी से मिली राहत

Weather Rain Alert: दिल्ली समेत कई राज्यों में आंधी बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है. अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है.

Weather Update: पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम क्यों ले रहा फिरकी, कहीं आंधी-बारिश तो कहीं गिरे ओले, गर्मी से मिली राहत
Weather Alert IMD Rain Thunderstorm: दिल्ली, हिमाचल समेत देश के कई इलाकों में बारिश
  • दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब के कई इलाकों में तेज आंधी, बारिश और कुछ स्थानों पर ओले गिरे
  • हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिससे तापमान में गिरावट आई है
  • राजस्थान के कई हिस्सों में तेज गर्मी के बीच हल्की बारिश और आंधी से तापमान में आंशिक कमी दर्ज की गई है

Weather Update India: राजधानी दिल्ली से लेकर देशभर के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है. दिल्ली-एनसीआर में आंधी के साथ तेज बारिश हो रही है. वहीं कुछ इलाकों में ओले भी गिरे हैं. इसके अलावा यूपी, हरियाणा और राजस्थान में भी मौसम का मिजाज बदल चुका है. इधर दक्षिण और नार्थ ईस्ट के राज्यों में भी बारिश की खबरे हैं. कल तक जहां भीषण गर्मी से लोग परेशान थे वहीं अब अचानक आए मौसमी बदलाव से राहत मिली है. मौसम विभाग ने पहले ही बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया था. आखिर अचानक मौसम का मिजाज कैसे बदल गया? आइए समझते हैं.

दिल्ली में दिन में ही छा गया अंधेरा

दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में तेज आंधी के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि दर्ज की गई है. दिल्ली-एनसीआर में दोपहर में ही आसमान में घने बादल छा गए, इसके बाद दिन में ही अंधेरा हो गया. कई इलाकों में 50 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी चली और हल्की से मध्यम बारिश हुई. मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है.

हिमाचल में बारिश का ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में भी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. बारिश के बाद राज्य में मौसम ने करवट ले ली है. कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई है. सुबह से  ही कांगड़ा  में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है. कई जगहों पर बादलों की जोरदार गर्जन रहे हैं.  बारिश की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज को गई है वहीं लोगों ने गर्मी से भी राहत की सांस ली है. वहीं ऊपरी इलाकों में हल्का हिमपात भी देख गया है आज सुबह से ही धौलाधार की पहाड़ियां बर्फ से ढक गई थी. मौसम विभाग ने शिमला, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी समेत 4 जिलों में भारी ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है वहीं अगले 6 दिन बारिश, तूफान और तापमान में भारी गिरावट के आसार हैं.

राजस्थान में तेज गर्मी के बीच कई जगह हल्की बूंदाबांदी और बारिश

राजस्थान के अधिकतर भागों में तेज गर्मी के बीच कई जगह हल्की बारिश या बूंदाबांदी हुई और आंधी चलने से अधिकतम तापमान में आंशिक गिरावट आई है. कल से ही राज्य में बारिश का दौर जारी है. कोटा में कल सबसे ज्यादा 20.6 मिलीमीटर बारिश हुई. बारिश के बाद तापमान में एक से दो डिग्री तक की गिरावट देखने को मिली है. इसी तरह मई के पहले सप्ताह में भी राज्य में कहीं-कहीं हीट वेव की परिस्थितियां दर्ज होने व दोपहर बाद आंधी चलने और बूंदाबादी या बारिश होने का अनुमान है.

Latest and Breaking News on NDTV

कोलकाता में तूफान-बारिश से पारा 7 डिग्री तक गिरा

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बारिश के साथ आए तूफान की वजह से दिन के न्यूनतम तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है. सुबह न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कल (बुधवार) यह 27.7 डिग्री सेल्सियस था. कोलकाता और आस-पास के इलाकों में लोगों की गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक कोलकाता और दक्षिण बंगाल के जिलों में बारिश के साथ और अधिक आंधी-तूफान की आशंका जताई है.

तमिलनाडु में कई दिनों तक बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने आने वाले दिनों में तमिलनाडु के कई हिस्सों में मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. खासकर पश्चिमी घाट के जिलों और दक्षिणी तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है. इस दौरान इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है, जिससे मौसम में ठंडक आने और तापमान में थोड़ी गिरावट की संभावना है.

Latest and Breaking News on NDTV

बिहार में बारिश के बाद गर्मी से राहत

बुधवार शाम को पटना के मौसम में अचानक बड़ा बदलाव देखने को मिला, जिससे उन निवासियों को बहुत जरूरी राहत मिली जो सुबह से ही भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप झेल रहे थे. तेज हवाओं और बारिश ने मौसम को ठंडा और सुहावना बना दिया. आईएमडी के अनुसार, राज्य के कई ज़िलों के लिए अलर्ट जारी किए गए हैं. विभाग ने अगले कुछ घंटों में अरवल, भोजपुर, बक्सर, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, जहानाबाद, मुज़फ़्फ़रपुर, नालंदा, रोहतास, सारण, सीवान, वैशाली और पश्चिमी चंपारण के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं, बारिश और बिजली गिरने का अनुमान लगाया है.

उत्तराखंड में भी बारिश और ओले का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तराखंड में भी हल्की से मध्यम बारिश होने, ओले गिरने के साथ ही करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जारी किया है. मौसम केंद्र ने विशेष रूप से देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों के पहाड़ी क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी करते हुए अगले 24 से 48 घंटों के दौरान ओलावृष्टि और तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया है. बारिश का यह दौर पांच मई तक जारी रह सकता है.

यह भी पढ़ें: दिल्ली, जयपुर से प्रयागराज तक भट्ठी जैसे क्यों धधक रहे शहर, झुलसाने वाली लू, मई में क्या होगा मौसम का हाल

कैसे बदला मौसम का मिजाज?

उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में अचानक बड़ा बदलाव आया है, जिससे भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे लोगों को काफी राहत मिली है. मौसम विभाग के अनुसार, एक चक्रवाती परिसंचरण का पूर्व-पश्चिम अक्ष उत्तरी हरियाणा से लेकर मणिपुर तक फैला हुआ है. यह उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, बांग्लादेश और असम से होकर गुजरता है. इसके कारण, बंगाल की खाड़ी से बड़ी मात्रा में जलवाष्प पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर रही है.

यह भी पढ़ें: दिल्ली-नोएडा में दिन में छाया अंधेरा, कई इलाकों में आंधी के साथ भारी बारिश, गाजियाबाद में गिरे ओले

लेखक के बारे में
img
अनुभव शाक्य
chief sub editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Weather Update, Weather Update Delhi, Delhi Weather, Rain In Delhi, Delhi Rain Update
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com