असम के घने जंगलों में एक प्रकार के छोटे कीट की एक प्रजाति खोजी गई है. यह माइक्रो मॉथ असम के होलोंगापार गिब्बन अभयारण्य में पाया गया है. सुनहरे रंग ने इस बेहद छोटे पतंगे ने असम की जैव विविधता को एक नई वैज्ञानिक पहचान दे दी है. यह खोज बेहद खास है क्योंकि करीब 100 साल बाद भारत के सेज मॉथ परिवार में पहली बार कोई नई प्रजाति जुड़ी है. इस प्रजाति का नाम Glyphipterix brevimucronata रखा गया है. खुद असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने इस खुशखबरी को शेयर किया है.
सीएम सरमा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "प्रकृति प्रेमियों के लिए बहुत अच्छी खबर है! असम एक बार फिर सुर्खियों में है, क्योंकि होलोंगापार गिब्बन अभयारण्य के पास एक नई 'माइक्रो मॉथ' (छोटी पतंगे) प्रजाति खोजी गई है."
उन्होंने बताया कि इस प्रजाति का नाम Glyphipterix brevimucronata रखा गया है. करीब 100 साल बाद भारत के सेज मॉथ परिवार में ये पहली नई प्रजाति है. सीएम सरमा ने ये भी कहा कि जोरहाट जिले के इस अभयारण्य में हुई ये खोज "एक और याद दिलाती है कि असम की प्राकृतिक दुनिया में अभी भी कई दिलचस्प रहस्य छिपे हैं, जिनकी खोज बाकी है."
Wonderful news for nature lovers! Assam is once again making headlines with the discovery of a new micro moth species near Hollongapar Gibbon Sanctuary. Named Glyphipterix brevimucronata, this discovery marks India's first addition to the sedge moth family in nearly a century. Another reminder that Assam's natural world still holds so many fascinating secrets waiting to be discovered.
— Himanta Biswa Sarma (@himantabiswa) November 20, 2026
इतना छोटा कि उंगली पर भी नजर न आए
यह प्रजाती जोरहाट जिले के मरियानी के पास मिली थी. इसे 2 अक्टूबर 2025 को फील्ड सर्वे के दौरान 141 मीटर की ऊंचाई पर इकट्ठा किया गया था. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस पतंगे के पंखों का फैलाव सिर्फ 6.5 मिलीमीटर है. यानी चावल के एक दाने के बराबर इसका आकार है. इसे नंगी आंखों से देखना मुश्किल है, ये उड़ती हुई एक छोटी सी बिंदु जैसी लगेगी.
इसके आगे वाले पंख भूरे रंग के हैं, जिन पर पीली-सी धातु जैसी चमक है और सफेद निशान भी हैं. ये खोज ICAR-भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI), असम के किशोर चंद्र साहू ने की है. इस पर रिसर्च पेपर अंतरराष्ट्रीय जर्नल Zootaxa में छपा है. फील्ड सर्वे में ICAR-IARI के वैज्ञानिक डॉ. अभिजीत के. पी. और स्थानीय गाइड जयंता ज्योति सरमा ने मदद की थी. शोधकर्ताओं ने इसके शारीरिक लक्षणों और नर की प्रजनन संरचना की बारीकी से जांच करके इस प्रजाति की पहचान की.
यह भी पढ़ें | 7 घंटे मां से बिछड़ा रहा हाथी का बच्चा, फिर वन विभाग ने कराया मिलन, Video देख लोग बोले- मां की ममता सबसे अनमोल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं