- असम के चिरांग जिले में भारत-भूटान सीमा पर अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान गिरफ्तारी पर विवाद हो गया
- हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई की मांग करते हुए प्रदर्शनकारियों ने वन विभाग कार्यालय का घेराव किया
- लाठीचार्ज में महिला के घायल होने से भीड़ भड़क उठी. पथराव के बाद पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी
असम के चिरांग जिले में भारत-भूटान सीमा पर अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान शुरू हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया है. शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन प्रदर्शन हुए. भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया. इसमें कई पुलिसकर्मियों को चोटें आईं. हालात बेकाबू होते देख पुलिस को कथित रूप से फायरिंग करनी पड़ी. इसमें कई लोगों के घायल होने की खबर है.
वन विभाग के दफ्तर का घेराव
विवाद की शुरुआत असम के चिरांग के रूनीखाता वन क्षेत्र कार्यालय में प्रदर्शन के दौरान हुई. वन विभाग की तरफ से आरक्षित वन भूमि पर अतिक्रमण के आरोप में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया था. इनकी रिहाई की मांग करते हुए गुरुवार देर रात बड़ी संख्या में ग्रामीण कार्यालय परिसर में इकट्ठा हो गए और घेराव शुरू कर दिया.
लाठीचार्ज में महिला घायल
प्रदर्शनकारियों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी थीं. विरोध प्रदर्शन देखते ही देखते बेकाबू होने लगा. भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वन कर्मियों को लाठीचार्ज करना पड़ा. लाठीचार्ज में एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई. इसकी खबर फैलते ही भीड़ भड़क उठी.
देखें- "परिसीमन से बंगाल, असम और बिहार को होगा फायदा", बंगाल में ममता बनर्जी पर जमकर बरसे असम सीएम
लोगों ने प्रशासन पर लगाए आरोप
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वो लोग शांतिपूर्ण तरीके से अपने लोगों की रिहाई की मांग उठा रहे थे, लेकिन प्रशासन ने उनके खिलाफ बल प्रयोग किया. मौके पर तनावपूर्ण हालात को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है. युवती के घायल होने की खबर इलाके में जंगल की आग की तरह फैल गई.
पहले पथराव, फिर फायरिंग
गुरुवार की सुबह बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी फिर से वन क्षेत्र कार्यालय पर इकट्ठा हो गए. ग्रामीणों और सुरक्षा बलों के बीच कहासुनी के बाद भिड़ंत हो गई. बताया जा रहा है कि भीड़ की तरफ से पत्थर भी फेंके गए, जिनमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. स्थिति को बेकाबू होते देख सुरक्षा बलों ने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी. इस कार्रवाई में कई लोगों के घायल होने की सूचना है.
इलाके में तनाव, सुरक्षा बल तैनात
इस घटना के बाद पूरे सीमावर्ती इलाके में तनाव का माहौल है. अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बल प्रयोग करना जरूरी हो गया था. फिलहाल चिरांग के इस इलाके में हालात संवेदनशील बने हुए हैं. इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है. लोगों से शांति की अपील की जा रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं