
Protest Against Waqf Law: वक्फ कानून के विरोध में पश्चिम बंगाल में हो रहे विरोध-प्रदर्शन और हिंसा के बीच टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है. ममता बनर्जी ने कहा, वक्फ कानून केंद्र सरकार ने बनाया है. हम वक्फ को बंगाल में लागू नहीं करने देंगे. हम इस कानून का समर्थन नहीं करते. मुर्शिदाबाद हिंसा (Murshidabad Violence) पर ममता बनर्जी ने लोगों से शांति की अपील की है. उन्होंने कहा कि इस कानून को केंद्र सरकार ने बनाया है. जवाब उससे ही मांगा जाना चाहिए.
हर जान कीमती, राजनीति के लिए दंगे न भड़काएंः ममता
मुर्शिदाबाद में हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, “सभी धर्मों के लोगों से मेरी विनम्र अपील है कि कृपया शांत रहें, संयमित रहें. धर्म के नाम पर किसी भी अधार्मिक गतिविधि में शामिल न हों. हर इंसान की जान कीमती है; राजनीति के लिए दंगे न भड़काएं. जो लोग दंगे भड़का रहे हैं, वे समाज को नुकसान पहुंचा रहे हैं.”
हम वक्फ कानून का समर्थन नहीं करते, इसे राज्य में लागू नहीं करने देंगेः ममता
मुख्यमंत्री ने कहा, “याद रखें, हमने वह कानून नहीं बनाया, जिस पर बहुत से लोग भड़के हुए हैं. यह कानून केंद्र सरकार ने बनाया है. इसलिए आप जो जवाब चाहते हैं, वह केंद्र सरकार से मांगना चाहिए.” उन्होंने पूछा, “हमने इस मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है - हम इस कानून का समर्थन नहीं करते. यह कानून हमारे राज्य में लागू नहीं होगा. तो दंगा किसलिए.”
दंगा भड़काने वालों के खिलाफ की जाएगी कानूनी कार्रवाई
बनर्जी ने कहा कि दंगा भड़काने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा, “हम किसी भी हिंसक गतिविधि का समर्थन नहीं करते. कुछ राजनीतिक दल राजनीतिक लाभ के लिए धर्म का दुरुपयोग करने की कोशिश कर रहे हैं. उनके बहकावे में न आएं.”
সবার কাছে আবেদন
— Mamata Banerjee (@MamataOfficial) April 12, 2025
সব ধর্মের সকল মানুষের কাছে আমার একান্ত আবেদন, আপনারা দয়া করে শান্ত থাকুন, সংযত থাকুন। ধর্মের নামে কোনো অ-ধার্মিক আচরণ করবেন না। প্রত্যেক মানুষের প্রাণই মূল্যবান, রাজনীতির স্বার্থে দাঙ্গা লাগাবেন না। দাঙ্গা যারা করছেন তারা সমাজের ক্ষতি করছেন।
মনে রাখবেন, যে…
ममता बनर्जी ने सभी से की शांति-सद्भाव बनाए रखने की अपील
ममता बनर्जी ने आगे कहा, “मुझे लगता है कि धर्म का मतलब मानवता, सद्भावना, सभ्यता और सद्भाव है. मैं सभी से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील करती हूं.” मालूम हो कि मुर्शिदाबाद में वक्फ कानून के विरोध में बीते एक सप्ताह में दो बार हिंसा भड़क चुकी है. जिसको लेकर भाजपा ने ममता बनर्जी पर निशाना साधा है.
यह भी पढ़ें - वक्फ कानून का विरोध: मुर्शिदाबाद में फिर भड़की हिंसा, प्रदर्शनकारियों ने बरसाए पत्थर, कई पुलिस जवान घायल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं