विज्ञापन
This Article is From Sep 24, 2023

"हम चिंतित हैं": कनाडा में उनके बच्चे... भारतीय पूरी स्थिति पर बनाए हुए हैं बारीकी से नज़र

पंजाब भाजपा प्रमुख सुनील जाखड़ ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से कनाडा में भारतीय छात्रों और निवासियों के लिए एक हेल्पलाइन मुहैया करने का आग्रह किया है.

"हम चिंतित हैं": कनाडा में उनके बच्चे... भारतीय पूरी स्थिति पर बनाए हुए हैं बारीकी से नज़र
निज्जर की जून में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में एक गुरुद्वारे के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी
नई दिल्‍ली:

भारत और कनाडा के बीच बड़े राजनयिक विवाद के बीच, भारतीय छात्रों के माता-पिता चिंतित हैं. माता-पिता को यह चिंता है कि भारत से बढ़ते गतिरोध के कारण कनाडा में उनके बच्चों को कहीं कोई परेशानी न हो. बच्‍चों की सुरक्षा को लेकर माता-पिता बेहद डरे हुए हैं. बलविंदर सिंह की बेटी कनाडा में पढ़ती है, उन्‍होंने न्‍यूज एजेंसी एएनआई को बताया, "हम चिंतित हैं, मेरी बेटी सात महीने पहले पढ़ाई के लिए कनाडा गई थी. मेरी बेटी भी वहां चिंतित है. दोनों देशों के बीच चल रहे इस तनाव के बीच वह अपनी पढ़ाई पर फोकस नहीं कर पा रही है."

वहीं, कुलदीप कौर ने कहा, "मेरी दो बेटियां कनाडा में हैं और मुझे बहुत टेंशन हो रही है. जल्‍द से जल्‍द भारत और कनाडा की सरकारों को समाधान निकालना चाहिए."

इधर, कुछ छात्रों अब असमंजस में हैं कि उन्‍हें कनाडा में जाकर पढ़ाई करनी चाहिए.  दोनों देशों के बीच दुश्मनी गहराने के कारण कुछ छात्र कनाडा में अध्ययन करने की अपनी योजना को लेकर भी चिंतित हैं। उन्हें चिंता है कि कनाडा में वीज़ा सेवाओं को निलंबित करने के सरकार के कदम का सीधा असर उनके प्रवासन पर पड़ सकता है।

पंजाब भाजपा प्रमुख सुनील जाखड़ ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से कनाडा में भारतीय छात्रों और निवासियों के लिए एक हेल्पलाइन मुहैया करने का आग्रह किया है. उन्‍होंने कहा, "मैं आपसे एक समर्पित हेल्पलाइन नंबर स्थापित करने का अनुरोध करूंगा, जिस पर हमारे एनआरआई और छात्र संपर्क कर सकें और भारतीय वाणिज्य दूतावासों से मदद ले सकें. जरूरत पड़ने पर अधिकारियों से संपर्क करने के लिए विदेश जाने की योजना बना रहे भारतीय छात्रों के  मार्गदर्शन के लिए एक व्हाट्सएप नंबर जारी किया जा सकता है.

कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप करने और कनाडा में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया. बता दें कि इस सप्ताह की शुरुआत में कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने आरोप लगाया कि खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्‍या के पीछे "भारत सरकार के एजेंट" हो सकते हैं. भारत ने इस आरोप को "बेतुका" बताते हुए खारिज कर दिया.

भारत और कनाडा दोनों ने एक दूसरे देश के एक वरिष्ठ राजनयिक को निष्कासित कर दिया है. साथ ही भारत ने बढ़ती भारत विरोधी गतिविधियों और "राजनीतिक रूप से समर्थित" घृणा अपराधों के मद्देनजर कनाडा में अपने नागरिकों और वहां यात्रा करने पर विचार कर रहे लोगों को "अत्यधिक सावधानी" बरतने की सलाह दी है. विदेश मंत्रालय ने कहा, "कनाडा में बिगड़ते सुरक्षा माहौल को देखते हुए, विशेष रूप से भारतीय छात्रों को अत्यधिक सावधानी बरतने और सतर्क रहने की सलाह दी जाती है."

बता दें कि खालिस्‍तानी आतंकी 45 वर्षीय निज्जर की जून में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में एक गुरुद्वारे के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वह प्रतिबंधित खालिस्तान टाइगर फोर्स का प्रमुख और भारत के सर्वाधिक वांछित आतंकवादियों में से एक था.

इसे भी पढ़ें :-

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Canada Conflict, Khalistan, Nijjar Killing, Canada PM Justin Trudeau
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com