- पंजाब से तीन आरोपी सिंघु बॉर्डर पर आपत्तिजनक नारे और खालिस्तान समर्थक ग्राफिटी बनाने के आरोप में गिरफ्तार
- आरोपियों ने आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू के इशारे पर नारे लिखे थे
- खालिस्तान समर्थक नारे और ग्राफिटी सिंघु बॉर्डर पर 6 सितंबर को देखे गए थे
सिंघु बॉर्डर पर आपत्तिजनक नारे लिखने और खालिस्तान-समर्थक ग्राफिटी बनाने के आरोप में पंजाब से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, तीनों ने आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू के इशारे पर आपत्तिजनक नारे दीवार पर लिखे थे. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक सीधे पन्नू से संपर्क में भी था.
सिंघु बॉर्डर पर लिखे गए खालिस्तान समर्थ नारे
सिंघु बॉर्डर की दीवारों पर 6 सितंबर को ये नारे और ग्राफिटी देखी गई थीं. इसकी जानकारी मिलने के बाद स्पेशल सेल ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू की.पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रतिबंधित खालिस्तान-समर्थक संगठन 'सिख्स फॉर जस्टिस'के चीफ पन्नू ने एक्स पर एक पोस्ट में इस घटना की जिम्मेदारी भी ली थी.
पंजाब से तीन आरोपी गिरफ्तार
आरोपियों की पहचान प्रीतपाल, हरमिंदर सिंह और शीशपाल के तौर पर की गई है. सूत्रों के मुताबिक, जांचकर्ताओं ने सिंघु बॉर्डर के CCTV फुटेज के जरिए उनकी गतिविधियों का पता लगाया और सभी सुराग जुटाए. इसके आधार पर पुलिस ने उन्हें पंजाब के फरीदकोट से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों के पास से एक कार भी बरामद की है. पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों में से एक गुरपतवंत सिंह पन्नू के संपर्क में था. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
इनपुट-PTI
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं