राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई. वहीं, पश्चिमी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हुई. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार को यह जानकारी दी. बारिश से जोधपुर शहर में सड़कों पर लबालब पानी भर गया. जगह-जगह जल भराव के बाद लोग परेशान दिखे.
पॉश एरिया में भी पानी भरा
जोधपुर के पॉश एरिया कहलाने वाले शास्त्री नगर में भी जगह-जगह जल भराव हो गया. मथुरादास माथुर अस्पताल आने जाने वाले मरीजों के साथ आम लोगों को भी भारी परेशानी हुई. अस्पताल की पार्किंग में भी पानी भर गया. प्रशासन के दावों की पोल खुल गई. जल भराव के कारण ट्रैफिक जाम हो गया. हलांकि किसानों के चेहरे खिल गए.
— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) August 3, 2026
सलूंबर में 67.0 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड
आईएमडी के जयपुर केंद्र के अनुसार रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक 67.0 मिलीमीटर वर्षा सलूंबर में दर्ज की गई. इस अवधि में फलोदी का अधिकतम तापमान राज्य में सबसे अधिक 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सिरोही में न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो राज्य में सबसे कम था.

जोधपुर में सड़क पर भरा पानी. (NDTV)
मॉनसून पूरी तरह से सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के विभिन्न हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां फिलहाल सक्रिय रहेंगी. विभाग ने संकेत दिया है कि आगामी दिनों में भी कई क्षेत्रों में वर्षा के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी रहेंगी.
यह भी पढ़ें: बीकानेर में पाक सीमा पर मिला हथियारों का भारी जखीरा, 15 अगस्त के समारोह में यहीं रहेंगे CM भजनलाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं